गांधी-शास्त्री और स्वतंत्रता सेनानी मसूरिया दीन पासी की जयंती पर कांग्रेस ने संगोष्ठी और सहभोज आयोजित किया
हरदोई, 2 अक्टूबर। जिला कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय मसूरिया दीन पासी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी आयोजित की गई। इसके बाद सीतापुर रोड स्थित मुरलीगंज की दलित बस्ती में सहभोज का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडेय ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य और अहिंसा का मार्ग, लाल बहादुर शास्त्री की सादगी एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण तथा स्वतंत्रता सेनानी मसूरिया दीन पासी का संघर्ष और सामाजिक सरोकार आज भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के आदर्शों को अपनाकर समाज में आपसी सद्भाव, समानता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन त्याग, सेवा और समर्पण का उदाहरण है। वहीं मसूरिया दीन पासी ने अपने संघर्ष और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से वंचित वर्गों के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने युवाओं से इन महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन ओबीसी कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट अजीत विशाल नंदवंशी ने किया। उन्होंने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरिया दीन पासी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान तथा सामाजिक आदर्शों पर प्रकाश डाला।
सहभोज में कांग्रेसजनों ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
जयंती समारोह के तहत सीतापुर रोड स्थित मुरलीगंज की दलित बस्ती में जिला महासचिव प्रेम प्रकाश वर्मा के नेतृत्व में श्री अनिल वर्मा के आवास पर सहभोज का आयोजन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों के साथ बैठकर सामूहिक रूप से तहरी भोज किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सहभोज जैसे आयोजनों के माध्यम से आपसी मेल-जोल, समानता, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री और मसूरिया दीन पासी के आदर्शों पर चलने तथा सामाजिक सद्भाव एवं समानता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता शाम किशोर मिश्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मोहन सिंह, संगठन प्रभारी आशीष पाल, उपाध्यक्ष ज्ञानू पाल, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष उमा राजवंशी, तुषार दीक्षित, विनोद यादव, इस्लाम गाजी, सर्वेश कुशवाहा, अनूप सिंह, शिल्पी वर्मा, संध्या वर्मा, मुकेश वर्मा, मोरध्वज वर्मा, शहर कंट्रोल रूम इंचार्ज ममता पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Oct 2, 2026