सेवा संकल्प अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन
हरदोई। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को श्रीश चन्द्र बारात घर में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा कार्यक्रम में दिए गए संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्वलित की और सेवा ज्योति यात्रा निकाली।
सेवा ज्योति यात्रा श्रीश चन्द्र बारात घर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई शहीद उद्यान पहुंची। यहां शहीद स्तंभ पर सेवा ज्योति स्थापित की गई। उपस्थित लोगों ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली, आबकारी एवं मद्य निषेध विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नितिन अग्रवाल, सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिला प्रभारी कमलेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।