जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं 107 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने कुल 107 शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करने के साथ ही नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को भी की गई कार्रवाई और निस्तारण की जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
जनसुनवाई के दौरान नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट आशुतोष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।