नवरात्रि, दशहरा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, डीएम ने दिए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े निर्देश
हरदोई। आगामी नवरात्रि, दशहरा एवं अन्य त्यौहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से आए धर्मगुरुओं, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, दुर्गा पूजा समितियों, रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान थाना क्षेत्रों से आए लोगों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक अपने त्योहार को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में मना सके। उन्होंने धर्मगुरुओं और आयोजन समितियों के सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने तथा त्योहारों को शांति, सद्भाव और परंपरागत उल्लास के साथ मनाने की अपील की।
डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा पंडालों, रामलीला स्थलों और अन्य आयोजन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करें। जहां भी कमी मिले, वहां विद्युत, नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, जल निगम और अग्निशमन विभाग समेत संबंधित विभागों से समन्वय कर तत्काल समस्या का समाधान कराया जाए।
उन्होंने पंडालों में विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन यंत्र, प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग, सीसीटीवी कैमरे, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना अनुमति कोई पंडाल न लगाए जाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल और वालंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
लाउडस्पीकर का प्रयोग न्यायालय के निर्देशों के अनुसार निर्धारित समयावधि में ही करने के निर्देश दिए गए। जुलूस और मूर्ति विसर्जन के मार्गों का पहले से निरीक्षण करने तथा जर्जर सड़कों और लटकते विद्युत तारों को समय रहते दुरुस्त कराने को कहा गया। डीएम ने जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने और बड़े मेलों में चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि सभी आयोजन परंपरागत तरीके से ही संपन्न कराए जाएं। मूर्ति विसर्जन निर्धारित स्थलों पर ही किया जाए और मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों से अधिक न हो। पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए जाएं तथा सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए।
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी आयोजक समय से कार्यक्रम की अनुमति प्राप्त कर लें। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी दीपाली भार्गव, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।