
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल 17 एवं 19 वर्ष के छात्र वर्ग क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरूवार को जिला कलक्टर काना राम एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर किया।
इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को नियमों के प्रति निष्ठा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई गई।
प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन के संयोजन में किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता संयोजक चन्द्रशेखर जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में 17 वर्ष वर्ग की 44 टीमों में 528 खिलाड़ी तथा 19 वर्ष वर्ग की 43 टीमों 516 कुल 87 टीमों के 1044 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। उनके साथ 109 दल प्रभारी एवं प्रशिक्षक, निदेशालय बीकानेर द्वारा नियुक्त चयन समिति के 22 निर्णायक सदस्य शामिल है। प्रतियोगिता के दौरान प्रथम दिन खेले गए मैचों में 17 वर्ष में डींग-बूंदी के मैच में बूंदी की टीम विजेता रही। डूंगरपुर-भरतपुर में डूंगरपुर की टीम, कोटपुतली बहरोड़-करौली में कोटपुतली बहरोड़ की टीम, बांसवाड़ा-झालावाड़ में बांसवाड़ा, बांरा-बालोतरा में बांरा की टीम विजेता रही। इसी प्रकार 19 वर्ष में टोंक-डूंगरपुर में डूंगरपुर की टीम, दौसा-चुरू में दौसा की टीम, कोटपुतली बहरोड़-खेरथल तिजारा में कोटपुतली बहरोड की टीम विजेता रही। इस प्रतियोगिता में कुल 288 मैच खेले जाएंगे।
चार स्थानों पर मुकाबले:
प्रतियोगिता के मैच पुलिस लाइन मैदान, दशहरा मैदान, फतेह पब्लिक स्कूल मैदान एवं सेंट एन्सलम्स स्कूल मैदान पर आयोजित किए जा रहे हैं। खिलाड़ियों की सुविधा एवं प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए शारीरिक शिक्षकों की टीम द्वारा कुल पांच खेल मैदान तैयार किए गए हैं।