शासकीय आईटीआई विदिशा में अंगदान संकल्प अभियान आयोजित
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), विदिशा में मंगलवार को "अंगदान संकल्प अभियान" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों एवं स्टाफ को अंगदान के प्रति जागरूक करना तथा समाज में इस विषय पर सकारात्मक सोच का प्रसार करना था। कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप बाल्मीकि एवं डॉ. अभिनीत सिंह यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को अंगदान के महत्व, इसके सामाजिक एवं मानवीय पक्ष तथा अंगदान की प्रक्रिया संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की। अपने उद्बोधन में विशेषज्ञों ने बताया कि अंगदान किसी व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है और इस पुनीत कार्य के माध्यम से कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने उपस्थितजनों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अंगदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के समस्त स्टाफ एवं प्रशिक्षणार्थियों ने अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने तथा अंगदान हेतु संकल्प लिया। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने इस जनहितकारी अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का समापन अंगदान जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। #vidisha
8 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 6, 2026