अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचे जिलाधिकारी, बुजुर्गों को किया सम्मानित
हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग की ओर से वयोश्रेष्ठ मन्दिरम वृद्धाश्रम, अल्लीपुर में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
वृद्धाश्रम सार्वजनिक शिक्षोन्नयन संस्थान द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को कपड़े, मिष्ठान और फल वितरित कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद लिया। वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा शिविर भी लगाया गया, जिसमें सभी वृद्धजनों की जांच कर आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वरिष्ठजनों के बीच आकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई है। उन्होंने सभी वृद्धजनों को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सुझावों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वृद्धजनों से नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाए तथा उन्हें शासन की लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वृद्धजनों से अपने अनुभव और ज्ञान के माध्यम से समाज का मार्गदर्शन करने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, डीसी मनरेगा सुशील कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार, खंड विकास अधिकारी बावन रामप्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।