Public App Logo
Profile Picture

दैनीक वीरधरा राजस्थान

@omjain1211
396467Followers
144Following
केंद्रीय मंत्री शेखावत आज चित्तौड़गढ़ के अल्प प्रवास पर रहेंगे

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत 2 अक्टूबर 2026 को चित्तौड़गढ़ के अल्प प्रवास पर रहेंगे।
   निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री भीलवाड़ा स्थित सर्किट हाउस से दोपहर 12.30 बजे कार द्वारा सड़क मार्ग से प्रस्थान कर 1.15 बजे सर्किट हाउस, चित्तौड़गढ़ पहुंचेंगे।
    अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) दिनेश धाकड़ ने बताया कि केंद्रीय मंत्री दोपहर 2.30 बजे सर्किट हाउस से प्रस्थान कर भदेसर उपखंड के आक्यां गांव पहुंचेंगे, जहां विधायक चंद्रभान सिंह के पिताजी के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। इसके पश्चात 3:30 बजे जोधपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
MLA Chandrabhan Singh
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पेंशनर्स विभाग, अभिभाषक संघ सभागार, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह एवं राजकीय सामान्य चिकित्सालय, सवाई माधोपुर में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया।
आयोजित चिकित्सा शिविरों में मेडिकल टीम द्वारा वृद्धजनों एवं अन्य आमजन के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांचें की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। पेंशनर्स विभाग सवाई माधोपुर में आयोजित चिकित्सा शिविर में 20, अभिभाषक संघ सभागार सवाई माधोपुर में 52, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सवाई माधोपुर में 47 तथा राजकीय सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल 224 लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
    इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम द्वारा वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली गई एवं उनको अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने एवं किसी भी प्रकार की विधिक सलाह एवं सहायता के लिए पैनल अधिवक्ताओं, अधिकार मित्रों एवं कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सम्पर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सवाई माधोपुर में उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग रविंद्र कुमार मीणा के सहयोग से वृद्धजनों के सम्मान हेतु सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।
मनोकामना पूर्ण होने पर सोलापुर से खजूरिया श्याम तक 1200 किमी की पैदल यात्रा की।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

भूपालसागर। भीलवाड़ा जिले के कोशीथल क्षेत्र के पासासरा का खेड़ा गांव निवासी नारायण लाल जाट और पारस देवी ने मनोकामना पूर्ण होने पर अद्भुत पैदल यात्रा पूरी की। दंपती ने महाराष्ट्र के सोलापुर से खजूरिया श्याम-भेरूनाथ तक करीब 1200 किलोमीटर की पैदल यात्रा एक माह और एक दिन में पूरी की।
   यात्रा के दौरान जब वे पारस देवी के पीहर जाशमा पहुंचे तो ग्रामीणों एवं परिजनों ने ढोल-डीजे और माल्यार्पण के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर रात में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लिया।
   इसके बाद नारायण लाल जाट और पारस देवी अपनी यात्रा पूरी कर खजूरिया श्याम-भेरूनाथ के दरबार पहुंचे और भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मनोकामना पूर्ण होने पर प्रभु का आशीर्वाद लिया।
आकोला में ₹2 करोड़ की लागत से खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण कार्य का शिलान्यास।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

आकोला। आकोला में ₹2 करोड़ की लागत से खेल मैदान एवं स्टेडियम निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक अर्जुन लाल जीनगर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष शंकर लाल साहु ने की।
राजस्थान सरकार के बजट में आकोला के खेल मैदान के विकास के लिए ₹2 करोड़ की राशि विधायक अर्जुन लाल जीनगर की अनुशंसा पर स्वीकृत करवाई गई है। इस राशि से खेल मैदान में चारदीवारी निर्माण, मैदान का भराव एवं क्रिकेट के लिए पिच निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों से बारिश के दौरान मैदान में पानी भरने की समस्या एवं साफ-सफाई से जुड़ी परेशानियों में कमी आएगी तथा खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे आकोला के युवाओं में खेलों के प्रति जागरूकता और रुचि भी बढ़ेगी।
   इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्याम लाल सेन, पार्षद योगेंद्र गिरी गोस्वामी, रमेश मेघवाल, अमित खिंची, हरिनारायण सोनी, हिम्मत टांक, भगवती लाल सेन, महिला मोर्चा अध्यक्ष रीना छीपा, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्ना लाल भील सहित भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17 एवं 19 वर्ष के छात्र वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरूवार को जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर किया।
   इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नियमों के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।
  प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन के संयोजन में किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
   प्रतियोगिता संयोजक चन्द्रशेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 वर्ष वर्ग की 44 टीमों में 528 खिलाड़ी तथा 19 वर्ष वर्ग की 43 टीमों 516 कुल 87 टीमों के 1044 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उनके साथ 109 दल प्रभारी एवं प्रशिक्षक, निदेशालय बीकानेर द्वारा नियुक्त चयन समिति के 22 निर्णायक सदस्य शामिल है। प्रतियोगिता के दौरान प्रथम दिन खेले गए मैचों में 17 वर्ष में डींग-बूंदी के मैच में बूंदी की टीम विजेता रही। डूंगरपुर-भरतपुर में डूंगरपुर की टीम, कोटपुतली बहरोड़-करौली में कोटपुतली बहरोड़ की टीम, बांसवाड़ा-झालावाड़ में बांसवाड़ा, बांरा-बालोतरा में बांरा की टीम विजेता रही। इसी प्रकार 19 वर्ष में टोंक-डूंगरपुर में डूंगरपुर की टीम, दौसा-चुरू में दौसा की टीम, कोटपुतली बहरोड़-खेरथल तिजारा में कोटपुतली बहरोड की टीम विजेता रही। इस प्रतियोगिता में कुल 288 मैच खेले जाएंगे।

चार स्थानों पर मुकाबले:

 प्रतियोगिता के मैच पुलिस लाइन मैदान, दशहरा मैदान, फतेह पब्लिक स्कूल मैदान एवं सेंट एन्सलम्स स्कूल मैदान पर आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों की सुविधा एवं प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए शारीरिक शिक्षकों की टीम द्वारा कुल पांच खेल मैदान तैयार किए गए हैं।
70 वीं जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता के अन्तर्गत हिन्द जिंक विद्यालय के 16 विद्यार्थियों का राज्य स्तर चयन हुआ।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़।जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता के अन्तर्गत 14 वर्ष छात्र वर्ग में टेबल टेंनिस प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 14 वर्ष छात्र वर्ग में टेबल टेनिस में विहान मंडोरा, मिहिति धनेजा सोमिल माहेश्वरी, मोहित सैनी का राज्य स्तर पर चयन हुआ। 14 वर्ष छात्र वर्ग में राईफल शूटिंग प्रतियोगिता में विप्रा माहेश्वरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और काव्य पूरी गोस्वामी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 14 वर्ष छात्र वर्ग बैडमिन्टन में अर्शबीर सिंह अरोड़ा का राज्य स्तर पर चयन हुआ।
   17 वर्ष छात्रा वर्ग बैडमिन्टन प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा जान्हवी सोनी ने प्रथम और अदिती सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और राज्य स्तर में चयन हुआ। 17 वर्ष छात्र वर्ग बैडमिन्टन प्रतियोगिता में टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया सार्थक राजदेव और अमन मलानी का राज्य स्तर पर चयन हुआ। 19 वर्ष छात्र वर्ग बैडमिन्टन प्रतियोगिता में टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया तथा आरव सुराना और अर्नव नवाल का राज्य पर चयन हुआ। 17 वर्ष छात्रा वर्ग कराटे प्रतियोगिता में अमरप्रीत अरोड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 19 वर्ष छात्र वर्ग लॉन टेनिस में नौशिद खान ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया व राज्य स्तर पर चयन हुआ। 17 वर्ष छात्रा वर्ग में नैन्सी जयसिंहानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और राज्य उत्तर में चयनित हुई।
  विद्यालय की प्राचार्या डॉ. बिंदु नायर उप प्राचार्य नरेश नूनिया ने बधाई देते हुए विद्यार्थियों की उत्साहवर्धन किया एवं शारीरिक शिक्षक अंकित खरब एवं विजय राव को उनके उल्लेखनीय प्रयासों के लिए सराहना करते हुए बधाई दी।
डीएसटी जिला विशेष टीम चित्तौड़गढ़, जिला रशद विभाग टीम और थाना सदर चित्तौड़गढ़ की संयुक्त कार्यवाही।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में  चलाये जा रहे विशेष अभियान की जिले भर में कही भी कोई अवैधानिक गतिविधि और अवैध रूप से होटलों ढाबों पर ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ का विक्रय ना हो जिससे आम जन का जीवन संकट में पड़ जावे इस हेतु अति जिला पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा वर्ताधिकारी एवं थानाधिकारी सदर चित्तौड़गढ़ प्रेम सिंह के  नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी सूरज कुमार सहायक मय  टीम का गठन किया। 
  डीएसटी प्रभारी सूरज कुमार सहायक उप निरीक्षक को जरिए मुखबिर खास से सूचना मिली कि ओछड़ी टोल के पास संगम होटल के बाड़े में संचालित पेट्रोलियम पदार्थ के व्यापार स्थल की जांच की जावे तो अवैध ज्वालशील  पेट्रोलियम पदार्थ भंडारण मिल सकता है, जिस पर डीएसटी टीम मौके पर पहुंची एवं थाना सदर चित्तौड़गढ़ से पुलिस टीम एवं डीएसओ हितेश के निर्देशन में डीएसओ सुमन तिवारी प्रवर्तन अधिकारी मौके पर ओछड़ी टोल नाके के पास लालजी जाट की होटल के पास पेट्रोलियम पदार्थ बिक्री हेतु डिस्पेंसिंग मशीन लगी पाई जिस पर डीजल लिखा था परंतु वह उपस्थित व्यक्ति से पूछने पर डीजल न होकर बायोडीजल  होना बताया।
   डीएसटी और रसद विभाग ने संयुक्त कार्यवाही की जिसमें मौके पर उपस्थित आदित्य गोस्वामी से पूछ ताछ में उन्होंने बायोफ्यूल बेचा जाना बताया और मौके पर हाई कोर्ट का स्टे प्रस्तुत किया।
 पेट्रोलियम पदार्थ की FSL जांच हेतु मौके से डिस्पेंसिंग मशीन से 1- 1 लीटर के तीन सैंपल लिये गए
व्यापार स्थल के मालिक को ऐतिहातन तौर पर दस्तावेजों की जांच नहीं करवाने तक पेट्रोलियम पदार्थों का व्यवसायीकरण नहीं करोगे विक्रय नहीं करोगे इस हेतु हिदायत दी गई।
2 किलो 542 ग्राम अवैध अफीम बरामद, मोटरसाइकिल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

गंगरार। साड़ास थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2 किलो 542 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल भी जब्त की है। कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई।
  जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि  महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर, रेन्ज उदयपुर द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिला स्पेशल टीम एवं सोनाली शर्मा थानाधिकारी साड़ास के नेतृत्व में घोड़ी घाटा से सुरजनियास आने-जाने वाले आम रोड सरहद कांगसो की धातोल पर नाकाबन्दी के दौरान एक बिना नम्बरी मोटरसाईकिल पर दो जवान उम्र के लडकें बैठे जिनको संदग्धि होने से डिटेन किया गया तथा दोनो लडको के बीच रखे गत्ते के डिब्बें को खोलकर देखा तो डिब्बे में कुल दो प्लास्टिक की पारदर्शी थैलियां जिनमें अवैध अफीम कुल 2 किलो 542 ग्राम होना पाया गया। अवैध अफीम व घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल को जब्त कर अभियुक्तों को राजुलाल पिता छीतरमल कुमावत उम्र 29 वर्ष निवासी बान्दनवाड़ा पुलिस थाना साड़ास, नारायण लाल पिता अर्जुन लाल गाडरी उम्र 28 वर्ष निवासी बान्दनवाड़ा पुलिस थाना साड़ास को एनडीपीएस एक्ट में नियमानुसार गिरफतार कर प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसधान जारी है।
डुप्लीकेट चाबी से 75 लाख रुपये का डंपर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश एवं वृद्ध महिला से लूट करने वाली गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम सम्मानित।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम एवं गंभीर वारदातों के त्वरित खुलासे के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) एवं साइबर सेल की टीमों द्वारा दो महत्वपूर्ण मामलों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई। पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर एक ओर जहां करीब 75 लाख रुपये मूल्य के न्यू डंपर की चोरी के मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी का डंपर बरामद किया, वहीं दूसरी ओर वृद्ध महिला से चांदी के आभूषण लूटने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा गैंग द्वारा की गई 30 से अधिक वारदातों का खुलासा किया।
    दोनों प्रकरणों में पुलिस टीम द्वारा किए गए उत्कृष्ट, मेहनत एवं सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने जिला विशेष टीम (चोरी निरोधक टीम) एवं साइबर सेल के पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके कार्य की सराहना की।
    पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंभीर एवं संगठित अपराधों के खुलासे में पुलिस टीम द्वारा आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा मानवीय सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग किया गया। पुलिसकर्मियों की लगातार मेहनत, सतर्कता एवं टीम भावना के परिणामस्वरूप दोनों मामलों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी प्रकार पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।

75 लाख रुपये के डंपर चोरी प्रकरण में महत्वपूर्ण सफलता

राशमी थाना क्षेत्र के पहुना स्थित नायरा पेट्रोल पंप के बाहर से करीब 75 लाख रुपये कीमत का न्यू डंपर डुप्लीकेट चाबी लगाकर चोरी करने के मामले में जिला विशेष टीम एवं राशमी थाना पुलिस द्वारा घटना के खुलासे के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई।
    पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर नीमच, मंदसौर, जावरा, गोधरा एवं आनंद (गुजरात) तक 350 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्य एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की पहचान की गई तथा लगातार निगरानी एवं रेकी की गई। करीब 10 दिनों तक लगातार पीछा करने के बाद चोरी किया गया डंपर आनंद, गुजरात के पास एक गोदाम के बाहर लावारिस हालत में बरामद किया गया।
    अनुसंधान के दौरान सामने आया कि गिरोह द्वारा राजस्थान, मध्यप्रदेश एवं गुजरात सहित विभिन्न स्थानों से डंपर चोरी कर उनकी खरीद-फरोख्त की जाती थी। मामले में चोरी एवं चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल आरोपियों को नामजद किया गया है। प्रकरण में अनुसंधान जारी है तथा अन्य वारदातों एवं आरोपियों के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी जुटाई जा रही है।

वृद्ध महिला से लूट करने वाली अंतरराज्यीय गैंग का पर्दाफाश

थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ क्षेत्र के आछोड़ा गांव में 13 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि वृद्ध दंपती के घर में घुसकर वृद्ध महिला के हाथों एवं पैरों में पहने चांदी के आभूषण लूटने की वारदात का जिला विशेष टीम एवं थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ पुलिस द्वारा खुलासा किया गया।
    तकनीकी साक्ष्य, विभिन्न थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की निगरानी तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर अंतरराज्यीय गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा राजस्थान एवं मध्यप्रदेश में महिलाओं के आभूषण लूटने तथा मंदिरों से सोने-चांदी के छत्र, प्रतिमाएं, आभूषण एवं दानपात्र से नकदी चोरी करने सहित 30 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया गया।
    गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, लूट एवं मंदिरों में चोरी सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ एवं बरामदगी की कार्रवाई जारी है।
कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदो ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर नगर परिषद सभापति एवं आयुक्त को कराया अवगत

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के विभिन्न वार्डों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर नवनिर्वाचित पार्षदों द्वारा नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी एवं आयुक्त रविंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर शहर की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने सभापति प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व शिष्टाचार मुलाकात करते हुए बधाई दी।
    ज्ञापन में कहा गया कि नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने के बाद जनता ने अपने प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है। अब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करें।
    प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करवाने, गंदगी एवं नालियों में पानी की निकासी की समस्या का समाधान करने, नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, ट्यूबवेल एवं पानी की टंकियों की खराब स्थिति को दुरुस्त करवाने, स्टार्टर एवं पाइपलाइन लीकेज की समस्या का समाधान कर पेयजल की बर्बादी रोकने, नियमित कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध करवाने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं टूटे हुए मार्गों की आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाने, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा गोवंश को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर रखने, बढ़ती आवारा श्वानों की समस्या को देखते हुए उनकी नसबंदी करवाकर उचित स्थान पर व्यवस्थापन करने सहित शहर की अन्य मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
    ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि शहर की समस्याओं के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए पक्ष-विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की संयुक्त समन्वय समिति गठित की जाए, ताकि सभी वार्डों की समस्याओं पर नियमित रूप से चर्चा कर उनका समयबद्ध समाधान करवाया जा सके।
    नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों ने नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया कि उपरोक्त समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि त्यौहारी सीजन में चित्तौड़गढ़ शहर में विकास एवं व्यवस्थाओं का नया अध्याय लिखा जा सके।
   इस अवसर पर सभापति प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़, पार्षद धर्मेंद्र मूंदड़ा, मो. इब्राहिम, टिंकू धामानी,  शंभुलाल प्रजापत, कलिका जैन, रेखा शर्मा, प्रेमलता जीनगर, रेहान हसन, फिरदौस बानो, राधा माली, दिया तिवारी, कैलाश देवी नीलमणि, वासु लोठ, पार्षद प्रतिनिधि गोविंद शर्मा, नवरतन जीनगर, नवीन जैन, मोहन भोई, राहुल मीणा, देवराज माली, बद्रीलाल नीलमणि, फिरोज खान प्रत्याशी बहादुर बैरवा, नारायण भोई सहित कांग्रेस जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जाशमा सहकारी समिति के व्यवस्थापक शंकरलाल जाट को सेवानिवृत्ति पर दी विदाई।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

भूपालसागर। बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्राम सेवा सहकारी समिति लिमिटेड जाशमा के व्यवस्थापक पद पर कार्यरत शंकरलाल जाट के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने शंकरलाल जाट को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके सेवाकाल के अनुभवों को याद किया और भावभीनी विदाई दी।
    इस अवसर पर सरकारी समिति अध्यक्ष भैरूलाल लोहार, राजमलजाट, रतनलाल जाट, घीसू लाल जाट, दौलत राम माली, रतनलाल सेन संपत लाल जाट मुरलीधर शर्मा, सत्तार खान, शंकर लाल लोहार, शोभा लाल जाट, राजमल धोबी जगदीश चंद्र मिट्ठू लाल राशन लाल सहित ग्रामीण उपस्थित थे।
घटियावली की वंशिका ने बढ़ाया जिले का मान, 

दिल्ली एनसीआर क्रिकेट टीम में हुआ सलेक्शन

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। जिले एवं घटियावली गांव के लिए बड़े गौरव का विषय है।
   उपसरपंच ज्ञानेश्वर पूरी गोस्वामी ने बताया कि घटियावली निवासी क्रिकेट प्रेमी राजेंद्र दमामी पिता मुन्ना लाल दमामी की पुत्री वंशिका दमामी का गर्ल्स क्रिकेट नेशनल लेवल 2026 अंडर 14 दिल्ली एनसीआर क्रिकेट टीम में सिलेक्शन होने पर पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने बधाई देते हुए वंशिका के उज्जवल भविष्य की मंगल कामना की।
विहिप दुर्गावाहिनी द्वारा अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष पर राधा कृष्ण बस्ती द्वारा निकला संचलन। 

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

भीलवाड़ा।विश्व हिन्दू परिषद दुर्गावाहिनी मातृशक्ति भीलवाड़ा महानगर द्वारा आने वाली 10 अक्टूबर को शौर्य शक्ति संचलन निकाला जाएगा। इसके अंतर्गत प्रखंड 4 केसरी सिंह बारहठ मैं दुर्गावाहिनी द्वारा संचलन निकाला गया।संचलन ढोलकी पार्क राधा कृष्ण बस्ती से प्रारम्भ होकर बस्ती के मुख्य मार्गों से होते हुए नीलकंठ महादेव मंदिर पार्क पर समापन हुआ व संचलन मार्ग पर पुष्प वर्षा की गई।महानगर सहसंयोजिका भारती आसवानी ने बताया कि संचलन मैं बस्ती की 65 बहिनों ने भाग लिया।
महिला सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना अधिकारी को किया सम्मानित।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। महिला सुरक्षा से जुड़े प्रकरण में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तथा महिला पुलिसकर्मियों एवं महिला थाना धिकारी रेणु खोईवाल को जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
   हाल ही में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं महिला थाना पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई करते हुए फोटो-वीडियो के नाम पर एक महिला को परेशान एवं ब्लैकमेल करने वाले व्यक्ति को डिटेन किया गया था। शिकायतकर्ता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सादे वस्त्रों में निगरानी की गई तथा आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे डिटेन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
    इस कार्रवाई में महिला थानाधिकारी रेणु खोईवाल एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबल रीना राजावत, आकांक्षा, गायत्री एवं लीला द्वारा संवेदनशीलता, तत्परता एवं सतर्कता के साथ कार्य किया गया। महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए संबंधित फोटो एवं वीडियो डिलीट करवाए गए तथा भविष्य में महिला को परेशान अथवा ब्लैकमेल नहीं करने के लिए आवश्यक रूप से पाबंद किया गया।
   पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने महिला थाना अधिकारी एवं कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर पुलिस द्वारा संवेदनशीलता एवं त्वरितता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसी प्रकार सजग एवं सक्रिय रहकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
   कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा लगातार सार्वजनिक स्थानों एवं प्रमुख क्षेत्रों में महिलाओं एवं युवतियों को महिला सुरक्षा से संबंधित पुलिस सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को राजकोप सिटीजन एप तथा महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 की जानकारी देकर महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
   जिला पुलिस द्वारा महिलाओं एवं युवतियों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़, पीछा करने, ब्लैकमेलिंग अथवा अन्य महिला संबंधी समस्या होने पर महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत एवं सहायता के लिए संपर्क करें।
डीएसटी और कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्यवाही

मध्य प्रदेश के गुना जिले के कच्छा बनियान चोरी करने वाली गैंग का खुलासा।
 
दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। दिनांक 26.9.2026 की रात्रि करीब 2.30 बजे कबीर कॉलोनी, कोतवाली थाना क्षेत्र में प्रार्थी सागर गांधी पिता राजकुमार गांधी के मकान में पांच नकाबपोश चोरों ने घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ग्राउंड फ्लोर की रसोई की खिड़की तोड़कर प्रवेश कर प्रथम मंजिल की अलमारी का ताला तोड़कर लगभग 40-50 हजार रुपये के सिक्के चुरा ले गए। घटना के समय घर में तीन पुरुष, दो महिलाएं और दो बच्चे मौजूद थे। चोरों ने सीसीटीवी कैमरा मोड़कर काट दिया था। वगैरा रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्रसिंह के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा,पुलिस उपाधीक्षक बृजेश सिंह एवं पुलिस निरीक्षक जोधाराम के निर्देशन मे विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसूचना संकलन किया। लगातार प्रयासों के बाद मुख्य अभियुक्त अक्षय पारदी पिता लाल सिंह पारदी, उम्र 28 वर्ष, निवासी मुरादपुर मजरानिया, थाना धरावदा, जिला गुना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार/हिरासत में लिया गया।पूछताछ में अभियुक्त ने घटना में शामिल अन्य साथियों के नाम उजागर किए हैं। चार आरोपियो को नामजद किया है गिरफ्तार शुदा अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर पीसी रिमांड प्राप्त कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा एवं अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।   
   पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वारदात के समय वे चड्डी-बनियान में रहते हैं और पैंट-शर्ट कमर पर बांधकर रखते हैं। वारदात के तुरंत बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर जाकर पैंट-शर्ट पहन लेते हैं, ताकि सीसीटीवी में केवल चड्डी-बनियानधारी दिखें और पहचान न हो सके।
Chittorgarh police Rajasthan Police
चोरवड़ी विद्यालय में भारतीय मानक ब्यूरो क्लब के तहत प्रतियोगिता का आयोजन।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

आकोला। क्षेत्र के राउमा विद्यालय चोरवड़ी में भारतीय मानक ब्यूरो के तहत पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसके तहत विद्यार्थियों को उपभोक्ता के रूप में उच्च मानकों वाले उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को प्राथमिकता देने हेतु प्रेरित किया।
    इस अवसर पर प्रधानाचार्य कन्हैया लाल मेनारिया, क्लब प्रभारी सुरेश यादव, दलीप मीणा, प्रभु लाल, अनुराधा, पूजा छिपा, मान प्रकाश, राहुल कुमार, भगवान सिंह मीणा, पुष्पेंद्र सिंह, खूबी लाल, योगेश उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में नेहा, किंजल, दिव्यांशी, सविता, सोनू एवं प्रभु लाल भील को उक्त प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। साथ ही कक्षा 9 व 10 के सभी प्रतिभागियों को भी पेन प्रदान किया। अंत में सभी विद्यार्थियों को क्लब प्रभारी सुरेश द्वारा अल्पाहार कार्य गया।
जल जीवन मिशन में लंबित कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध पूर्णता करने के निर्देश।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, भुगतान, लंबित कार्यों तथा पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने योजनाओं में तेजी लाते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने प्रोजेक्ट एवं रेट्रोफिटिंग योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा योजनाओं के भुगतान में आ रही बाधाओं का संबंधित स्तर पर समन्वय एवं आवश्यक पत्राचार के माध्यम से शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का ग्राम सभा के माध्यम से प्रमाणन कराने, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तथा आईएमआईएस पोर्टल पर लंबित अपडेट तत्काल पूरा कराने को कहा। उन्होंने नल जल मित्रों के चयन एवं प्रशिक्षण, हर घर जल प्रमाणीकरण, डैशबोर्ड डाटा अपडेट तथा आगामी जल अर्पण कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु के बाद नियमित अंतराल पर पेयजल के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा किसी भी स्थिति में दूषित जलापूर्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में 41 जिलों की टीम लेगी भाग। 

दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन, सवाई माधोपुर के तत्वावधान में 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 जिलों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता 17/19 वर्ष छात्र वर्ग के लिए आयोजित होगी।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे पुलिस लाइन ग्राउंड, सवाई माधोपुर में होगा, जबकि समापन समारोह 7 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन, आवास, खेल मैदान, चिकित्सा, यातायात, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पंचायत चुनावों की घोषणा को लेकर बड़ी खबर....!

30 को पंचायत चुनावों का नहीं होगा ऐलान, जानकार सूत्रों के 
अनुसार 2 अक्टूबर तक नहीं होगी पंचायत चुनावों की घोषणा, 
3 अक्टूबर या उसके बाद ही राज्य निर्वाचन आयोग करेगा पंचायत चुनाव का ऐलान,
चुनावों के ऐलान के बाद पूरे प्रदेश में फिर लागू हो जाएगी आचार संहिता....!!
डुप्लीकेट चाबी लगा महज पांच मिनट में 75 लाख कीमत का न्यू डंपर चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चोरी  का डंपर बरामद।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़। जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) एवं  राशमी थाना पुलिस ने  350 अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के गहन विश्लेषण के आधार पर अंतरराज्यीय डंपर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए राशमी पहुना से चोरी हुआ करीब ₹75 लाख मूल्य का न्यू डंपर बरामद किया है। चोरी करने ओर चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त में शामिल गिरोह के दो आरोपियों को नामजद किया गया। मुखबिर सूचना ओर तकनीकी अनुसंधान से पता लगा कि नियाज़ खान गुजरात द्वारा अपने दो साथियों के साथ चित्तौड़गढ़, राजसमंद मप्र सहित विभिन्न स्थानों से कई डंपर चोरी किये है। जिसका गिरफ्तारी के बाद खुलासा होगा 
      जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 15 सितंबर 2026 को प्रार्थी  कैलाश चंद्र गुर्जर निवासी दौलत पूरा भीलवाड़ा ने एक लिखित रिपोर्ट पेश कि की 14 सितंबर की मध्य रात्री लगभग पहुना नायरा पेट्रोल पंप के बाहर खड़ा न्यू डंपर  किमत करीब 75 लाख रूपये को कुछ अज्ञात व्यक्ति द्वारा डुप्लीकेट चाबी बनाकर पांच मिनट में जीपीएस हैक करके चुरा कर ले गये है। आस-पास कॉफी तलाश की गई पर डंपर का कोई पता नहीं चला वगैरा रिपोर्ट पर प्रकरण थाना राशमी पर दर्ज कर अनुसंधान एएसआई धूडाराम द्वारा प्रारम्भ किया गया। पहुना राशमी से न्यू डंपर चोरी  की घटना को गंभीरता से लेते हुए त्वरीत खुलासे के लिये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा एवं  वृत्ताधिकारी गंगरार उदयसिंह के निर्देशानुसार थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के नेतृत्व में थाना हाजा व जिला स्पेशल टीम (चोरी निरोधक टीम) चित्तौडगढ़ की एक विशेष टीम का गठन किया गया। मामले में चोरी की वारदात के खुलासे के लिये गठित टीम द्वारा नायरा पेट्रोल पंप में लगे हुऐ सीसीटीवी फूटेज व घटना स्थल से लेकर नीमच, मंदसौर, जावरा गोदरा, आनंद गुजरात तक करीब 350 से अधिक सीसीटीवी केमरों की रिकॉर्डिंग प्राप्त कर बारिकी से विश्लेषण कर तकनीकी साक्ष्य एवं ह्युमन इंटेलीजेंस का उपयोग करते हुऐ चोरी की घटना कारित करने के बाद अपने अन्य साथियों को बुलाकर चोरी किया गया डंपर को जावरा मप्र से लेने वाले सहित अन्य साथियों को नामजद किया  ओर लगातार पीछा किया ,टीम लगातार 10 दिन तक सीसीटीवी फुटेज ओर नामजद आरोपियों की रेकी कर पीछे लगी रही, क्योंकि इलाका मुस्लिम बाहुल्य होने से टीम के साथी भी मुस्लिम ड्रेस ओर सिर पर टॉपी लगा रेकी करते रहे ओर पीछे लगे रहे जिससे मुलजिम डंपर को आनंद गुजरात के पास एक गोदाम के बाहर छोड़कर फरार हो गए जिनको नाम जद किया गया। अनुसंधान के दौरान एवं सीसीटीवी फुटेजो से पता लगा की इस तरह से अलग-अलग जिलों व राज्य से ओर भी डंपर  चोरी की वारदात नियाज़ व उसके  अन्य साथियों द्वारा करना पाया गया व उन चोरी के वाहनों को अपने दुसरे साथी छोटा उदयपुर गुजरात ओर आनंद गुजरात में बेचना पाया गया। प्रकरण का अनुसंधान जारी है।
केपीएस स्कूल आकोला के 6 क्रिकेट खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

आकोला। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित अंडर-17 एवं अंडर-14 छात्र क्रिकेट प्रतियोगिता में केपीएस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, आकोला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विधालय डायरेक्टर जितेन्द्र कुमार सहलोत ने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में केपीएस स्कूल की अंडर-14 क्रिकेट टीम चैंपियन (विजेता) रही, जबकि अंडर-17 टीम उपविजेता रही। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर विद्यालय के 6 होनहार खिलाड़ियों का राज्य स्तर पर चयन हुआ है। अब ये सभी 6 छात्र चित्तौड़गढ़ जिले की क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में खेलेंगे। अंडर-17 वर्ग में केपीएस स्कूल से हर्ष टांक एवं मनीष बंजारा का एवं अंडर-14 वर्ग में महादेव माली, सुरदीप चौधरी, अक्षत शर्मा और गतिक यादव का चयन हुआ है।
जिंक कौशल केन्द्र के शिक्षार्थियों को साइबर और महिला सुरक्षा के बारे मेें दी जानकारी।

दैनिक वीरधरा राजस्थान।

चित्तौड़गढ़।हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की सीएसआर पहल के तहत टाटा स्ट्राइव के सहयोग से संचालित चंदेरिया स्थित जिंक कौशल केन्द्र में साइबर सुरक्षित राजस्थान अभियान सितंबर 2026 के तहत साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और कालिका यूनिट की टीम ने केंद्र के विभिन्न रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के 65 शिक्षार्थियों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया।    
   कार्यक्रम में साइबर थाना चित्तौड़गढ़ के पुलिस उप अधीक्षक रवींद्र प्रताप सिंह, थानाधिकारी सुमन कुमार, महिला कांस्टेबल सावित्री कुमारी और कालिका यूनिट से महिला कांस्टेबल दुर्गा ने सत्र का संचालन किया। इस अवसर पर चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर सीएसआर हेड सुंदर राज, हेड सिक्योरिटी जी. मल्लेषम, जिंक कौशल केन्द्र के प्रोजेक्ट मैनेजर राज कुमार खत्री एवं सेन्टर मैनेजन अंकुश शर्मा सहित केंद्र के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

साइबर सुरक्षा पर जागरूकता

सत्र के दौरान साइबर थाना चित्तौड़गढ़ थानाधिकारी सुमन कुमार ने विभिन्न कोर्स के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर होने वाले फ्रॉड, ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े जोखिम तथा इंटरनेट के माध्यम से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने शिक्षार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही, किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा पर कालिका यूनिट ने दी जानकारी

महिला सुरक्षा पर आयोजित विशेष सत्र में कालिका यूनिट की दुर्गा ने शिक्षार्थियों को आत्मरक्षा के महत्व और इसके विभिन्न तरीकों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग एवं साइबर उत्पीड़न के खतरों से आगाह करते हुए उनसे बचने के आवश्यक उपाय बताए। सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन्होंने महत्वपूर्ण आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की, जिसमें महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबर शामिल रहे।
    कार्यक्रम के समापन पर सुंदर राज ने इस ज्ञानवर्धक एवं महत्वपूर्ण जागरूकता सत्र के लिए साइबर थाना चित्तौड़गढ़ और कालिका यूनिट की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम जिंक कौशल केन्द्र के शिक्षार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और उन्हें डिजिटल एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आकोला चुनाव का सबसे रोचक एंगल - जवाहरनगर के 5 वार्ड बने चर्चा का केंद्र

दैनिक वीरधरा राजस्थान

आकोला।  20 वार्डों वाली आकोला नगरपालिका में सबसे ज्यादा चर्चा जवाहरनगर के 5 वार्डों (वार्ड 10 से 14) की हो रही है। यहां के नतीजों ने राजनीतिक पंडितों को भी हैरान कर दिया। एक नजर में पांचों वार्डों के रोचक परिणाम: वार्ड 10 - कांग्रेस की सबसे बड़ी जीत, यहां कांग्रेस प्रत्याशी ने 266 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। यह पूरे नगरपालिका चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। जवाहरनगर में कांग्रेस की लहर साफ दिखी।
वार्ड 11 - कांटे की टक्कर, भाजपा जीती, यहां भाजपा प्रत्याशी ने मात्र 7 मतों के मामूली अंतर से जीत हासिल हुई। आखिरी राउंड तक सांसें अटकी रहीं। वार्ड 12 - भाजपा की जमानत जब्त: यहां भाजपा प्रत्याशी की जमानत जब्त हो गई। कांग्रेस के सामने भाजपा तीसरे नंबर पर खिसक गई। वार्ड 13 - उलटफेर, कांग्रेस की जमानत जब्त, निर्दलीय जीता: सबसे बड़ा उलटफेर यहीं हुआ। यहां कांग्रेस की जमानत जब्त हो गई, भाजपा हारी और निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मार ली। यही निर्दलीय बाद में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस के साथ (13 वां वोट) जुड़ा।

वार्ड 14 - पैराशूट प्रत्याशी ने मंडल अध्यक्ष को घर में हराया:

यहां कांग्रेस के पैराशूट प्रत्याशी (बाहरी वार्ड से लाकर लड़ाए गए) अफज़ल मंसुरी ने भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष शंकर साहू के गृह क्षेत्र में उन्हें 72 मतों से पराजित कर दिया। यह भाजपा के लिए सबसे शर्मनाक हार मानी जा रही है। इसे भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष शंकर साहू और भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

चर्चा क्यों ?
जवाहरनगर के इन 5 वार्डों ने साबित कर दिया कि अशोक गहलोत द्वारा बनाई गई इस नगरपालिका के पहले ही चुनाव में जवाहरनगर निर्णायक रणभूमि बना।
सीक्रेट सिंगर म्यूूजिकल ग्रुप पार्श्वगायक महेन्द्रकपूर की पुण्यतिथि पर श्रद्वांजलि अर्पित की।

दैनिक वीरधरा राजस्थान। 

चित्तौडगढ़। शहर के सीक्रेट सिंगर म्यूूजिकल ग्रुप द्वारा भारतीय सिनेमा जगत के सुप्रसिद्व महान पार्श्वगायक महेन्द्रकपूर साहब की पुण्यतिथि पर उन्हें हार्दिक श्रद्वांजलि अर्पित की गई। 
 ग्रूप के संस्थापक बालेश गौड ने बताया कि होटल कुम्भा पैलेस जीरो डिग्री पर आयोजित कार्यक्रम मे शैलेन्द्र अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, संदीप सेठिया ने कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं राजेश भंडारी और रितु भटनागर ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में कार्यक्रम मे शिरकत की। 
  ग्रुप के अध्यक्ष संजय कोदली ने बताया कि अतिथियों द्वारा मां शारदे एवं महेन्द्रकपूर को माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित करके कार्यक्रम की शुरूआत की गई। 
 कार्यक्रम के ग्रूप कलाकारो ने महेन्द्र कपूर साहब के गीतों के साथ साथ अन्य कलाकारो के एक से बढकर एक बेहतरीन गीत प्रस्तुत किये और श्रोताओ को झूमने पर मजबुर कर दिया। 
 ग्रुप के मीडिया प्रभारी महेन्द्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में संजय कोदली, बालेश गौड, सी.पी. शर्मा, भगवतीलाल सालवी, संदीप सेठिया, विष्णु भारती, राजेश भंडारी, अल्का चतुर्वेदी, रितु भटनागर, शैलेन्द्र अग्रवाल, महेन्द्र शर्मा, राजकुमार सोनी, मुकेश, दिनेशपुरी, ईशा कंवर आजा आयी बहार, पिंकी राज, नवीन पटवारी, निशा गौड, पूजा गदिया, गरिमा टेलर आदि ने गीतों की प्रस्तुती देकर समां बांध दी। 
 श्रोताओं द्वारा कार्यक्रम की बहुत तारीफ़ की गयी। कार्यक्रम का संचालन संजय कोदली ने किया।
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित।

 दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।

सवाई माधोपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत बाल विकास परियोजना कार्यालय खण्डार के तत्वावधान में ग्राम पंचायत छारोदा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं तथा स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
   कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जितेन्द्र गोठवाल ने कहा कि यह आयोजन आंगनबाड़ी मानदेय कार्मिकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं लाभार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग युगल मीना ने बताया कि 25 से 27 सितम्बर तक जिले के सभी 1,139 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जिले की 1,075 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 1,000 सहायिकाओं को पौधे/प्लांटर एवं प्रधानमंत्री का संदेश प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में 78,364 प्रतिभागियों एवं जनसमुदाय ने सहभागिता की।
  कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आकर्षक रंगोलियां बनाकर महिला एवं बाल विकास तथा चिकित्सा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।