निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम में मानकों की अनदेखी पर सीडीओ ने जताई नाराजगी, दिसंबर तक काम पूरा करने के निर्देश
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने मंगलवार को प्रोजेक्ट अलंकार योजना के तहत राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई में निर्माणाधीन इंडोर स्टेडियम का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति करीब 35 प्रतिशत पाई गई। निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमी मिलने पर सीडीओ ने कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।
इंडोर स्टेडियम का निर्माण परियोजना प्रबंधक, सीएंडडीएस द्वारा कराया जा रहा है। परियोजना के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 में 492 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 216 लाख रुपये दिसंबर 2025 में जारी किए गए थे। कार्यदायी संस्था ने 10 मई 2026 से निर्माण कार्य शुरू किया था।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने स्टेडियम के विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान ब्रिक वर्क की चिनाई में प्रयुक्त मोर्टार की मोटाई निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। इस पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार कराने तथा निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि पहली किश्त के सापेक्ष निर्धारित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराकर उसका उपभोग प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि दूसरी किश्त की धनराशि समय से प्राप्त की जा सके। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही इंडोर स्टेडियम का संपूर्ण निर्माण दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी कर निर्धारित समयसीमा में परियोजना पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रदीप पाल, कार्यदायी संस्था के स्थानीय अभियंता हिमांशु सक्सेना व संदीप कुमार, माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला समन्वयक अभय जैन तथा राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य मौजूद रहे।