विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
लखीसराय। समाहरणालय स्थित गांधी मैदान के खेल भवन में सोमवार को “विकसित भारत की संकल्पना” विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिले के सभी आठ शिक्षा अंचलों से प्रथम स्थान प्राप्त कर चयनित प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, समग्र शिक्षा सीमा कुमारी सहित निर्णायक मंडल के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई। भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 वर्ग में तुलसी कुमारी प्रथम, वैष्णवी प्रिया द्वितीय और आदित्य राज तृतीय रहे। कक्षा 9 से 12 वर्ग में कोमल कुमारी प्रथम, लवराज द्वितीय और नंदनी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
चित्रकला प्रतियोगिता के कक्षा 6 से 8 वर्ग में रिया कुमारी प्रथम, सोनम कुमारी द्वितीय और अंकुश कुमारी तृतीय रहीं। वहीं कक्षा 9 से 12 वर्ग में नंदनी कुमारी प्रथम, दिशु द्वितीय और दुर्गेश्वरी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
सभी सफल प्रतिभागियों को उप विकास आयुक्त सुमित कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने प्रमाण-पत्र व स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान डीडीसी ने विद्यार्थियों से संवाद कर भाषण कला के विभिन्न टिप्स दिए और प्रतिभा को लगातार निखारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पीयूष कुमार झा ने किया और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।