किशनगंज जिला मुख्यालय में आज दिनांक 03.10.2026 को अपर समाहर्ता ,विभागीय जांच गिरिजेश कुमार की अध्यक्षता में विधान परिषद के (कोशी स्नातक) द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के निमित्त सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन महानंदा सभागार, किशनगंज में किया गया ।
प्रशिक्षण के दौरान बिहार विधान परिषद् के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिहार विधान परिषद् के 06-कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 हेतु निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित है। निर्वाचन की अधिसूचना दिनांक 29.09.2026 को जारी की गई है। नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 06.10.2026, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की तिथि 07.10.2026 तथा अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 09.10.2026 निर्धारित है।
मतदान दिनांक 23.10.2026 को पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा। मतगणना दिनांक 27.10.2026 को की जाएगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया दिनांक 31.10.2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी।
किशनगंज जिलान्तर्गत मतदान केन्द्र क्रमशः प्रखंड विकास पदाधिकारी, टेढ़ागाछ का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, बहादुरगंज का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, दिघलबैंक का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, ठाकुरगंज का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पोठिया का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कोचाधामन का कार्यालय वेश्म, प्रखंड विकास पदाधिकारी, किशनगंज का कार्यालय वेश्म तथा अनुमंडल दंडाधिकारी, किशनगंज के न्यायालय वेश्म में बनाए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि निर्वाचन को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं मतदान कर्मियों को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया एवं आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बताया गया कि इस निर्वाचन में मतदान प्रक्रिया सामान्य लोकसभा/विधानसभा निर्वाचन से भिन्न होगी। मतदान एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत अधिमान क्रम में होगा तथा ईवीएम के स्थान पर मतपेटी एवं मतपत्र का उपयोग किया जाएगा। मतदान के दौरान मॉक पोल का प्रावधान नहीं है तथा मतपत्र में NOTA का प्रावधान भी नहीं रखा गया है।
निर्वाचक को मत अंकित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी स्केच पेन का ही उपयोग करना होगा। किसी अन्य कलम अथवा मुहर का प्रयोग करने पर मतपत्र अमान्य माना जा सकता है। मतदान केन्द्र पर मतदान हेतु निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वाचक की पहचान, निर्वाचक सूची में आवश्यक अंकन तथा अमिट स्याही लगाने के बाद मतपत्र उपलब्ध कराया जाएगा।
मतदान केन्द्र में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। इनमें मतदाता, मतदान पदाधिकारी, उम्मीदवार अथवा प्रत्येक उम्मीदवार का एक मतदान अभिकर्त्ता, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत व्यक्ति, ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी तथा निर्धारित श्रेणी के सहायक शामिल हैं।
मतदाता की पहचान हेतु वैकल्पिक दस्तावेजों की सूची निम्नलिखित हैं:-
आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट,
सरकारी/सार्वजनिक उपक्रम/स्थानीय निकाय अथवा अन्य संस्थाओं द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र,
सांसद/विधायक/पार्षद को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी मूल डिग्री/डिप्लोमा प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा यू.डी.आई.डी. कार्ड , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्रालय, भारत सरकार।
किशनगंज जिलान्तर्गत कुल 08 मतदान केन्द्र निर्धारित हैं। इन मतदान केन्द्रों पर कुल 3,554 मतदाता हैं, जिनमें 2,898 पुरुष एवं 656 महिला मतदाता शामिल हैं।
किशनगंज जिलान्तर्गत मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की संख्या निम्नवत है—
57-टेढ़ागाछ प्रखंड — पुरुष 180, महिला 34, अन्य 0, कुल 214
58-बहादुरगंज प्रखंड — पुरुष 429, महिला 92, अन्य 0, कुल 521
59-दिघलबैंक प्रखंड — पुरुष 272, महिला 51, अन्य 0, कुल 323
60-ठाकुरगंज प्रखंड — पुरुष 423, महिला 118, अन्य 0, कुल 541
61-पोठिया प्रखंड — पुरुष 285, महिला 62, अन्य 0, कुल 347
62-कोचाधामन प्रखंड — पुरुष 748, महिला 104, अन्य 0, कुल 852
63-किशनगंज प्रखंड — पुरुष 144, महिला 38, अन्य 0, कुल 182
प्रखंडों में कुल — पुरुष 2481, महिला 499, अन्य 0, कुल 2980।
अनुमंडलवार विवरण :
64-किशनगंज अनुमंडल — पुरुष 417, महिला 157, अन्य 0, कुल 574
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन पदाधिकारी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल के अध्यक्ष/ सचिव यथा भारतीय जनता पार्टी,इंडियन नेशनल कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास, लोक जनशक्ति पार्टी ,लोक समता पार्टी उपस्थित थे । #viralreels #viralreelschallenge #viralpost #viralchallenge #vacaciones #videogames #newyork #2026Goals #BIG_BREAKING
Terhagachh, Kishanganj | Oct 3, 2026