औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत सांदीपनि स्कूल बरईपुरा के विद्यार्थियों ने किया शासकीय आईटीआई विदिशा का भ्रमण
..
औद्योगिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत सांदीपनि स्कूल, बरईपुरा के विद्यार्थियों ने शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, विदिशा का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण के महत्व तथा रोजगार के अवसरों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर संस्था की प्राचार्या सुश्री कविता रघुवंशी द्वारा विद्यार्थियों से संवाद करते हुए वर्तमान समय में व्यावसायिक प्रशिक्षण की आवश्यकता एवं इसके महत्व पर चर्चा की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा का चयन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण अधीक्षक श्री मोहित राजपूत द्वारा संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों, उनके उपयोगिता क्षेत्र एवं आईटीआई में प्रवेश की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। वहीं प्रशिक्षण अधिकारी श्री महेंद्र रघुवंशी द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत उपलब्ध रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों एवं कार्यशालाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को समझा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ कौशल आधारित एवं रोजगारपरक शिक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। #vidisha