
कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन आरोपियों को पकड़ा, चांदी की पांच अंगूठियां और नकदी बरामद
हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल, चांदी की पांच अंगूठियां और 5900 रुपये की नकदी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, डी ब्लॉक कोयल बाग कॉलोनी निवासी राजकुमार चौधरी ने 18 सितंबर को तहरीर देकर बताया था कि 15 सितंबर की शाम उनके घर पहुंचने पर अलमारी में रखी चांदी की अंगूठी और 10 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इस संबंध में कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसके अलावा 27 सितंबर को ग्राम आजाद नगर निवासी राखी पत्नी स्वर्गीय हरिपाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि 23 सितंबर की सुबह अज्ञात लोगों ने घर की अलमारी से चांदी की अंगूठियां और 5000 रुपये की नकदी चोरी कर ली। आरोपियों ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे। इस मामले में भी कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई। बुधवार 30 सितंबर को पुलिस ने प्रकाश में आए तीन आरोपियों चांद मियां उर्फ चन्दू पुत्र शमशाद निवासी ग्राम लाइन पुरवा, करन उर्फ डमर पुत्र बहादुर शर्मा निवासी ग्राम लाइन पुरवा और यश श्रीवास्तव पुत्र पंकज श्रीवास्तव निवासी ग्राम लाइन पुरवा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक अदद मोटरसाइकिल, पांच अदद अंगूठियां (सफेद धातु) और 5900 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कार्रवाई में कोतवाली शहर प्रभारी संजय कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक केके यादव और कांस्टेबल योगेश कुमार समेत पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।