Public App Logo
Profile Picture

Vishnu Chandra Sharma

@vishnu68959
4523Followers
6Following
खरसिया के वरिष्ठ पत्रकार गोपाल नायक का आकस्मिक निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

खरसिया, 29 सितंबर 2026। खरसिया अंचल के वरिष्ठ पत्रकार गोपाल नायक का मंगलवार को हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। वे ग्राम रक्सापाली, खरसिया के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर से खरसिया अंचल सहित पूरे रायगढ़ जिले के पत्रकारिता जगत में शोक का माहौल है।

गोपाल नायक लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। उन्होंने खरसिया अंचल में अपनी निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता से अलग पहचान बनाई थी। स्थानीय जनसमस्याओं, ग्रामीण मुद्दों और जमीनी खबरों को प्रमुखता से उठाने में उनकी हमेशा अग्रणी भूमिका रही।

सहज, सरल और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी गोपाल नायक पत्रकार साथियों और क्षेत्र के लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। उनके अचानक चले जाने की खबर से हर कोई स्तब्ध है।

उनका इस तरह जाना खरसिया अंचल की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है।
इंसानियत अभी जिंदा है: रायगढ़ की मां के लिए राजधानी तक दौड़ा हेल्पिंग हैंड्स क्लब, 5 घंटे में पहुंचाया अस्पताल

रायपुर,खरसिया। मानव सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है, इस कहावत को एक बार फिर चरितार्थ किया है हेल्पिंग हैंड्स क्लब फाउंडेशन ने।

16 सितंबर को फाउंडेशन के सक्रिय सदस्य अविनाश बोस को सूचना मिली कि रायगढ़ जिले के एक गरीब परिवार की माता गंभीर रूप से बीमार हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि खाने तक के पैसे नहीं हैं, इलाज तो दूर की बात है। उनका इलाज केवल रायपुर में संभव था।

सूचना मिलते ही फाउंडेशन के सभी सदस्य मदद के लिए एकजुट हो गए।

▪️मदद की जिम्मेदारी ऐसे बंटी

- निशुल्क इलाज की व्यवस्था: प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल ने तुरंत श्री बालाजी हॉस्पिटल, मोवा, रायपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ.देवेंद्र नायक से संपर्क किया। डॉ.नायक ने मानवता दिखाते हुए मरीज का निशुल्क इलाज करने की सहमति दी।
- दवाइयों की जिम्मेदारी: प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल एवं श्रीमती बबीता अग्रवाल ने ली।
- एंबुलेंस की व्यवस्था: सदस्य श्रीमती भारती मोदी एवं उपाध्यक्ष श्रीमती ज्योति अग्रवाल ने रायगढ़ से रायपुर तक एंबुलेंस की पूरी व्यवस्था संभाली।
- रहने-खाने की व्यवस्था: सदस्य अविनाश बोस ने ली।

▪️तत्परता ऐसी कि मरीज से पहले डॉक्टर तैयार

17 सितंबर को सुबह 11 बजे मरीज को रायगढ़ हॉस्पिटल से एंबुलेंस द्वारा रायपुर के लिए रवाना किया गया। शाम 4:30 बजे एंबुलेंस श्री बालाजी हॉस्पिटल पहुंची। सराहनीय बात यह रही कि एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही हेल्पिंग हैंड्स क्लब के सदस्य और डॉ.देवेंद्र नायक की पूरी टीम अस्पताल में तैयार खड़ी थी और आते ही तुरंत इलाज शुरू कर दिया गया।

संस्था ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई जरूरतमंद मरीजों को फाउंडेशन द्वारा श्री बालाजी हॉस्पिटल भेजा गया है, जिनका डॉ.देवेंद्र नायक द्वारा निशुल्क उपचार किया गया है।

इस नेक कार्य के लिए फाउंडेशन ने श्री बालाजी हॉस्पिटल और डॉ.देवेंद्र नायक का आभार व्यक्त किया है।

फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक मनोज गोयल, प्रदेश अध्यक्ष अंकित अग्रवाल एवं सभी सदस्यों ने कहा, हमारा प्रयास रहेगा कि पैसों के अभाव में किसी की जान न जाए। हम इसी तरह जरूरतमंदों की मदद करते रहेंगे।
ग्राम कलमीपाठ में छतदार चबूतरे का लोकार्पण, लोकार्पण के साथ ही गणेश स्थापना

खरसिया। ग्राम पंचायत गांडा-बोरदी के आश्रित ग्राम कलमीपाठ में ग्रामीणों की मांग पर निर्मित छतदार चबूतरे का लोकार्पण 13 सितंबर 2026 को किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती दीपा गबेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। ग्रामीणों ने बाजे-गाजे के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया, जिसके पश्चात श्रीमती गबेल के कर-कमलों से छतदार चबूतरे का लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण के तुरंत बाद ही गांव के युवा साथियों द्वारा इसी चबूतरे पर भगवान श्री गणेश जी की मूर्ति की स्थापना की गई। वर्तमान में मोहल्ले वासियों द्वारा वहां धूमधाम से गणेश उत्सव मनाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस चबूतरे के बन जाने से सार्वजनिक कार्यक्रमों और धार्मिक आयोजनों के लिए एक स्थायी स्थान मिल गया है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती ललिता सिदार, सरपंच प्रतिनिधि श्री महारथी सिदार, उपसरपंच श्री तारालाल सिदार, समस्त पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने खरसिया के शिक्षकों को दिया शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार
▪️उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए शिक्षकों का सम्मान, नवाचारी और गतिविधि आधारित शिक्षण को मिली सराहना

रायगढ़/खरसिया। 5 सितंबर शिक्षक दिवस के अवसर पर रायगढ़ नगर निगम ऑडिटोरियम में आयोजित गरिमामय समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्तमंत्री ओपी चौधरी के कर-कमलों से विकासखंड खरसिया के चयनित शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार प्रदान किए गए।

समारोह में उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया जिन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ शिक्षण को सरल, प्रभावी और रुचिकर बनाने के लिए निरंतर नवाचार किए हैं।

▪️पुरस्कृत शिक्षकों की सूची

🔸1. शिक्षा दूत पुरस्कार 2024-25 राशि 5000 रु. एवं प्रशस्ति पत्र

- श्रीमती गीता जायसवाल, सहायक शिक्षक, शास. प्रा. शाला खरसिया
- रामकृष्ण साहू, प्रधान पाठक, प्रा. शाला फूलबंधिया
- संजीव राठौर, सहायक शिक्षक, प्रा. शाला हालाहुली

🔸2. शिक्षा दूत पुरस्कार 2025-26 राशि 5000 रु. एवं प्रशस्ति पत्र

- श्रीमती भुनेश्वरी मंथन, प्रधान पाठक, प्रा. शाला पामगढ़
- श्रीमती कविता राठौर, प्रधान पाठक, प्रा. शाला आदर्श खरसिया
- श्रीमती सुचिता सिदार, सहायक शिक्षक, प्रा. शाला भूपदेवपुर

🔸3. ज्ञानदीप पुरस्कार 2025-26 (राशि 7000 रु. एवं प्रशस्ति पत्र)

- तुलेश्वर प्रसाद पटेल, शिक्षक, पूर्व मा. शाला बैकुंठपुर

▪️नवाचार बना सम्मान का आधार

पुरस्कृत शिक्षकों की विशेषता रही कि वे पारंपरिक शिक्षण तक सीमित न रहकर गतिविधि आधारित शिक्षण, नवाचारी सहायक शिक्षण सामग्री (TLM) और रचनात्मक माध्यमों से कठिन विषयों को सरल बनाते हैं। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष अभ्यास, दोहराव और व्यक्तिगत मार्गदर्शन पर उनका जोर रहा है।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एल.एन. पटेल एवं विकासखंड स्रोत समन्वयक प्रदीप कुमार साहू ने सभी पुरस्कृत शिक्षकों को बधाई दी और इसे पूरे विकासखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। शिक्षकों के इस सम्मान से पूरे खरसिया शिक्षा जगत में हर्ष का वातावरण है।
मानवता और वैष्णवता की शिक्षा देती है श्रीमद् भागवत कथा : आचार्य मृदुल कृष्ण जी महाराज

खरसिया। नगर के अजीत सिंह नगर, कन्या भवन के पास गर्ग परिवार (बहु झोलरी वाले) द्वारा आयोजित विशाल श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा प्रारंभ से पूर्व एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में माताओं-बहनों ने हर्षोल्लास के साथ भाग लेकर धर्ममय वातावरण बना दिया।

प्रथम दिवस की कथा का शुभारंभ करते हुए कथा व्यास परम श्रद्धेय आचार्य गोस्वामी श्री मृदुल कृष्ण जी महाराज ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का प्रत्येक प्रसंग हमें मानवता की शिक्षा देता है। हमारा जीवन किस मार्ग पर चले कि उसे अपने लक्ष्य की प्राप्ति हो, इसका बोध भागवत से ही होता है।

आचार्य श्री ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मानव को केवल मानवता ही नहीं, बल्कि मानवता के साथ-साथ वैष्णवता और भगवत्ता की शिक्षा देकर उसका सच्चा पात्र भी बनाती है।

महापुराण के महात्म्य का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि महात्म्य के प्रारंभ में ही श्री सूत जी महाराज ने श्री शुकदेव जी की वंदना करते हुए लिखा है कि शुकदेव जी ने जन्म लेते ही घर से वन की राह पकड़ ली और भगवान की आराधना में ऐसे लीन हो गए कि उन्हें भागवत और भगवान दोनों प्राप्त हो गए।

उन्होंने कहा कि शौनकादि 88 हजार ऋषियों ने सूत जी से प्रार्थना की थी कि आप हमें ऐसी कथा सुनाएं जो मानव के हृदय के अंधकार को करोड़ों सूर्यों के समान दूर कर सके। क्योंकि मानव के हृदय में इतना अंधकार है जितना कहीं नहीं है। इस पर सूत जी ने कहा कि आपका प्रश्न संसार के कल्याण के लिए है, मैं आपको ऐसी कथा सुनाऊंगा जिससे संसार से निवृत्ति और परमात्मा में प्रवृत्ति होगी, और यही मानव जीवन का परम लक्ष्य है।

कथा के दौरान "बूटी हरी के नाम की सबको पिला के पी" भजन पर पूरा पंडाल झूम उठा और श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
सत्य की जीत: शिक्षा के नायक प्रदीप कुमार साहू की बीआरसी पद पर शानदार वापसी

खरसिया, रायगढ़। खरसिया विकासखंड के शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा हमारे सबके नायक के रूप में पहचाने जाने वाले सर्वश्रेष्ठ बीआरसी प्रदीप कुमार साहू को शासन ने पुनः विकासखंड स्रोत समन्वयक का पदभार सौंप दिया है।

बताना लाजिमी होगा कि खरसिया में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे उत्कृष्ट और पारदर्शी कार्यों से कुछ शिक्षा विरोधी मानसिकता वाले लोगों को परेशानी हो रही थी। उनकी सक्रिय और ईमानदार कार्यशैली से खिन्न होकर ऐसे ही कुछ तत्वों ने द्वेषवश मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में झूठी शिकायत दर्ज कराकर उन्हें बीआरसी पद से हटवा दिया था।

परंतु सच्चाई ज्यादा दिन छिपी नहीं रही। शासन ने पूरे मामले की समीक्षा की और प्रदीप साहू जी की निष्ठा, कार्यक्षमता और शिक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए न्याय किया।

छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश क्रमांक ESTB-102(2)/565/2026/20-3, दिनांक 08/09/2026 के तहत राज्य शासन ने उन्हें प्रतिनियुक्ति पर लेते हुए तत्काल प्रभाव से विकासखण्ड स्रोत समन्वयक, समग्र शिक्षा खरसिया, जिला रायगढ़ के पद पर पदस्थ किया है।

उनकी वापसी से पूरे विकासखंड के शिक्षकों, छात्रों और पालकों में हर्ष का माहौल है। सभी ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि अब खरसिया में शिक्षा की गुणवत्ता और नवाचार को फिर से नई गति मिलेगी।
कोम्बैट खेल में छत्तीसगढ़ बना उपविजेता, 56 मेडल जीतकर किया प्रदेश का नाम रोशन

इंदौर/खरसिया। भारतीय कोम्बैट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में तीसरी राष्ट्रीय कोम्बैट मल युद्ध प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित चमेली देवी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में किया गया।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग 16 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें छत्तीसगढ़ के रायगढ़, खरसिया, सक्ती, दुर्ग, पेंड्रा, बिलासपुर, गरियाबंद और रायपुर जिलों से लगभग 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हरियाणा को मिला, जबकि उपविजेता के रूप में छत्तीसगढ़ की टीम रही।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने गी, नोगी एवं फ्री स्टाइल के डबल इवेंट में खेलते हुए कुल 22 गोल्ड, 18 सिल्वर और 16 ब्रॉन्ज- कुल 56 मेडल अपने नाम किए।

छत्तीसगढ़ टीम के ऑफिशियल के रूप में चिंतामणि चक्रधारी, उमेश साहू, रियाज खान, कमलेश यादव, देवेंद्र ढीमर, सुगंधी राठौर और देवमणि साहू शामिल रहे।

▫️ये रहे पदक विजेता खिलाड़ी:

ध्रुव चक्रधारी, रूपम राठौर, उदित साव, याज्ञवल्क्य सिंह राठौर, पुष्पराज डनसेना, दुष्यंत पटेल, आदित्य राज, प्रशांत स्वादु, प्रणय केरकेट्टा, दक्ष कुमार, विवेक पटेल, तिसना जायसवाल, अक्षत सिदार, वंश राठौर, कामेश्वर सिदार, निहाल जायसवाल, लक्ष्या कौशिक, देवा साहू, सी. ऋषभ, यामिनी धीवर, सृष्टि, सायना मेहरा, सौम्या पुरसेठ, हेमा वारेन, अंजू सिदार, जागृति खूंटे, आर्या राठौर, अंशिका राठौर, रुपाली, भूमिका यादव, रिद्धि यादव, पारुल, पूर्वी सोनवानी, सौम्या पड़वार, गरिमा, अदिति गवेल आदि ने पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
रक्षाबंधन पर दुर्ग-रायगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल पैसेंजर ट्रेन, जानें टाइमिंग

रक्षाबंधन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। 27 से 29 अगस्त 2026 तक दुर्ग और रायगढ़ के बीच रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग कुल तीन फेरे लगाएगी। इससे दुर्ग, भिलाई, रायपुर, तिल्दा, भाटापारा, बिलासपुर, चांपा, सक्ती, खरसिया और रायगढ़ समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा मिलेगी। त्योहार के दौरान भीड़ के बीच यह स्पेशल ट्रेन यात्रियों के लिए राहत का बड़ा विकल्प होगी।

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 08834 दुर्ग स्टेशन से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। ट्रेन भिलाई नगर, भिलाई पावर हाउस, भिलाई, देवबलोदा चरोदा, कुम्हारी और सरोना होते हुए 11:25 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन डब्ल्यूआरएस, उरकुरा, मांढर, सिलियारी, बैकुंठ, तिल्दा नेवरा, हथबंद और भाटापारा स्टेशनों पर रुकते हुए आगे रायगढ़ की ओर रवाना होगी। इससे इन स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

▪️बिलासपुर से रायगढ़ तक लंबा रूट, कई स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन भाटापारा से दोपहर 12:50 बजे रवाना होकर निपानिया, दागोरी, बिल्हा, चक्करभाटा और दाधापारा के रास्ते दोपहर 2:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गतौरा, जयरामनगर, अकलतरा, जांजगीर-नैला और चांपा होते हुए आगे बढ़ेगी। ट्रेन सारागांव देवरी, सक्ती, झाराडीह, खरसिया, रॉबर्टसन, भूपदेवपुर और किरोड़ीमल नगर से होकर शाम 7 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। इस रूट से सफर करने वाले यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेन का सीधा लाभ मिलेगा।

▪️रात की वापसी में भी यात्रियों को राहत

रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़ से शाम 7:40 बजे दुर्ग के लिए रवाना होगी। वापसी के दौरान ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेगी। ट्रेन रात 10:20 बजे बिलासपुर, 11:25 बजे भाटापारा और 12:40 बजे रायपुर पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह करीब 2 बजे दुर्ग स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय है। देर शाम यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह अतिरिक्त ट्रेन सुविधाजनक विकल्प बनेगी।

▪️10 कोच की होगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे के अनुसार, रक्षाबंधन पैसेंजर स्पेशल में कुल 10 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे। इनमें 8 जनरल कोच और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे। जनरल कोच होने से सामान्य यात्रियों को त्योहार के दौरान सफर के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।

▪️किन यात्रियों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा

इस स्पेशल ट्रेन का सबसे बड़ा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा, जिन्हें रक्षाबंधन के दौरान दुर्ग-रायपुर-बिलासपुर-रायगढ़ रेल सेक्शन में यात्रा करनी है। खासकर रायपुर, भाटापारा और बिलासपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। रेलवे के इस निर्णय से त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों पर बढ़ने वाले यात्री दबाव को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
परशुराम चौक के दुकानदारों ने पेश की सेवा की मिसाल, बाबाधाम जाने वाले कांवड़ियों के लिए लगाया विशाल महा-भंडारा
▪️सावन के अंतिम सोमवार पर किसी ने 50 किलो बेसन के पकौड़े, किसी ने 500 गुलाबजामुन तो किसी ने 30 किलो जलेबी बांटी, भोले के भक्तों ने दिया आशीर्वाद

खरसिया। सावन के अंतिम सोमवार पर जब बाबा धाम, घोघड़ धाम, तुर्री धाम और पुरी जाने वाले शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा तो परशुराम चौक के विक्रेताओं ने एकजुट होकर सेवा और श्रद्धा की अनूठी मिसाल पेश की।

चौक के सभी दुकानदारों ने आपसी सहयोग से विशाल महा भंडारे का आयोजन किया। भंडारे में किसी दुकानदार ने 500 गुलाबजामुन का योगदान दिया, तो किसी ने 30 किलो जलेबी बनवाई। किसी ने 800 केले वितरित किए, तो किसी ने 50 किलो बेसन के पकौड़े तलकर खिलाए।

भक्तों की प्यास बुझाने के लिए हजारों पानी पाउच 500 समोसे और बिस्किट के सैकड़ों पैकेट भी सेवा भाव से बांटे गए।

भंडारे में शरीक हुए कांवड़ियों ने परशुराम चौक के दुकानदारों को दिल से आशीर्वाद दिया और कहा कि व्यापार के साथ-साथ धर्म और सेवा का यह भाव ही खरसिया की पहचान है।

हरहर महादेव के जयघोष के साथ भंडारा दोपहर तक चलता रहा। आयोजन को लेकर दुकानदारों में भारी उत्साह रहा। व्यापारियों ने कहा कि यह केवल भंडारा नहीं, बल्कि भोले बाबा की सेवा है। भगवान भोलेनाथ की कृपा रही तो यह सेवा हर सावन में और भी बड़े रूप में निरंतर जारी रहेगी।
हेल्पिंग हैंड्स महिला विंग का पहला कार्यक्रम संपन्न: "एक पेड़ मां के नाम" से दी पर्यावरण और नारी शक्ति की पहचान
▪️श्रीरामजानकी मंदिर प्रांगण में पौधारोपण के साथ शुरू हुई सेवा की नई पहल, गणमान्यों ने बढ़ाया हौसला

खरसिया। सेवा और समाज के प्रति समर्पण का नया उदाहरण पेश करते हुए हेल्पिंग हैंड्स महिला विंग का पहला कार्यक्रम 20 अगस्त को श्रीरामजानकी मंदिर प्रांगण में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इस कार्यक्रम की विषय-वस्तु थी- एक पेड़ मां के नाम। महिला सदस्यों ने समाज को पर्यावरण संरक्षण और मातृत्व का खूबसूरत संदेश देते हुए पौधे लगाए। हर पौधे के साथ एक मां की ममता और प्रकृति के प्रति संकल्प जुड़ा हुआ था।
 
कार्यक्रम में एसडीओपी सतीश भार्गव, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, नगर पालिका उपाध्यक्ष अवधनारायण बंटी सोनी, हेल्पिंग हैंड्स क्लब के संरक्षक मनोज गोयल, संस्थापक अध्यक्ष अंकित अग्रवाल और ब्रम्हकुमारी बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

एसडीओपी सतीश भार्गव ने कहा - मैं काफी समय से हेल्पिंग हैंड्स के सेवा कार्यों की प्रशंसा सुनता आया हूं। आज इस पुनीत कार्य में शामिल होकर गर्व महसूस हो रहा है। आपके सेवा कार्यों से समाज को प्रेरणा मिलती है।

नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग ने महिला विंग का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।  
नगर पालिका उपाध्यक्ष बंटी सोनी ने कहा - प्रदेश स्तर पर समाजसेवी संगठनों में हेल्पिंग हैंड्स का नाम सबसे ऊपर है। गर्व की बात है कि इस क्लब की मातृभूमि खरसिया है। अब महिला विंग के कर्मठ सदस्यों के जुड़ने से हेल्पिंग हैंड्स का नाम पूरे देश में गूंजेगा।

कार्यक्रम में महिला विंग की अध्यक्ष आशा अग्रवाल, उपाध्यक्ष रजनी-संजय अग्रवाल, सचिव रजनी-संतोष अग्रवाल के नेतृत्व में सरिता अग्रवाल, ममता बोंदिया, सीमा अग्रवाल, मंजू बंसल, बबीता अग्रवाल, सपना अग्रवाल सहित सभी सदस्याएं पूरी ऊर्जा के साथ शामिल हुईं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि पर्यावरण बचाने और समाज सेवा के हर कार्य में महिलाएं आगे रहेंगी।
हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा दर्रामुड़ा से कोसमनारा का मार्ग, भव्य कांवड़ यात्रा संपन्न
▪️सावन के तीसरे सोमवार को शिवभक्तों ने किया जलाभिषेक, मांड नदी से बाबा धाम तक उमड़ा आस्था का सैलाब

खरसिया। सावन मास के पावन अवसर पर खरसिया के ग्राम दर्रामुड़ा से कोसमनारा बाबा धाम तक निकली चतुर्थ भव्य कांवड़ यात्रा–2026 सोमवार को विधिवत जलाभिषेक के साथ संपन्न हुई। 

▪️मांड नदी से हुई यात्रा की शुरुआत

यात्रा का शुभारंभ 16 अगस्त की शाम करीब 5 बजे मांड नदी के तट पर विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। यहां कांवड़ में पवित्र जल भरने के बाद शिवभक्तों का जत्था "बोल बम, हर-हर महादेव" के नारों के साथ दर्रामुड़ा से कोसमनारा बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। भक्ति गीतों और डीजे की धुन पर शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।

यात्रा का मार्ग सारडा कंपनी गेट बिंजकोट, गिंडोला, नहरपाली, सिंघनपुर, रामझरना, बिलासपुर, भूपदेवपुर, केराझर, परसदा, चिराईपानी, पतरापाली, ढिमरापुर चौक और कोतरा रोड रायगढ़ ओवरब्रिज होते हुए कोसमनारा बाबा धाम तक रहा।

▪️कोसमनारा धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

17 अगस्त, सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ यात्री कोसमनारा बाबा धाम पहुंचे। यहां सत्यनारायण बाबा जी के सानिध्य में समस्त युवाओं सहित हजारों श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जलाभिषेक किया और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। तीसरे सोमवार होने के कारण बाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

▪️रास्तेभर रही जलपान-भोजन की व्यवस्था

आयोजन समिति द्वारा यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए रास्तेभर भोजन, चाय-बिस्किट, केला और पानी की व्यवस्था की गई थी। यात्रा समाप्ति के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए वाहनों की व्यवस्था भी की गई।

▪️एक सप्ताह से चल रही थी तैयारियां

ग्राम दर्रामुड़ा की समस्त युवा समिति और ग्रामवासियों द्वारा इस चतुर्थ कांवड़ यात्रा की तैयारियां करीब एक सप्ताह पहले से की जा रही थीं। पूजा से लेकर मार्ग, जलपान और वापसी तक सभी व्यवस्थाएं समिति के सहयोग से संपन्न हुईं।

▪️आयोजकों ने जताया आभार

यात्रा सफल होने पर आयोजक समिति ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि भोलेनाथ की कृपा से अगले वर्ष भी इसी श्रद्धा और उत्साह के साथ कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि🙏🏻
रायगढ़ में संपन्न हुई दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कॉम्बैट प्रतियोगिता, 10 जिलों के 120 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
▪️विजेताओं का चयन इंदौर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ

रायगढ़। छत्तीसगढ़ कॉम्बैट स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित दूसरी छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय कॉम्बैट प्रतियोगिता का समापन दिल्ली पब्लिक स्कूल, रायगढ़ में हुआ। 

प्रतियोगिता में रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़, कोरबा, जशपुर, जांजगीर, बिलासपुर, पेंड्रा, दुर्ग सहित 10 जिलों के लगभग 120 खिलाड़ियों ने विभिन्न वजन वर्गों में हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायगढ़ यातायात प्रभारी रोहित कुमार बंजारे और दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्राचार्य उपस्थित रहे। श्री बंजारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना के साथ खेलने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। 

▪️इंदौर में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी अब इंदौर में आयोजित होने वाली तीसरी राष्ट्रीय कॉम्बैट प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

▪️आयोजन समिति ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता को सफल बनाने में अध्यक्ष उमेश कुमार साहू, सचिव चिंतामणि चक्रधारी, टेक्निकल डायरेक्टर कमलेश यादव, राहुल डहरिया, सुगंधी राठौर, दीप्ति साहू, नंदिनी निर्मलकर, हिमांशु मानिकपुरी सहित समस्त पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
'वंदे मातरम' के 150 वर्ष और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया में आन-बान-शान से निकली भव्य तिरंगा-यात्रा
▪️एनसीसी कैडेट्स की अगुवाई में हजारों देशभक्तों ने लहराया तिरंगा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

खरसिया। 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया की धरती आज देशभक्ति के रंग में रंग गई। आन, बान और शान के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के जज्बे से भर दिया।

नवीन स्कूल से शुरू होकर टाउनहॉल मैदान में संपन्न हुई इस यात्रा की अगुवाई एनसीसी कैडेट्स ने की। हाथों में तिरंगा और दिलों में 'भारत माता की जय' के नारे लिए हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और आमजन यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता, छाया विधायक महेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, गोपाल शर्मा, एसडीएम, एसडीओपी भार्गव, बीईओ एल.एन. पटेल सहित जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

▪️शहीदों की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

यात्रा में शहीद भगत सिंह सहित अन्य क्रांतिकारियों की झांकियों ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। झांकियों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं और हर किसी के दिल में 'वंदे मातरम' गूंज उठा।

▪️फूलों से सजा रास्ता, कार्पेट पर चली तिरंगा यात्रा

यात्रा जिन-जिन मार्गों से गुजरी, वहां पूरे रास्ते में कार्पेट बिछाया गया था। घरों और दुकानों की छतों से लोगों ने तिरंगा धारियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सभी सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर यात्रियों का जलपान से स्वागत किया।
थाईलैंड की अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में ऋषभ ठाकुर ने जीता कांस्य पदक, छत्तीसगढ़ एवं क्षत्रिय समाज का बढ़ाया गौरव

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नवागढ़ के होनहार युवा खिलाड़ी ऋषभ सिंह ठाकुर पिता दीपक सिंह ठाकुर ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

ऋषभ सिंह ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। विदेशी धरती पर तिरंगे का मान बढ़ाते हुए पदक जीतना उनके साथ-साथ उनके परिवार, ग्राम नवागढ़, रायगढ़ जिले और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

श्री राजपूत करणी सेना छत्तीसगढ़ (कालवी विचारधारा) के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह ने ऋषभ सिंह ठाकुर को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऋषभ की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि युवा शक्ति की मेहनत, प्रतिभा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और अपने समाज का नाम भी रोशन किया है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं छोटे क्षेत्रों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को समाज और सरकार दोनों स्तरों पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए। खेल प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर दिए जाने चाहिए।

अभिषेक कुमार सिंह ने ऋषभ सिंह ठाकुर के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि ऋषभ आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।
चैंबर प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने खरसिया-वासियों की सुविधा को लेकर चैंबर को सौंपा मांग पत्र
▪️रेलवे में लिफ्ट, एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव, स्मार्ट मीटर और जाम से निजात दिलाने की मांग

खरसिया। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी को पत्र लिखकर खरसिया व्यापारियों की 5 प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की है।

ज्ञापन में खरसिया रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाने, आजाद हिंद व साउथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का ठहराव, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक, शहर में जाम से निजात के लिए यातायात व्यवस्था सुधारने तथा आरटीओ द्वारा मालवाहक वाहनों से अनावश्यक एंट्री फीस वसूली बंद करने की मांग की गई है।

अग्रवाल ने कहा कि खरसिया व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है, अतः समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।

▪️ये हैं पत्र में उठाई गईं प्रमुख मांगें:

1.  रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट की व्यवस्था- 

खरसिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, बुजुर्गों और व्यापारियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था नहीं है। इसे तत्काल लगवाया जाए।

2.  एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव- 

खरसिया एक महत्वपूर्ण व्यापारिक नगर है और इसके आसपास कई पावर प्लांट स्थित हैं। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में उद्योग जगत के लोग आते-जाते हैं। बावजूद इसके आजाद हिंद, साउथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव खरसिया में नहीं है। इन ट्रेनों का ठहराव किया जाए।

3.  स्मार्ट मीटर पर रोक-

विद्युत विभाग द्वारा व्यापारियों के अलावा आम नागरिकों पर स्मार्ट मीटर लगाने हेतु जबरदस्ती दबाव बनाया जा रहा है। इस पर रोक लगाई जाए।

4.  यातायात व्यवस्था में सुधार-

नगर की यातायात व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण आए दिन महत्वपूर्ण सड़कों पर जाम की स्थिति बनती है। इसके लिए यातायात पुलिस की समुचित व्यवस्था की जाए।

5.  आरटीओ द्वारा अनावश्यक फीस की वसूली- 

खरसिया से रायपुर परिवहन का कार्य करने वाले व्यापारियों के मालवाहक वाहनों से आरटीओ द्वारा अनावश्यक रूप से एंट्री फीस की मांग की जा रही है। इसे बंद किया जाए।

अशोक अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि खरसिया व्यापारिक दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण नगर है। अतः उपरोक्त समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से संपर्क कर शीघ्र कार्यवाही कराई जाए।
नन्हें कंधों पर भक्ति की कांवड़, भावविभोर हुआ खरसिया
▪️गंजबाजार हनुमान मंदिर से भगत तालाब शिव मंदिर तक निकली बाल कांवड़ यात्रा, माताएं भी बनीं सहभागी

खरसिया। सावन का महीना और उसमें नन्हें-नन्हें बच्चों के कंधों पर सजी कांवड़... ये दृश्य किसी को भी मोहित कर दे। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का ऐसा संगम आज खरसिया की गलियों में देखने को मिला।

आज गंजबाजार स्थित हनुमान मंदिर से भगत तालाब स्थित शिव मंदिर तक करीब सौ नन्हें शिवभक्तों ने बाल कांवड़ यात्रा निकाली। यूं तो यह यात्रा ज्यादा लंबी नहीं थी, पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।

भगवा वस्त्र, गले में रुद्राक्ष की माला और हाथों में सजी हुई छोटी-छोटी कांवड़ लेकर बच्चे जब बोल बम... हर हर महादेव के जयकारों के साथ झूमते-गाते चले तो नगर की गलियों का पूरा माहौल शिवमय हो गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नन्हें पैर भी थिरक रहे थे।

इस यात्रा की सबसे खूबसूरत बात ये रही कि छोटे-छोटे बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए उनकी माताएं भी साथ चल रही थीं। माताओं की आंखों में अपने बच्चों के लिए गर्व और शिवजी के प्रति श्रद्धा साफ झलक रही थी।

भक्ति से सराबोर यह पूरा माहौल अविस्मरणीय रहा। राहगीर भी कुछ देर रुककर इस अनुपम दृश्य को निहारते रहे और बोल-बम के नारे लगाते बच्चों पर पुष्प वर्षा करते रहे।

सावन में शिवभक्ति का यह रूप यह संदेश दे गया कि आस्था की जड़ें कितनी गहरी हैं और आने वाली पीढ़ी भी धर्म और संस्कारों से जुड़ी हुई है।
खरसिया के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग में लहराया परचम, जीते कई स्वर्ण सहित दर्जनों पदक
▪️सेंट जॉन स्कूल के 19 खिलाड़ियों ने दिखाया दम, कोच चिंतामणी चक्रधारी और अनिल चौधरी के मार्गदर्शन में मिली सफलता

खरसिया के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सेंट जॉन इंग्लिश मीडियम स्कूल खरसिया के ग्रेपलिंग कुश्ती खिलाड़ियों ने छठी राज्य स्तरीय ग्रेपलिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।

स्कूल के कुल 19 खिलाड़ियों ने अंडर-13 से लेकर जूनियर और सीनियर वर्ग तक में भाग लिया। सभी खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी मेहनत और जज्बे का परिचय दिया।

▪️पदक विजेता खिलाड़ियों की सूची:

▫️अंडर-13 वर्ग:  
- ध्रुव चक्रधारी - 27 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- रूपम राठौर - 50 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- उदित साव - 42 किग्रा: रजत  

▫️कैडेट वर्ग:  
- पुष्पराज डनसेना - 54 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- याज्ञवल्क्य सिंह राठौर - 85 किग्रा: 2 स्वर्ण  
- दुष्यंत पटेल - 50 किग्रा: स्वर्ण  
- विवेक पटेल - 46 किग्रा: रजत + कांस्य  
- दक्ष कुमार - 46 किग्रा: कांस्य  
- प्रशांत स्वादू - 46 किग्रा: कांस्य  
- रौनक डनसेना - 50 किग्रा: रजत  

▫️जूनियर वर्ग:  
- तिष्ना जयसवाल - 77 किग्रा: स्वर्ण + रजत  
- कामेश्वर सिदार - 71 किग्रा: रजत  
- वंश राठौर - 77 किग्रा: स्वर्ण  
- आदित्य राज - 69 किग्रा: कांस्य  
- हितेश जोल्हे - 52 किग्रा: रजत  
- शिखर गवेल - रजत  
- मेधानस - स्वर्ण  
- पुलकित - स्वर्ण  
- प्रज्जवल कश्यप - स्वर्ण  

▫️बालिका वर्ग अंडर-15:  
- अंजू सिदार - स्वर्ण  
- हेमा वारेन - स्वर्ण  
- सायना - रजत  
- सौम्या - कांस्य  

▫️सीनियर महिला वर्ग:
- सुगंधी राठौर - स्वर्ण  

स्कूल के सभी खिलाड़ियों ने कोच चिंतामणी चक्रधारी और कोच अनिल चौधरी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया।

▪️विद्यालय एवं कोच ने जताई खुशी

इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। कोचों ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी खरसिया के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।
सावन के पावन दिनों में खरसिया में 5 से 12 अगस्त तक श्रीमद्भागवत कथा एवं सामूहिक रुद्राभिषेक
▪️वृंदावन से पधारेंगे कथा व्यास श्री प्रभाकरकृष्ण जी महाराज, कल गायत्री मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

खरसिया। सावन के पवित्र माह में भक्ति की गंगा में डुबकी लगाने का सुनहरा अवसर श्रद्धालुओं को मिलने जा रहा है। श्री श्याम कुटुम्ब के तत्वावधान में श्री श्याम बिहारी मंदिर, खरसिया में 05 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह एवं सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।

इस दिव्य आयोजन के कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे श्रद्धेय श्री प्रभाकर कृष्ण जी महाराज होंगे। उनके मुखारविंद से प्रतिदिन भगवान की लीलाओं का रसपान श्रद्धालु करेंगे।

▫️05 अगस्त 2026, बुधवार: गायत्री मंदिर से श्री श्याम बिहारी मंदिर तक भव्य शोभा यात्रा, देवपूजन और श्रीमद् भागवत महात्म्य की कथा  
▫️06 अगस्त: कुंती स्तुति, भीष्म स्तुति, परीक्षित जन्म कथा  
▫️07 अगस्त: विराट स्वरूप वर्णन, ध्रुव चरित्र, सती चरित्र  
▫️08 अगस्त: ध्रुव वंशावली, प्रहलाद चरित्र, राम जन्म एवं कृष्ण जन्म उत्सव  
▫️09 अगस्त: भगवान श्री कृष्ण की बाल लीला, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा  
▫️10 अगस्त: रासलीला, कंस वध, श्री कृष्ण रुक्मणी विवाह  
▫️11 अगस्त: सुदामा चरित्र, फूलों की होली, राजा परीक्षित मोक्ष  
▫️12 अगस्त: हवन एवं पूर्णाहुति के साथ समापन

▪️समय और स्थान:
- कथा समय: दोपहर 03 बजे से सायं 07 बजे तक 
- भागवत पूजन एवं रुद्राभिषेक: प्रतिदिन प्रात: 08 बजे से
- कथा स्थल: श्री श्याम बिहारी मंदिर, खरसिया

▪️संपर्क:
हरिश शर्मा: 98261 80426  
शंकर अग्रवाल: 98261 34928  
संस्थापक: मुकेश मित्तल - 94252 50296  
अध्यक्ष: विजय अग्रवाल - 94252 50433  

आयोजक श्री श्याम कुटुम्ब ने सभी धर्मप्रेमियों से निवेदन किया किया है कि परिवार सहित आकर भक्ति की गंगा में डुबकी लगाएं और पुण्य के भागी बनें।
खरसिया ब्लॉक ने रचा इतिहास: प्रयास आवासीय और NMMSE में जिले की 50% से ज्यादा सीटों पर कब्जा

विकास खण्ड खरसिया के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक उपलब्धि में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 और राष्ट्रीय साधन-सह-प्रवीण्य छात्रवृत्ति योजना NMMSE 2026 दोनों में खरसिया ब्लॉक के छात्रों ने जिले में लगभग आधी सीटें अपने नाम की हैं।

▫️1. प्रयास आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा 2026: रायगढ़ जिले की कुल 265 सीटों में से खरसिया ब्लॉक के विद्यार्थियों ने 101 सीटों पर सफलता प्राप्त की।
▫️2. NMMSE छात्रवृत्ति परीक्षा 2026: जिले के लिए आवंटित कुल 208 सीटों में से 106 सीटों पर खरसिया के छात्र सफल हुए।

इस तरह दोनों ही प्रतियोगी परीक्षाओं में खरसिया ब्लॉक ने जिले की 50 प्रतिशत से अधिक सीटों पर कब्जा जमाया।

▫️सफलता का राज: योजना बद्ध तैयारी और मार्गदर्शन
इस उपलब्धि का श्रेय विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी श्री एल.एन. पटेल के कुशल मार्गदर्शन और सतत मॉनिटरिंग को दिया जा रहा है।

बीईओ श्री पटेल ने बताया कि इसके लिए पूरे वर्ष विशेष रणनीति अपनाई गई थी। 
- प्रत्येक शनिवार को कक्षा 8वीं के विद्यार्थियों के लिए दोनों परीक्षाओं की विशेष कोचिंग कराई जाती थी। 
- साथ ही अन्य दिनों में भी स्कूलों में पाठ्यक्रम का अध्यापन इन्हीं परीक्षाओं को ध्यान में रखकर कराया गया।
- पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और तैयारी को लेकर समय-समय पर शिक्षकों और विद्यार्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

▪️शिक्षकों की मेहनत रंग लाई..

बीईओ श्री पटेल ने इस सफलता का पूरा श्रेय विकासखण्ड के मेहनती शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारी का उचित मार्गदर्शन और मैदानी स्तर पर शिक्षकों की मेहनत अत्यंत आवश्यक होती है। खरसिया के शिक्षकों ने इसे साबित कर दिखाया है।

खरसिया ब्लॉक के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे शिक्षा जगत में बीईओ श्री एल.एन. पटेल और ब्लॉक के शिक्षकों की प्रशंसा हो रही है। शिक्षा विभाग का मानना है कि यह परिणाम ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा बनेगा।
धर्म नगरी खरसिया में हर्षोल्लास से मनाया गया गुरु पूर्णिमा महोत्सव
▪️देवी संपद मंडल द्वारा रामानंद मुंशी राम शर्मा मंदिर में पूजा-अर्चना, भजन और प्रसाद वितरण

खरसिया। धर्म नगरी खरसिया में आज 29 जुलाई, बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। देवी संपद मंडल खरसिया द्वारा स्थानीय रामानंद मुंशी राम शर्मा राम मंदिर, गंज चौक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी धार्मिक आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर मंदिर प्रांगण को आकर्षक रूप से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मलीन परम पूज्य गुरुदेव महामंडलेश्वर स्वामी शारदानंद सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की गई। इसके बाद विद्वान युवा पंडित बिट्टू महाराज जी द्वारा गुरुदेव की विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।

सभी शिष्य परिवार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर गुरुदेव की पूजा की और सामूहिक आरती का आयोजन किया। आरती के पश्चात महिला मंडल द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को जलपान कराने के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

कार्यक्रम में ओमप्रकाश गोयल, अशोक अग्रवाल पत्रकार, सन्टी सोनी, कैलाश बंसल, विनोद शर्मा, प्रिंस सलूजा, नरेश गोयल, मुकेश अग्रवाल, कान्हा शर्मा, रजत शर्मा रज्जू, नीरज अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, संजय कंकरवाल, पवन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे। वहीं महिला मंडल से प्रेमा गोयल, कौशल्या देवी अग्रवाल, चमेली देवी शर्मा, सरिता शर्मा, उषा अग्रवाल, किरण देवी अग्रवाल, शशि शर्मा, श्वेता शर्मा, रुक्मणी शर्मा आदि मौजूद रहीं।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए देवी संपद मंडल के गोपाल शर्मा पत्रकार ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। सभी ने मिलजुल कर गुरु पूर्णिमा महोत्सव को यादगार बनाया।
महात्मा गांधी महाविद्यालय खरसिया की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष युवा पार्षद साहिल शर्मा 'चीनू' बने
▪️मंत्री रामविचार नेताम की अनुशंसा पर मिली जिम्मेदारी

खरसिया। महात्मा गांधी महाविद्यालय खरसिया के लिए अच्छी खबर है। कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रायगढ़ (छ.ग.) द्वारा जारी आदेश क्रमांक GENS/58639/2026-COLL RGH/अ.वि.लि./2026 दिनांक 07/2026 के अनुसार जिले के शासकीय महाविद्यालयों में जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की गई हैं।

इस आदेश में शासकीय महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरसिया जिला रायगढ़ का अध्यक्ष युवा पार्षद भाई साहिल शर्मा 'चीनू' निवासी पंजाब नेशनल बैंक के सामने, खरसिया को मनोनीत किया गया है।

यह नियुक्ति माननीय श्री रामविचार नेताम, मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन-आदिम जाति विकास, कृषि एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास विभाग द्वारा की गई अनुशंसा के आधार पर की गई है।

युवा, ऊर्जावान और समाजसेवी छवि वाले साहिल शर्मा के अध्यक्ष बनने पर क्षेत्र में खुशी की लहर है। नगरवासियों और छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

साहिल शर्मा 'चीनू' वर्तमान में युवा पार्षद के रूप में भी सक्रिय हैं और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते हैं।
भगवान स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले, खरसिया में निकली जगन्नाथ रथ यात्रा
▪️श्रीराम-जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर और मां धामा देवी मंदिर सहित कई मंदिरों से निकली भव्य शोभायात्रा

खरसिया। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन पर्व पर आज भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा स्वयं भक्तों को दर्शन देने निकले। श्रद्धा और उल्लास के साथ नगर में भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया।

रथ यात्रा की शुरुआत श्रीराम जानकी मंदिर, श्री राधाकृष्ण मंदिर, मां धामा देवी मंदिर सहित नगर के विभिन्न मंदिरों से हुई। दिव्य रथों को फूलों, पताकाओं एवं रंगीन झालरों से सजाया गया था। ढोल-नगाड़े, शंख ध्वनि एवं भजन-कीर्तन के साथ रथ आगे बढ़े तो जय जगन्नाथ के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ की पूजा-अर्चना की और रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया और बच्चों ने उत्साह पूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। भारत विकास परिषद शिवाजी शाखा द्वारा स्टेशन रोड में सभी भक्तों का मुंह मीठा करवाया गया। वहीं मंदिर समितियों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह रथयात्रा का स्वागत किया गया।

भक्तों का मानना है कि रथ यात्रा के दिन भगवान स्वयं अपने भक्तों से मिलने आते हैं। इसलिए इस दिन दर्शन मात्र से ही सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं भक्तगणों का सराहनीय सहयोग रहा।
राज्य परियोजना के 'हमारे नायक' घोषित बीआरसी प्रदीप साहू को कलेक्टर ने मूल पद पर भेजा, शिक्षा जगत में चर्चा
▪️जिले में अन्य जगहों पर भी संलग्न बीआरसी कार्यरत, खरसिया में ही आदेश पर सवाल..

खरसिया। जिला कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने संलग्नीकरण के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरसिया में बीआरसी पद पर पदस्थ प्रदीप कुमार साहू का संलग्नीकरण समाप्त कर उन्हें मूल पद पर कार्य करने का आदेश जारी किया है।

जिले में अन्य जगह भी संलग्न बीआरसी कार्यरत हैं।
उल्लेखनीय है कि रायगढ़ जिले में संलग्नीकरण के तहत लैलूंगा में अरविंद राजपूत, धर्मजयगढ़ में मनोज कुमार साहू, तमनार में जयप्रकाश साहू, पुसौर में शैलेंद्र मिश्रा एवं जिला परियोजना समन्वयक भूपेंद्र कुमार पटेल भी एपीसी पद पर लंबे समय से कार्यरत हैं। ऐसे में केवल खरसिया बीआरसी को ही मूल पद पर भेजे जाने को लेकर शिक्षा विभाग में चर्चा है।

▪️श्रेष्ठ कार्यों के लिए पहचाने जाते थे प्रदीप साहू

शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार प्रदीप कुमार साहू के कार्यकाल में खरसिया विकासखंड ने वीएसके एप्लीकेशन में उपस्थिति, यू-डाइस अपडेशन, पीजीआई रिपोर्ट, एफएलएन, नई शिक्षा नीति एवं बालवाड़ी संचालन में जिले में बेहतर प्रदर्शन किया। 
इन्हीं प्रयासों के चलते राज्य परियोजना कार्यालय द्वारा उन्हें 'हमारे नायक' के रूप में चिन्हांकित कर आदर्श बीआरसी के रूप में प्रस्तुत किया गया था।

▪️शिक्षा समिति ने पुनर्विचार की मांग की

खरसिया शिक्षा स्थाई समिति के पदेन अध्यक्ष एवं जनपद उपाध्यक्ष डॉ.हितेश गवेल ने कहा कि _"प्रदीप कुमार साहू की कार्यशैली से ही खरसिया की शिक्षा व्यवस्था सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो रही थी। मैं कलेक्टर महोदय से निवेदन करूंगा कि जनहित में उन्हें पुनः बीआरसी का दायित्व सौंपा जाए।"_

▪️कलेक्टर का पक्ष..

इस विषय पर कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि _"यह सभी बातें फोन पर नहीं हो सकतीं, सॉरी.."_
लायंस क्लब खरसिया सिटी का 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान, छात्राओं को दी पौधों की देखभाल की सीख
▪️शासकीय बालिका छात्रावास परसकोल में 51पौधे रोप कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

खरसिया। अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी संस्था लायंस क्लब खरसिया सिटी द्वारा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय बालिका छात्रावास, परसकोल परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत एम.आर. फैमिली द्वारा स्वर्गीय माता मणि देवी की स्मृति में संकल्पित 1100 पौधों के वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत छात्रावास परिसर में 51 पौधे लगाए गए। वहीं छात्राओं को पर्यावरण की जानकारीदी गई।

कार्यक्रम में छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा के लिए टी-गार्ड का उपयोग करने का आग्रह किया गया, ताकि पौधे सुरक्षित रहकर बड़े वृक्ष बन सकें।

लायन ऋषि अग्रवाल ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति लोगों में जनजागरूकता बढ़ाना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। वहीं क्लब अध्यक्ष लायन संजय अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधे लगाकर उनकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा।

▪️इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में लायन ऋषि अग्रवाल, लायन संजय अग्रवाल, लायन रामनारायण सोनी, लायन सुंदरमल, राकेश गायत्री, संजय गुप्ता, संजय गुप्ता पत्रकार, प्रधान पाठक सिदार जी, छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती सरिता पटेल सहित स्कूल स्टाफ, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन लायन रामनारायण सोनी 'संटी' ने किया। अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।