
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर पेंशनर्स विभाग, अभिभाषक संघ सभागार, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह एवं राजकीय सामान्य चिकित्सालय, सवाई माधोपुर में निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया।
आयोजित चिकित्सा शिविरों में मेडिकल टीम द्वारा वृद्धजनों एवं अन्य आमजन के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांचें की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श के साथ निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। पेंशनर्स विभाग सवाई माधोपुर में आयोजित चिकित्सा शिविर में 20, अभिभाषक संघ सभागार सवाई माधोपुर में 52, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सवाई माधोपुर में 47 तथा राजकीय सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल 224 लोगों को चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम द्वारा वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली गई एवं उनको अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने एवं किसी भी प्रकार की विधिक सलाह एवं सहायता के लिए पैनल अधिवक्ताओं, अधिकार मित्रों एवं कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सम्पर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह सवाई माधोपुर में उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग रविंद्र कुमार मीणा के सहयोग से वृद्धजनों के सम्मान हेतु सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।