सेवा संकल्प अभियान के तहत होमगार्ड कार्यालय में आयुष विभाग का स्वास्थ्य शिविर
..
अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण, आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति से दिया चिकित्सकीय परामर्श
..
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयुष विभाग द्वारा जिला होमगार्ड कार्यालय विदिशा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया था। शिविर में होमगार्ड, एसडीईआरएफ, नागरिक सुरक्षा, आपदा मित्र एवं सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स सहित 100 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके पश्चात चिकित्सकों द्वारा आयुर्वेद एवं होम्योपैथी पद्धति से उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करने के साथ ही जरूरत के अनुसार औषधियों का वितरण भी किया गया।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने किया प्रेरित -
आयुष विभाग के चिकित्सकों ने शिविर में स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर जानकारी देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान, नियमित योग और व्यायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही Habuild लिंक के माध्यम से योग एवं व्यायाम संबंधी गतिविधियों से जुड़ने की जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने घर में सामान्य रूप से उपलब्ध मसालों के उचित एवं स्वास्थ्यवर्धक उपयोग के बारे में भी उपयोगी जानकारी साझा की। शिविर में आयुष विभाग की ओर से डॉ. अर्चना सिंह, डॉ. जयबाबू अहिरवार, डॉ. शैली सिंघई एवं डॉ. नीलिमा सिंह सहित चिकित्सकीय एवं सहयोगी स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने उपस्थित प्रतिभागियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझते हुए आवश्यक परामर्श दिया तथा आयुष पद्धतियों के माध्यम से स्वास्थ्य संरक्षण के उपायों की जानकारी दी।
होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया लाभ
स्वास्थ्य शिविर के दौरान डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ श्री मयंक कुमार जैन, कंपनी कमांडर श्री देवी सिंह परते, प्लाटून कमांडर सुश्री रश्मि दुबे, एएसआई श्री लक्ष्मी नारायण विश्वकर्मा, आरक्षक श्री रोहित भारती, सहायक ग्रेड-3 श्री यासिर खान एवं श्री बासुदेव सहित होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर में अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञसाओ का समाधान प्राप्त किया है। आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले होमगार्ड, एसडीईआरएफ एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े कर्मियों के लिए आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही नियमित स्वास्थ्य देखभाल एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीईआरएफ श्री मयंक कुमार जैन ने स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ के प्रति आभार व्यक्त किया है। #vidisha