
जल जीवन मिशन में लंबित कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध पूर्णता करने के निर्देश।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, भुगतान, लंबित कार्यों तथा पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने योजनाओं में तेजी लाते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने प्रोजेक्ट एवं रेट्रोफिटिंग योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा योजनाओं के भुगतान में आ रही बाधाओं का संबंधित स्तर पर समन्वय एवं आवश्यक पत्राचार के माध्यम से शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का ग्राम सभा के माध्यम से प्रमाणन कराने, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने तथा आईएमआईएस पोर्टल पर लंबित अपडेट तत्काल पूरा कराने को कहा। उन्होंने नल जल मित्रों के चयन एवं प्रशिक्षण, हर घर जल प्रमाणीकरण, डैशबोर्ड डाटा अपडेट तथा आगामी जल अर्पण कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु के बाद नियमित अंतराल पर पेयजल के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा किसी भी स्थिति में दूषित जलापूर्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।