
कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदो ने शहर की मूलभूत समस्याओं को लेकर नगर परिषद सभापति एवं आयुक्त को कराया अवगत
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चित्तौड़गढ़ के विभिन्न वार्डों में व्याप्त मूलभूत समस्याओं को लेकर नवनिर्वाचित पार्षदों द्वारा नगर परिषद सभापति अनिल ईनाणी एवं आयुक्त रविंद्र यादव को ज्ञापन सौंपकर शहर की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने सभापति प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व शिष्टाचार मुलाकात करते हुए बधाई दी।
ज्ञापन में कहा गया कि नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने के बाद जनता ने अपने प्रतिनिधियों पर विश्वास जताया है। अब निर्वाचित जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं के समाधान के लिए मिलकर कार्य करें।
प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि ज्ञापन के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त करवाने, गंदगी एवं नालियों में पानी की निकासी की समस्या का समाधान करने, नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, ट्यूबवेल एवं पानी की टंकियों की खराब स्थिति को दुरुस्त करवाने, स्टार्टर एवं पाइपलाइन लीकेज की समस्या का समाधान कर पेयजल की बर्बादी रोकने, नियमित कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध करवाने, क्षतिग्रस्त सड़कों एवं टूटे हुए मार्गों की आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं नवीनीकरण करवाने, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा गोवंश को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान पर रखने, बढ़ती आवारा श्वानों की समस्या को देखते हुए उनकी नसबंदी करवाकर उचित स्थान पर व्यवस्थापन करने सहित शहर की अन्य मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि शहर की समस्याओं के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए पक्ष-विपक्ष के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की संयुक्त समन्वय समिति गठित की जाए, ताकि सभी वार्डों की समस्याओं पर नियमित रूप से चर्चा कर उनका समयबद्ध समाधान करवाया जा सके।
नवनिर्वाचित कांग्रेस पार्षदों ने नगर परिषद प्रशासन से आग्रह किया कि उपरोक्त समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेकर शीघ्र ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि त्यौहारी सीजन में चित्तौड़गढ़ शहर में विकास एवं व्यवस्थाओं का नया अध्याय लिखा जा सके।
इस अवसर पर सभापति प्रत्याशी नगेंद्र सिंह राठौड़, पार्षद धर्मेंद्र मूंदड़ा, मो. इब्राहिम, टिंकू धामानी, शंभुलाल प्रजापत, कलिका जैन, रेखा शर्मा, प्रेमलता जीनगर, रेहान हसन, फिरदौस बानो, राधा माली, दिया तिवारी, कैलाश देवी नीलमणि, वासु लोठ, पार्षद प्रतिनिधि गोविंद शर्मा, नवरतन जीनगर, नवीन जैन, मोहन भोई, राहुल मीणा, देवराज माली, बद्रीलाल नीलमणि, फिरोज खान प्रत्याशी बहादुर बैरवा, नारायण भोई सहित कांग्रेस जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।