Public App Logo
Profile Picture

The Hardoi Samachar

@thehardoisamachar
829Followers
0Following
जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं 107 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने कुल 107 शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करने के साथ ही नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आशुतोष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
हरदोई में सीडीओ ने बावन में विकास कार्यों का किया आकस्मिक निरीक्षण, एमडीएम शेड और अमृत सरोवर की गुणवत्ता पर दिए निर्देश

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार को विकास खंड बावन की ग्राम पंचायत बावन में वीबीजी-राम जी योजना के अंतर्गत कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय बावन में 6.08 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन एमडीएम शेड/किचेन शेड का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान नींव का कार्य गतिमान मिला तथा सभी पिलर खड़े किए जा चुके थे। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग एक सप्ताह में पूर्ण करा लिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव शत्रुधन सिंह तथा प्रशासक को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय में स्थित लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में लाइब्रेरी का बच्चों के पठन-पाठन के लिए नियमित उपयोग होता हुआ प्रतीत नहीं हुआ। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रधानाध्यापक भानू प्रताप सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा लाइब्रेरी का नियमित एवं विधिवत संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

विद्यालय की पुताई भी काफी समय से नहीं कराए जाने पर तत्काल पुताई कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि 15 दिन बाद विद्यालय का पुनः निरीक्षण कराया जाएगा। कमियां पाए जाने पर संबंधित उत्तरदायी कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने वीबीजी-राम जी योजना के अंतर्गत लगभग 39.68 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर ‘तारा तालाब’ का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। मौके पर तालाब की बाउंड्रीवाल और तार फेंसिंग का कार्य प्रगति पर मिला। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य लगभग एक माह में पूर्ण करा लिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने अमृत सरोवर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण निर्धारित समय में पूरा कराने के साथ ही जनसामान्य की सुविधा के लिए बेंच एवं सोलर लाइट लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब परिसर में कैमरे लगवाने के भी निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, खंड शिक्षा अधिकारी बावन राकेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत प्रदीप कुमार तथा अवर अभियंता बावन प्रदीप परासर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, स्वच्छता और जागरूकता पर दिया जोर

हरदोई। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का औपचारिक शुभारंभ गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्रा ‘मधुर’ ने अभियान से संबंधित जागरूकता पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

नगर पालिका अध्यक्ष ने जनमानस से संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जागरूक रहने और अपने आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों के भीतर जलभराव न होने दें और बुखार आने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर जांच कराएं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों और नागरिकों को संचारी रोगों की रोकथाम तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की शपथ भी दिलाई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पाण्डेय ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान वर्ष 2017 से लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश और जनपद स्तर पर संचारी रोगों के नियंत्रण में इस अभियान से प्रभावी सफलता मिली है। 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान में स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज, नगर विकास, शिक्षा, पशुपालन सहित कुल 11 विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे। स्वास्थ्य विभाग अभियान का नोडल विभाग रहेगा।

कार्यक्रम के नोडल उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही बुखार के मरीजों, टीबी के लक्षण वाले व्यक्तियों, कुपोषित बच्चों तथा फाइलेरिया, स्क्रब टाइफस, लेप्टोस्पायरोसिस और कुष्ठ रोग के लक्षण वाले मरीजों की पहचान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिन घरों में मच्छर का लार्वा पाया जाएगा, उनका चिन्हीकरण कर सूचना ब्लॉक और जिला मुख्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे जिलाधिकारी, बुजुर्गों को किया सम्मानित

हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से वयोश्रेष्ठ मन्दिरम वृद्धाश्रम, अल्लीपुर में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।

वृद्धाश्रम सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को कपड़े, मिष्ठान और फल वितरित कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद लिया। वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें सभी वृद्धजनों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठजनों के बीच आकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई है। उन्होंने सभी वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सुझावों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों से नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाए तथा उन्हें शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वृद्धजनों से अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करने की अपेक्षा की।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, डीसी मनरेगा सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार, खंड विकास अधिकारी बावन रामप्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मान्यता प्राप्त खेल संघों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश

हरदोई। जिला खेल कार्यालय की ओर से जनपद में मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के पदाधिकारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। जिला क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा ने सभी संबंधित खेल संघों से अपनी मान्यता अथवा संबद्धता का प्रमाण पत्र जिला खेल कार्यालय में उपलब्ध कराने की अपील की है।

जिला क्रीड़ाधिकारी द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि खेल विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के साथ बेहतर समन्वय आवश्यक है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभिन्न स्तरों की खेल प्रतियोगिताओं में जिले के मान्यता प्राप्त एवं संबद्ध खेल संघों के पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाना है। इसी क्रम में जनपद हरदोई के सभी उत्तर प्रदेश ओलंपिक संघ से मान्यता अथवा संबद्धता प्राप्त जिला खेल संघों से अपना मान्यता/संबद्धता प्रमाण पत्र जिला खेल कार्यालय, हरदोई में उपलब्ध कराने को कहा गया है।

जिला क्रीड़ाधिकारी ने संबंधित खेल संघों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है, ताकि आगामी खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में विभाग और खेल संघों के बीच समुचित समन्वय स्थापित किया जा सके।
शराफत अली के बयान पर गरमाई हरदोई की सियासत, प्रेमावती वर्मा ने किया पलटवार; बोलीं- आरक्षण किसी की खैरात नहीं

हरदोई। समाजवादी पार्टी के नेता शराफत अली के जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद हरदोई की सियासत गरमा गई है। गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पीडीए सम्मेलन के दौरान शराफत अली ने आरक्षण का जिक्र करते हुए प्रेमावती वर्मा को लेकर ऐसी टिप्पणी की, जिसका वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। 

सामने आए वीडियो के संबंध में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार शराफत अली ने कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने आरक्षण में संशोधन नहीं किया होता तो प्रेमावती आज जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं बैठी होतीं, बल्कि धोबी घाट पर कपड़े साफ कर रही होतीं। इस टिप्पणी को प्रेमावती वर्मा ने अपने सामाजिक वर्ग और व्यक्तिगत पृष्ठभूमि को निशाना बनाने वाला बयान बताया है। 

बयान सामने आने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने भी कभी उनके साथ इस तरह के अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने अपने जीवन के संघर्ष का उल्लेख करते हुए बताया कि परिवार ने उन्हें पढ़ाया-लिखाया और उन्होंने शिक्षिका के रूप में कार्य किया। बाद में नौकरी से त्यागपत्र देकर राजनीति में कदम रखा। 

प्रेमावती वर्मा ने आरक्षण को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आरक्षण किसी व्यक्ति विशेष की देन या खैरात नहीं, बल्कि संवैधानिक व्यवस्था का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में प्रतिनिधित्व की व्यवस्था संविधान और उससे संबंधित प्रावधानों के तहत है। 
गौरतलब है कि शराफत अली इससे पहले भी विवादों में रह चुके हैं। जून 2026 में उनकी पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं को लेकर कथित वायरल वीडियो/ऑडियो सामने आने के बाद विवाद हुआ था। उस समय शराफत अली ने आरोपों को खारिज करते हुए वीडियो-ऑडियो को काट-छांटकर पेश किए जाने का दावा किया था। इसके बाद सपा ने हरदोई की जिला कार्यकारिणी भंग कर दी थी। 

अब जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती वर्मा के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। एक ओर शराफत अली के बयान का वीडियो राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर प्रेमावती वर्मा ने सार्वजनिक रूप से जवाब देते हुए कानूनी कार्रवाई की बात कही है। मामले में आगे पुलिस शिकायत, जांच और राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया पर नजर बनी हुई है।
शराफत अली ने गोपामऊ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पीडीए सम्मेलन में आरक्षण का जिक्र करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा को लेकर कहा था कि अगर स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने आरक्षण में संशोधन नहीं किया होता तो प्रेमावती आज जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर नहीं बैठी होतीं, बल्कि धोबी घाट पर कपड़े साफ कर रही होतीं।  
  अपनी राय कमेंट में बताएँ!
लगातार बारिश से धान की फसलें बर्बाद, किसानों के चेहरे पर मायूसी; जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग

हरदोई। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में खड़ी धान की फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

बिलग्राम तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिरनी में सैकड़ों एकड़ धान की फसल जलमग्न होने से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी के चलते गांव के खेतों में पानी भर गया है। कई खेतों में दो से तीन फीट तक पानी जमा होने की बात सामने आई है।

किसानों के मुताबिक धान की फसल लगभग तैयार थी और उन्हें अच्छी पैदावार की उम्मीद थी। लेकिन लगातार बारिश के कारण फसल पानी में डूब गई और अब सड़ने लगी है। खेतों में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। किसान अपनी आंखों के सामने मेहनत की फसल बर्बाद होते देखकर मायूस हैं।

स्थानीय किसानों ने बताया कि कई किसानों ने कर्ज लेकर धान की खेती की थी। फसल खराब होने से अब कर्ज चुकाने और परिवार का खर्च चलाने की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि पानी की अधिकता के कारण अब फसल को बचाने की कोई उम्मीद नहीं है।

पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन और बिलग्राम तहसील प्रशासन से मांग की है कि राजस्व टीम भेजकर जल्द से जल्द फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अगली फसल की तैयारी कर सकें।

अब किसानों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नुकसान का आकलन कर राहत नहीं दी गई तो उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो सकती है।
सण्डीला तहसील में हर गुरुवार सुनी जाएंगी राजस्व संबंधी शिकायतें

सण्डीला। किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की राजस्व संबंधी समस्याओं और शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए तहसील सण्डीला में प्रत्येक बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी, सण्डीला ने बताया कि प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जनपद स्तर पर जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। किसान दिवस में किसानों और भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा राजस्व विभाग से जुड़ी विभिन्न समस्याएं एवं शिकायतें भी प्रस्तुत की जाती हैं।

उन्होंने बताया कि किसान दिवस की सीमित समयावधि का काफी हिस्सा राजस्व संबंधी शिकायतों की सुनवाई में व्यतीत हो जाता है, जिससे किसान दिवस के मूल उद्देश्यों, जैसे कृषि तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई तथा अन्य विकास योजनाओं पर चर्चा आदि, प्रभावित होते हैं।

इसी को देखते हुए किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों की मांग पर तहसील स्तर पर राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए प्रत्येक बृहस्पतिवार को दोपहर 12 से 1 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

एसडीएम ने किसानों एवं भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों से निर्धारित दिवस और समय पर तहसील सण्डीला में उपस्थित होकर राजस्व विभाग से संबंधित अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जा सके।
अंशा गुप्ता ने स्कूल स्टेट जूडो प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

हरदोई। जनपद हरदोई की खिलाड़ी अंशा गुप्ता ने राज्य स्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता 20 से 23 सितंबर 2026 तक जनपद सहारनपुर में आयोजित की गई।

जिला खेल कार्यालय हरदोई की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, हरदोई स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही खिलाड़ी अंशा गुप्ता ने स्कूल स्टेट जूडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

अंशा की इस उपलब्धि पर क्रीड़ाधिकारी मंजू शर्मा, एनआईएस गौरव अवस्थी, अनुपम पाल सहित खेल परिवार के लोगों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। खेल अधिकारियों ने खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
ब्रह्मास्त्र संवाद  सप्ताहिक समाचार पत्र को पूरे उत्तर प्रदेश से संवाददाताओं की आवश्यकता है।
ब्रह्मास्त्र संवाद से जुड़ने के लिए  9214733655 पर संपर्क करें
कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन आरोपियों को पकड़ा, चांदी की पांच अंगूठियां और नकदी बरामद

हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल, चांदी की पांच अंगूठियां और 5900 रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, डी ब्लॉक कोयल बाग कॉलोनी निवासी राजकुमार चौधरी ने 18 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि 15 सितंबर की शाम उनके घर पहुंचने पर अलमारी में रखी चांदी की अंगूठी और 10 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इस संबंध में कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके अलावा 27 सितंबर को ग्राम आजाद नगर निवासी राखी पत्नी स्वर्गीय हरिपाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि 23 सितंबर की सुबह अज्ञात लोगों ने घर की अलमारी से चांदी की अंगूठियां और 5000 रुपये की नकदी चोरी कर ली। आरोपियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। इस मामले में भी कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई। बुधवार 30 सितंबर को पुलिस ने प्रकाश में आए तीन आरोपियों चांद मियां उर्फ चन्दू पुत्र शमशाद निवासी ग्राम लाइन पुरवा, करन उर्फ डमर पुत्र बहादुर शर्मा निवासी ग्राम लाइन पुरवा और यश श्रीवास्तव पुत्र पंकज श्रीवास्तव निवासी ग्राम लाइन पुरवा को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल, पांच अदद अंगूठियां (सफेद धातु) और 5900 रुपये नकद बरामद किए हैं।

कार्रवाई में कोतवाली शहर प्रभारी संजय कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक केके यादव और कांस्टेबल योगेश कुमार समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरदोई में 10 खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले, पिहानी का अतिरिक्त प्रभार अनिल झा को

हरदोई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जनपद के 10 खंड शिक्षा अधिकारियों की नवीन तैनाती एवं अतिरिक्त प्रभार के आदेश जारी किए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नवीन तैनाती अथवा अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार राजेन्द्र सिंह को भरावन, प्रभाकर सिंह तोमर को टड़ियावां, राकेश कुमार सिंह को बावन, सीमा गौतम को बेहन्दर तथा सपना रावत को नगर क्षेत्र हरदोई की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं कृष्ण कुमार त्रिपाठी को कोथावां के साथ कछौना का अतिरिक्त प्रभार, प्रियंका सिंह को संडीला तथा अनिल कुमार झा को हरियावां के साथ पिहानी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा रतन लाल को शाहाबाद के साथ टोडरपुर तथा डीएल राणा को सुरसा के साथ खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

इस फेरबदल के बाद पिहानी की खंड शिक्षा अधिकारी प्रियंका सिंह की नवीन तैनाती संडीला कर दी गई है, जबकि पिहानी का अतिरिक्त प्रभार अब हरियावां के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार झा संभालेंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी (बेसिक शिक्षा) तथा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुपालन के लिए भेजी गई है।
गांधी जयंती पर 1 से 8 अक्टूबर तक गांधी भवन में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

हरदोई। आगामी गांधी जयंती के अवसर पर स्थानीय गांधी भवन में 1 से 8 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट एवं महात्मा गांधी जनकल्याण समिति के सचिव संजय कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में समिति के विशेष पोस्टरों का लोकार्पण किया।

इस वर्ष कार्यक्रमों को बाल-केंद्रित और आकर्षक बनाने के लिए दो नई प्रतियोगिताएं ‘बेबी शो’ और ‘ट्राई साइकिल रेस’ भी शामिल की गई हैं। इन प्रतियोगिताओं से संबंधित पोस्टरों का भी नगर मजिस्ट्रेट द्वारा विमोचन किया गया।

समिति के अनुसार 1 से 8 अक्टूबर तक गांधी भवन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों, युवाओं और आमजन को महात्मा गांधी के विचारों एवं आदर्शों से जोड़ना है।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने जनपदवासियों, कलेक्ट्रेट कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों का समापन 8 अक्टूबर को गांधी भवन में होगा। इसी दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

पोस्टर लोकार्पण के अवसर पर दीनदयाल वर्मा लल्लू दादा, विजय मिश्रा, जोगिंदर गांधी, करुणा शंकर, मनीष मिश्रा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
हरदोई में NSUI ने SIR प्रक्रिया को लेकर उठाई निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग

हरदोई, 30 सितंबर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) हरदोई के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की SIR प्रक्रिया को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति महोदया को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के माध्यम से सौंपते हुए प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच और चुनावी पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

NSUI हरदोई के जिला अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश (ज्ञानू पाल) ने कहा कि लोकतंत्र की आधारशिला निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी चुनाव हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठने वाले सवालों की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी परीक्षण लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को मजबूत करता है।

ज्ञापन के माध्यम से SIR प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराने, चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन सिंह, ओबीसी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजीत विशाल नंदवंशी, कांग्रेस जिला महासचिव आशीष पाल, महासचिव विनय, सचिव विशाल वर्मा, सचिव रचित, सचिव दिव्यांश वर्मा, सचिव सौरभ, विधानसभा अध्यक्ष दाऊद अहमद, शिवम, मनीष, देवेंद्र, ब्लॉक अध्यक्ष अजय कुशवाहा सहित NSUI के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
गौसगंज में पेड़ों की कटान का आरोप, वन विभाग से जांच और कार्रवाई की मांग

गौसगंज-हरदोई। वन रेंज कछौना और थाना कासिमपुर क्षेत्र के गौसगंज-बेहसार मार्ग के किनारे खड़े कई पेड़ों की कथित कटान का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने नसीम, वसीम, जाहिद आदि पर पेड़ों को आरा चलाकर काटने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े कई पेड़ों को कथित रूप से काटा गया है। मामले में स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि पेड़ों की कटान बिना वैध अनुमति के की गई है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों ने वन विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर कटे हुए पेड़ों की संख्या, प्रजाति और कटान की वैधता की जांच कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि पेड़ों की कटान के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं और नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि यदि कटान अवैध था तो संबंधित विभाग को इसकी जानकारी थी या नहीं।

वन विभाग की जांच के बाद ही मामले में वास्तविक जिम्मेदारी तय हो सकेगी। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने और भविष्य में अवैध पेड़ कटान पर रोक लगाने की मांग की है।
बारिश ने उजाड़ दिया आशियाना! कच्चा मकान भरभराकर ढहा, पांच बच्चों संग बेघर हुआ परिवार

हरदोई। लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश ने मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा परस निवासी सज्जाद अली पुत्र स्व. मदारु के परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण मिट्टी से बना उनका कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने और सुरक्षित रहने का संकट खड़ा हो गया है।

बताया गया कि सज्जाद अली अपने पांच बच्चों के साथ इसी कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें और ढांचा कमजोर होता गया और आखिरकार पूरा मकान धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

मकान गिरने से घरेलू और जरूरी सामान भी प्रभावित हुआ है। परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।

पीड़ित सज्जाद अली ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्रशासन से मकान गिरने की घटना का स्थलीय निरीक्षण कराने, पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा क्षति का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पांच बच्चों के साथ उनके सामने सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित आशियाने की है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हैं और परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत राहत मिल पाती है या नहीं।

रिपोर्ट: सूरज तिवारी
परचून की दुकान में हुई 1.70 लाख रुपये की चोरी का खुलासा, तीन महिलाएं गिरफ्तार

हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने परचून की दुकान में हुई नकदी चोरी के मामले में तीन महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी की गई 1.70 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक 17 जुलाई 2026 को रेलवेगंज निवासी पंकज अग्रवाल ने कोतवाली शहर में तहरीर देकर बताया था कि उनकी परचून की दुकान से 16/17 जुलाई की रात काम करने वाले तीन आरोपियों ने नकदी चोरी कर ली। मामले में मुकदमा संख्या 513/26 धारा 306 बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुकदमे में धारा 331(4), 317(2) और 61 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

29 सितंबर को पुलिस ने मामले में प्रकाश में आई तीन महिला आरोपियों लक्ष्मी देवी पत्नी अंकित तिवारी निवासी सहवादपुर थाना बेनीगंज, बीना शुक्ला पत्नी रामवली शुक्ला निवासी बेल्हा थाना टड़ियावां तथा प्रियांशु शुक्ला पत्नी अजय शुक्ला निवासी धन्नूपुरवा थाना कोतवाली शहर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 1,70,000 रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार इससे पहले 25 जुलाई को 14 आरोपियों से 1,28,99,310 रुपये तथा 11 अगस्त को तीन आरोपियों से 6,62,300 रुपये की नकदी बरामद की जा चुकी है। इस प्रकार चोरी के मामले में अब तक कुल 1,49,33,110 रुपये बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त 2.50 लाख रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं और चोरी के रुपयों से अर्जित एक अदद पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी मंत्री ने बिलग्राम के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी के निर्देश

हरदोई। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण एवं जनपद के प्रभारी मंत्री श्री असीम अरुण ने मंगलवार को तहसील बिलग्राम एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव, आवागमन तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राजघाट स्थित बाढ़ निगरानी कक्ष का भी निरीक्षण किया।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति और प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा।

प्रभारी मंत्री ने फसल, मकानों और अन्य संपत्तियों को हुई क्षति का वास्तविक आकलन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र प्रभावितों को समयबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में हरदोई के नागरिकों और किसानों के साथ खड़ी है तथा किसी भी प्रभावित व्यक्ति को सहायता से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी बिलग्राम सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बच्चों को पॉक्सो एक्ट और उनके अधिकारों की दी गई जानकारी

हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती रीता कौशिक के आदेश पर मंगलवार को न्यू हाईट्स स्कूल, नानक गंज, हरदोई में बालक-बालिकाओं के अधिकारों एवं पॉक्सो एक्ट-2012 विषय पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर के मुख्य अतिथि सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी श्री विशाल दीक्षित ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) 2012 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पॉक्सो एक्ट के तहत बच्चों को कानूनी संरक्षण प्राप्त है तथा किसी अपराध की स्थिति में किस प्रकार की विधिक प्रक्रिया अपनाई जाती है, इसकी जानकारी होना भी जरूरी है।

उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार की असहज या आपत्तिजनक स्थिति को नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में परिवार, विद्यालय अथवा संबंधित विधिक सहायता केंद्र को इसकी जानकारी दें। आवश्यकता पड़ने पर हेल्पलाइन नंबर 112, 1098 और 1090 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि कानून बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ा है। अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर बच्चे किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठा सकते हैं। इसी उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं नोडल अधिकारी विनीता धनकर ने शिविर की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पॉक्सो एक्ट और अपने अधिकारों से जुड़े सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब दिया।

इस अवसर पर डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसलर देवेंद्र सिंह, मुकुल शुक्ला, पीएलवी दिनेश कुमार, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
पिहानी में प्रधान के घर घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप

हरदोई। पिहानी क्षेत्र के अलावलपुर गांव के रसूलपुर मजरे में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ गांव में पहुंचकर ग्राम प्रधान के घर में घुस गया। आहट सुनकर जागे परिवार के लोगों की नजर मगरमच्छ पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए।

घर में मगरमच्छ घुसने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। डिप्टी रेंजर सुशील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनरक्षक राहुल कुमार, उदय सिंह, होरीलाल और कुलदीप समेत वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।

वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को गोमती नदी में सुरक्षित छोड़ दिया। गनीमत रही कि मगरमच्छ के घर में घुसने के बावजूद परिवार के किसी सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा।

ग्रामीणों के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण गोमती नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि मगरमच्छ नदी से निकलकर पानी के बहाव के साथ गांव तक पहुंचा और इसके बाद प्रधान के घर में घुस गया।
जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया निरीक्षण

हरदोई। जिला जज रीता कौशिक, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अस्पताल और विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया।

जिला जज ने कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा बैरकों में साफ-सफाई, पेयजल, भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कारागार में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने तथा बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय, जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जब अधिकारी महोदय एक पक्ष से रिश्वत लेकर माप कराने आये हों। तब इस तरह की धमकी देकर दबाव बनाया जाता है
गंगा एक्सप्रेसवे पर तड़के बड़ा हादसा, डबल डेकर बस पलटी; 17 यात्री घायल, दो गंभीर

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के दिल्ली से लखनऊ जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में 17 यात्री घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हरदोई की महिला कांस्टेबल अंकिता पाठक ने वॉलीबाल में हासिल किया द्वितीय स्थान

हरदोई। जनपद हरदोई में तैनात महिला कांस्टेबल अंकिता पाठक ने कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक वॉलीबाल क्लस्टर (महिला/पुरुष)-2026 में लखनऊ जोन की टीम की ओर से प्रतिभाग करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद 29 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हरदोई ने महिला कांस्टेबल अंकिता पाठक का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उपलब्धि पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।