
विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित।
दैनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। विकसित भारत जन सेवा अभियान-2026 के तहत बाल विकास परियोजना कार्यालय खण्डार के तत्वावधान में ग्राम पंचायत छारोदा में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय से जोड़ने के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं तथा स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक जितेन्द्र गोठवाल ने कहा कि यह आयोजन आंगनबाड़ी मानदेय कार्मिकों के सम्मान एवं प्रोत्साहन के लिए एक महत्वपूर्ण प्रयास है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं लाभार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।
अतिथियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है।
उप निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग युगल मीना ने बताया कि 25 से 27 सितम्बर तक जिले के सभी 1,139 आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में जिले की 1,075 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं 1,000 सहायिकाओं को पौधे/प्लांटर एवं प्रधानमंत्री का संदेश प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रमों में 78,364 प्रतिभागियों एवं जनसमुदाय ने सहभागिता की।
कार्यक्रमों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आकर्षक रंगोलियां बनाकर महिला एवं बाल विकास तथा चिकित्सा विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। उपस्थित प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।