
बारिश ने उजाड़ दिया आशियाना! कच्चा मकान भरभराकर ढहा, पांच बच्चों संग बेघर हुआ परिवार
हरदोई। लगातार तीन दिनों तक हुई भारी बारिश ने मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम नेवादा परस निवासी सज्जाद अली पुत्र स्व. मदारु के परिवार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के कारण मिट्टी से बना उनका कच्चा मकान भरभराकर ढह गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने सिर छिपाने और सुरक्षित रहने का संकट खड़ा हो गया है।
बताया गया कि सज्जाद अली अपने पांच बच्चों के साथ इसी कच्चे मकान में रह रहे थे। लगातार बारिश के चलते मकान की दीवारें और ढांचा कमजोर होता गया और आखिरकार पूरा मकान धराशायी हो गया। गनीमत रही कि घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
मकान गिरने से घरेलू और जरूरी सामान भी प्रभावित हुआ है। परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।
पीड़ित सज्जाद अली ने जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से प्रशासन से मकान गिरने की घटना का स्थलीय निरीक्षण कराने, पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना अथवा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा क्षति का आकलन कर नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि पांच बच्चों के साथ उनके सामने सबसे बड़ी चिंता सुरक्षित आशियाने की है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते हैं और परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत राहत मिल पाती है या नहीं।
रिपोर्ट: सूरज तिवारी
Bilgram, Hardoi | Sep 30, 2026