Public App Logo
'वंदे मातरम' के 150 वर्ष और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया में आन-बान-शान से निकली भव्य तिरंगा-यात्रा ▪️एनसीसी कैडेट्स की अगुवाई में हजारों देशभक्तों ने लहराया तिरंगा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत खरसिया। 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूर्ण होने और 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खरसिया की धरती आज देशभक्ति के रंग में रंग गई। आन, बान और शान के साथ निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा ने पूरे नगर को राष्ट्रभक्ति के जज्बे से भर दिया। नवीन स्कूल से शुरू होकर टाउनहॉल मैदान में संपन्न हुई इस यात्रा की अगुवाई एनसीसी कैडेट्स ने की। हाथों में तिरंगा और दिलों में 'भारत माता की जय' के नारे लिए हजारों की संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण और आमजन यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरधर गुप्ता, छाया विधायक महेश साहू, नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, गोपाल शर्मा, एसडीएम, एसडीओपी भार्गव, बीईओ एल.एन. पटेल सहित जिले के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ▪️शहीदों की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र यात्रा में शहीद भगत सिंह सहित अन्य क्रांतिकारियों की झांकियों ने देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया। झांकियों को देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं और हर किसी के दिल में 'वंदे मातरम' गूंज उठा। ▪️फूलों से सजा रास्ता, कार्पेट पर चली तिरंगा यात्रा यात्रा जिन-जिन मार्गों से गुजरी, वहां पूरे रास्ते में कार्पेट बिछाया गया था। घरों और दुकानों की छतों से लोगों ने तिरंगा धारियों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। सभी सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर यात्रियों का जलपान से स्वागत किया। - Kharsia News