सेवा संकल्प अभियान के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित
..
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय विदिशा में छात्र-छात्राओं एवं अन्य लाभार्थियों को यातायात नियमों की दी जानकारी, लगभग 80 ने लिया लाभ
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने तथा परिवहन संबंधी सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से 07 अक्टूबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय महाविद्यालय विदिशा परिसर में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए गए। शिविर में जिला परिवहन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य लाभार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित वाहन संचालन तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के बारे में प्रतिभागियों को जागरूक किया गया।
शिविर में विशेष रूप से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने, दोपहिया वाहन चालकों एवं सवारों द्वारा हेलमेट का उपयोग करने तथा चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की आवश्यकता बताई गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा सड़क पर अन्य वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही लर्निंग लाइसेंस बनवाने की ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में भी प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई। आवश्यक दस्तावेज, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया तथा लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने से संबंधित विभिन्न चरणों को सरल तरीके से समझाया गया, ताकि आवेदकों को परिवहन संबंधी सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
आयोजित दोनों शिविरों में लगभग 80 लाभार्थियों ने सहभागिता करते हुए सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा लर्निंग लाइसेंस की सुविधा का लाभ लिया। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से एक ओर जहां नागरिकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर परिवहन विभाग से संबंधित सेवाओं को नागरिकों के लिए सहज, सरल एवं सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदार यातायात व्यवहार से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 7, 2026