बिलग्राम में 76वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का दूसरा दिन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
बिलग्राम। बीजीआरएम इंटर कॉलेज, बिलग्राम के खेल मैदान में आयोजित 76वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 के दूसरे दिन बुधवार को खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। जनपद के करीब 55 विद्यालयों से पहुंचे सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
सुबह से ही खेल मैदान खिलाड़ियों की ऊर्जा और उत्साह से भरा रहा। दौड़, कूद और थ्रो स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अपने विद्यालय के खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए पहुंचे छात्र-छात्राओं की तालियों और जयघोष से खेल परिसर गूंजता रहा।
द्वितीय दिवस की प्रमुख स्पर्धाओं में सीनियर बालक 3000 मीटर दौड़ में बीजीआर इंटर कॉलेज बिलग्राम के अतुल यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। श्री देवी दयाल इंटर कॉलेज सुभानखेड़ा के धर्मवीर द्वितीय और सेठ बाबू राम भारती इंटर कॉलेज पाली के आकाश तृतीय स्थान पर रहे।
सब-जूनियर बालक डिस्कस थ्रो में भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज संडीला के गौतम ने पहला, इसी विद्यालय के सौरभ मौर्या ने दूसरा तथा दयानंद इंटर कॉलेज सुरसा के शानू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
जूनियर बालक गोला फेंक में सेठ बाबू राम भारती इंटर कॉलेज पाली के अनुभव प्रथम, बीएन इंटर कॉलेज मल्लावां के मोहित द्वितीय और पीवीआर इंटर कॉलेज गौसगंज के अरुण तृतीय रहे।
सब-जूनियर बालिका 200 मीटर दौड़ में छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज हसनापुर की सोनी ने प्रथम, देवी दयाल इंटर कॉलेज सुभानखेड़ा की मानसी ने द्वितीय तथा बेनी माधव इंटर कॉलेज हरदोई की छाया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर बालिका त्रिकूद में बीएन इंटर कॉलेज मल्लावां की प्रतिभा तिवारी प्रथम, इसी विद्यालय की अंजलि द्वितीय तथा अंबिका बक्स इंटर कॉलेज पंढरवा किला की आकांक्षा तृतीय स्थान पर रहीं।
सीनियर बालक चक्का फेंक में बीएन इंटर कॉलेज भगवंतनगर मल्लावां के अतुल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हत्याहरण इंटर कॉलेज हत्याहरण के संदीप कुमार वर्मा द्वितीय और बीएन इंटर कॉलेज भगवंतनगर मल्लावां के विनय कश्यप तृतीय रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक के मुख्य निर्देशन में किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में दिव्य आलोक सेवा फाउंडेशन, मल्लावां-हरदोई का विशेष सहयोग मिल रहा है। फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं बिलग्राम-मल्लावां विधायक डॉ. आशीष सिंह ‘आशू’ के सहयोग से खिलाड़ियों के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता के द्वितीय दिवस पर आयोजन समिति, निर्णायक मंडल, क्रीड़ा शिक्षक और व्यवस्था में लगे शिक्षक-कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं का सुव्यवस्थित संचालन कराया। इस दौरान अरुण कुमार बाजपेयी, अखिलेश कुमार, हरिश्चंद्र गौतम, महेश प्रसाद, अनुज कुमार यादव, सुनील कुमार रस्तोगी, जिला क्रीड़ा सचिव रामदयाल, हंसराज कुशवाहा, एसएन त्रिवेदी, शिवकांत कुशवाहा, उमाशंकर, रजनीश पांडेय, अनुराग मिश्रा, हेमा सिंह, निगार बेगम, मैना गुप्ता, संगीता टंडन और मीनू वर्मा आदि मौजूद रहे।
दूसरे दिन विजेता खिलाड़ियों में उत्साह और खुशी दिखाई दी, जबकि अन्य प्रतिभागियों में आगामी स्पर्धाओं में बेहतर प्रदर्शन करने का जज्बा नजर आया। प्रतियोगिता ने बिलग्राम में खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान किया है।