आइडिया आपका, फंड सरकार का: जीईसी किशनगंज के 'स्टार्टअप बूटकैंप' में उमड़ा युवा जोश
किशनगंज जिला में युवाओं में उद्यमिता की अलख जगाने और जमीनी स्तर पर नवाचार को पंख देने के उद्देश्य से राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय किशनगंज में उद्योग विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में 'स्टार्टअप बिहार आइडिया बूटकैंप' का भव्य आयोजन हुआ। बिहार के सभी 38 जिलों में एक साथ आयोजित इस राज्यव्यापी अभियान के तहत कॉलेज परिसर में विद्यार्थियों ने अपने बिजनेस मॉडल्स को लेकर खासा उत्साह दिखाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके उपरांत प्राचार्य प्रो. (डॉ.) भगवान श्री राम ने जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री सचिन कुमार को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सत्र को संबोधित करते हुए अतिथियों ने बिहार स्टार्टअप नीति के तहत मिलने वाले बड़े वित्तीय लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चयनित स्टार्टअप्स को 10 वर्षों के लिए 0% ब्याज दर (ब्याज मुक्त) पर 25 लाख रुपये तक का सीड फंड प्रदान किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं, दिव्यांगों तथा एससी/एसटी वर्ग के उद्यमियों को अतिरिक्त प्रोत्साहन अनुदान, फ्री इनक्यूबेशन की सुविधा, तकनीकी विशेषज्ञों से मेंटरशिप, पेटेंट सहायता और बाजार पहुंच के लिए विशेष वित्तीय सहायता भी दी जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्राचार्य प्रो. (डॉ.) भगवान श्री राम ने छात्रों को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार प्रदाता बनने का संदेश दिया। महाप्रबंधक श्री सचिन कुमार ने सरकारी योजनाओं और 25 लाख तक के ब्याज मुक्त सीड फंड की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। स्टार्टअप सेल के फैकल्टी इन-चार्ज देवा नंद पटेल ने छात्रों को शोध और तकनीकी प्रोटोटाइप विकास से संबंधित सुझाव दिए। जिला समन्वयक मो. माहिन रजा ने आइडिया वैलिडेशन, पंजीकरण और जिला स्तर पर स्टार्टअप हैंडहोल्डिंग की पूरी प्रक्रिया समझाई। प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार ने बिजनेस मॉडल, बाजार पहुंच और कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। वहीं सहायक प्राध्यापक प्रो. (डॉ.) सुमित राज ने अकादमिक सिद्धांतों को व्यावहारिक बिजनेस सॉल्यूशंस में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की सफलता में कॉलेज के प्रयोगशाला सहायकों लवकुश कुमार, ब्यूटी कुमारी और तमन्ना परवीन ने तकनीकी व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला। वहीं छात्र प्रतिनिधि निक्की कुमारी, रिशु कुमारी, दीप राज और रौशन राज ने समन्वय की कमान संभाली। #viralreels #viralreelschallenge #viralchallenge #viralpost #videogames #2026Goals #Vacaciones #newyork #BIG_BREAKING