Public App Logo
Profile Picture

Only News Bihar

@onlynewsbihar1
327Followers
1Following
पहाड़ी क्षेत्र में औषधीय खेती की नई पहल, महाजन्मा में शुरू हुआ वैली ऑफ हर्बल गार्डन

लखीसराय। चानन प्रखंड के भलुई पंचायत अंतर्गत महाजन्मा जनजाति ग्राम में रविवार को ‘वैली ऑफ हर्बल गार्डन’ की शुरुआत की गई। जिला प्रशासन, कृषि विभाग के उद्यान निदेशालय एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयास से पहाड़ी क्षेत्र की प्राकृतिक खूबसूरती को औषधीय पौधों की खेती से जोड़कर विकसित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला उद्यान पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दुर्लभ औषधीय पौधों का रोपण किया। कुल 20 प्रकार के हर्बल मेडिसिनल प्लांट्स को अलग-अलग बेड तैयार कर पांच-पांच पौधों के रूप में लगाया गया। इसके अलावा कालमेघ और तुलसी के बीज खुले खेत में बोए गए।

रोपित किए गए प्रमुख औषधीय पौधों में वच, अजवाइन, काली हल्दी, कोलियस, हथजोड़, तीतराज, शतावर, काली मूसली, पत्थरचूड़, अश्वगंधा, एलोवेरा, गुग्गुल, अनंतमूल, दमबेल, सेंट्रीनोला, लेमनग्रास, सिंधुवार, पीपली और कालमेघ शामिल हैं।

किसानों को कैश क्रॉप से जोड़ने की पहल

जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्लभ औषधीय पौधों की खेती के माध्यम से क्षेत्र के किसानों को धान-गेहूं जैसी पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर कैश क्रॉप की दिशा में ले जाने की पहल की जा रही है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने के साथ क्षेत्र में उद्यानिकी आधारित रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी विकसित होंगे।

उन्होंने आगे उद्यानिकी उत्पादों की प्रोसेसिंग, कृषि यंत्रों की उपलब्धता, डिस्टिलेशन सेंटर की स्थापना तथा वाहनों पर अनुदान की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन के प्रयासों और क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों द्वारा अपनाई जा रही नई खेती की सराहना की।

ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को औषधीय पौधों के महत्व और इनके व्यावसायिक उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। किसानों से कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधन कराने और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। कृषि यंत्रों के वितरण और निबंधन के लिए अलग से कैंप लगाने का भी निर्देश दिया गया।

बताया गया कि इससे पूर्व जिला पदाधिकारी एवं जिला प्रशासन की टीम द्वारा इस क्षेत्र का भ्रमण किया गया था। प्राकृतिक रूप से समृद्ध इस पहाड़ी वैली को ‘वैली ऑफ हर्बल मेडिसिनल गार्डन’ के रूप में विकसित करने की योजना कृषि एवं उद्यान विशेषज्ञों के सुझाव के आधार पर तैयार की गई थी। इसी क्रम में बिहार कृषि विश्वविद्यालय से प्राप्त दुर्लभ पौधों और बीजों का रोपण कर परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त राजीव रंजन, जिला उद्यान पदाधिकारी आनंद कुमार, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण किशन कुमार, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण अशोक कुमार, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण चंदन कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी चानन सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं महाजन्मा गांव के प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।
लखीसराय। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पौधारोपण कर अटल जी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
लखीसराय में खुला इलेक्ट्रिक स्कूटर का नया शोरूम

लखीसराय। नया बाजार पुलिस लाइन के समीप इलेक्ट्रिक स्कूटर का नया शोरूम खुल गया है। ग्राहकों के लिए यहां इलेक्ट्रिक स्कूटर के विभिन्न मॉडल उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि 17 सितंबर तक विशेष ऑफर भी चल रहा है।

अगर आप नया इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने की सोच रहे हैं, तो एक बार शोरूम पर जरूर आएं और आकर्षक ऑफर का लाभ उठाएं। बेहतर फीचर्स, आधुनिक डिजाइन और किफायती सफर के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटर आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
लखीसराय नगर भवन में गूंजा देशभक्ति का तराना, छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुति ने मोहा मन

लखीसराय । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से नगर भवन परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा नगर भवन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा नया बाजार स्थित नगर भवन परिसर में  आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री सह क्षेत्रीय विधायक विजय कुमार सिन्हा, डीएम शैलेंद्र कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देशभक्ति गीतों पर बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों में उत्साह और देशप्रेम का जज्बा भर दिया। एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति ने नगर भवन में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लखीसराय। शिवांश ईभी मोटर्स की ओर से 80 वां स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। अधिक जानकारी के लिए सिकंदरा रोड में संपर्क करें।
भाजपा कार्यालय में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा परिसर

1857 का संग्राम था पहला महान स्वतंत्रता समर : दीपक कुमार सिंह

विदेशी फंडिंग और अराजक तत्वों पर नियंत्रण जरूरी : भाजपा जिलाध्यक्ष

लखीसराय। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बाईपास रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण से पूर्व कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् का गान किया, जबकि झंडोत्तोलन के बाद सामूहिक राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।

जिला कार्यालय के बाद विधानसभा प्रधान कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभागार में हुई सभा के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जबकि पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने कहा कि 1857 का संग्राम अंग्रेजों के लिए भले ही सिपाही विद्रोह रहा हो, लेकिन वास्तव में यह भारत का पहला महान स्वतंत्रता समर था, जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। उन्होंने विदेशी फंडिंग और धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि एफसीआरए नियमों के तहत विदेशी धन के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी आवश्यक है, ताकि सामाजिक समरसता प्रभावित न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

जिला महामंत्री सनोज साहू ने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान से मिली आजादी को अक्षुण्ण रखना और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को जोड़ना ही हमारा प्रमुख ध्येय होना चाहिए। मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक से जागरूक होकर सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, उपाध्यक्ष नवीन सिंह, संजय सिंह, मंत्री अभिषेक सिंह, हिमांशु पटेल, मंडल अध्यक्ष मुकुल सिंह, धनंजय विभोर, जयशंकर पांडेय, कृष्णनंदन महतो, शंकर महतो, उमेश महतो, बैंकेश्वर सिंह, रौशन झा, जिला प्रवक्ता रामानंद सिंह, बाल्मीकि सिंह, रामप्रवेश साहू, मोर्चा अध्यक्ष आशा पासवान, विकास आनंद, सोनू चंद्रवंशी, नीतू आर्या सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लखीसराय। श्री राधे हॉस्पिटल की ओर  से 80 वां स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
लखीसराय। प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने दी झंडे को सलामी।
एचआईवी जागरूकता को लेकर बैठक, जन-जन तक सही जानकारी पहुंचाने पर जोर

लखीसराय। उप विकास आयुक्त सुमित कुमार की अध्यक्षता में एचआईवी संक्रमण से बचाव एवं जागरूकता को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में संक्रमण के कारण, बचाव, समय पर जांच और उपचार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सभी संबंधित विभागों को आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों एवं सामुदायिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। लोगों को एचआईवी संक्रमण के फैलने और नहीं फैलने के माध्यमों की सही जानकारी देने के साथ संक्रमित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव न करने की अपील की गई। डीडीसी ने सभी विभागों को समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
हेलमेट जांच अभियान में 1.56 लाख रुपये जुर्माना वसूला

लखीसराय। जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष हेलमेट जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान बी.एड. कॉलेज से बायपास रोड मोड़ तक संचालित किया गया।

जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO), मोटरयान निरीक्षक (MVI) एवं परिवहन विभाग की टीम ने विद्यापीठ और डी.ए.वी. मोड़ पर सघन वाहन जांच की। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उन्हें हेलमेट के नियमित उपयोग के साथ यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।

जांच के दौरान आवश्यक कागजात नहीं पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 1 लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

परिवहन विभाग की टीम ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट पहनने और सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का उपयोग करें।

सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
लखीसराय। मेदनी चौकी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी क्या है पूरा मामला।
वासुदेव दास की तीसरी पुण्यतिथि पर नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

लखीसराय। नया बाजार जयनगर स्थित लाल पहाड़ी में पूर्व चेयरमैन सुधा कुमारी के आवास पर वासुदेव दास की तीसरी पुण्यतिथि श्रद्धा और भावुक माहौल में मनाई गई। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे और दिवंगत वासुदेव दास को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
वासुदेव दास सिविल कोर्ट में बड़ा बाबू के पद पर लखीसराय, मुंगेर और खगड़िया जिले में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके कार्यकाल को लोगों ने बेहद बेहतर और सराहनीय बताया।पुण्यतिथि के मौके पर परशुराम कुमार ने कहा कि वासुदेव दास अपने कार्यकाल में बेहतर कार्यों के लिए काफी चर्चित रहे। वे मृदुभाषी, मिलनसार और सहज स्वभाव के लोकप्रिय व्यक्ति थे। उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा।पुण्यतिथि कार्यक्रम में लाल पहाड़ी सहित आसपास के बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने श्रद्धासुमन अर्पित कर वासुदेव दास की स्मृतियों को नमन किया।
बिजली व्यवस्था को लेकर डीएम ने ग्रिड व सब-स्टेशनों का किया निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने का निर्देश

लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने बड़हिया एवं विद्यापीठ चौक स्थित विद्युत ग्रिड सब-स्टेशनों के साथ निर्माणाधीन अशोक धाम पावर सब-स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग, कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

बड़हिया में निर्माणाधीन 132/33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन का निरीक्षण करते हुए डीएम ने निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया। 40 एमवीए क्षमता वाले इस ग्रिड के चालू होने से बड़हिया क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी तथा अतिरिक्त बिजली उपलब्ध होने पर प्रतापपुर, बिरूपुर और खुटहा समेत अन्य PSS को भी आपूर्ति में मदद मिलेगी।

इसके बाद डीएम ने बड़हिया STP के सामने स्थित गंगा घाट का निरीक्षण कर जलस्तर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर आवश्यक बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विद्यापीठ चौक स्थित 132/33KV GSS के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रांसमिशन, ट्रिपिंग एवं विद्युत उपलब्धता की जानकारी ली। करीब 150 मेगावाट क्षमता वाले इस GSS से जिले के 16 PSS को बिजली आपूर्ति की जाती है। डीएम ने निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अंत में उन्होंने निर्माणाधीन अशोक धाम PSS का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की समीक्षा की और निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित सौरभ सहित संबंधित अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।
लखीसराय। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर परिषद के द्वारा केआरके हाई स्कूल मैदान में किया गया वृक्षारोपण।
लखीसराय जिला प्रशासन के द्वारा शहर में निकाली गई तिरंगा यात्रा।
लखीसराय। हर घर तिरंगा अभियान के तहत नगर परिषद के द्वारा निकाला गया तिरंगा यात्रा।
लखीसराय। गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का फुल ड्रेस रिहर्सल , तिरंगे को दी गई सलामी।
जनजातीय क्षेत्रों में जनसुनवाई, समस्याओं के त्वरित समाधान का दिया भरोसा
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के आदि कर्म योगी अभियान के तहत जिला पदाधिकारी  शैलेन्द्र कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न आदि सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए गए। आदि कर्मयोगी स्वयंसेवकों के माध्यम से आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजातीय गांवों में समाज की अंतिम पंक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में चानन प्रखंड की भलुई पंचायत के बाशकुंड, संग्रामपुर पंचायत के कछुआ तथा सूर्यगढ़ा प्रखंड के बुधौली बनकर एवं श्री किसुन ग्राम में जनसुनवाई आयोजित की गई।
जनसुनवाई के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, ग्रामीण विकास, कृषि, वन, राजस्व और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को रखा तथा समाधान के लिए आवेदन सौंपे। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उपलब्ध कराया गया, ताकि नियमानुसार उनका शीघ्र निष्पादन किया जा सके।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानकारी दी। प्रशासन की ओर से जनजातीय समुदाय के लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयास जारी रखने का आश्वासन दिया गया।
नगर निकायों की सुरक्षा होगी मजबूत, सशस्त्र गृह रक्षकों की होगी प्रतिनियुक्ति
लखीसराय। जिले के तीनों नगर निकायों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की कवायद शुरू कर दी गई है। नगर निकायों में सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक संख्या में सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसको लेकर गुरुवार को जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर नगर निकायवार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
विशेष सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार, पटना के पत्रांक 2730,  5 अगस्त  के आलोक में आयोजित बैठक में जिले के नगर निकायों में वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध बलों तथा भविष्य की आवश्यकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य नगर निकायों में सुरक्षा संबंधी जरूरतों का आकलन कर उसके अनुरूप सशस्त्र गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करना था।
बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय से जिले में उपलब्ध होमगार्ड जवानों की स्थिति की जानकारी ली। इसके अलावा बीएमपी, उत्पाद विभाग तथा अन्य कार्यालयों में पदस्थापित बलों की उपलब्धता और उनकी वर्तमान तैनाती की भी समीक्षा की गई। नगर निकायों की सुरक्षा आवश्यकताओं के अनुरूप उपलब्ध बलों का आकलन करते हुए जल्द प्रतिनियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया गया।
जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी की ओर से जिले में उपलब्ध पुरुष एवं महिला गृह रक्षकों की संख्या एवं उनकी तैनाती से संबंधित आवश्यक जानकारी बैठक में उपलब्ध कराई गई।
जिला पदाधिकारी ने जिला समादेष्टा को निर्देश दिया कि सभी नगर निकायों की सुरक्षा जरूरतों का समुचित आकलन कर आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द गृह रक्षकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि नगर निकायों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। साथ ही नगर निकायों में प्रतिनियुक्त किए जाने वाले सशस्त्र बलों के भुगतान एवं आवासन की व्यवस्था संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला समादेष्टा, बिहार गृह रक्षा वाहिनी, लखीसराय, नगर परिषद एवं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
लखीसराय। राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति की भावना से निकाली गई साइकिल तिरंगा यात्रा।
लखीसराय। उत्पाद विभाग की कार्रवाई सात शराब कारोबारी गिरफ्तार।
दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना को लेकर बैठक, अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण

लखीसराय। जिले के दूरस्थ एवं सेवा वंचित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या और नए मोबाइल टावर की स्थापना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, बीएसएनएल लखीसराय के JTO अनीश कुमार, निदेशक ग्रामीण दूरसंचार विभाग पटना सत्येश कुमार सहित जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सूर्यगढ़ा बीडीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में बताया गया कि जिले में चार प्रमुख डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जहां मोबाइल नेटवर्क या तो उपलब्ध नहीं है अथवा बेहद कमजोर है। इनमें सूर्यगढ़ा प्रखंड के हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम एवं मोरवे डैम के मध्य का क्षेत्र तथा लठिया भैरो टोला (कोरासी) और चानन प्रखंड के सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र शामिल हैं।

सतघरवा, महाजनवा, कुंदरी एवं राजघाट कोल क्षेत्र में मोबाइल टावर स्थापना की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इन स्थानों पर जल्द ही टावर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। वहीं, अन्य चिह्नित क्षेत्रों में जिला प्रशासन, दूरसंचार मंत्रालय, बीएसएनएल, एयरटेल, जियो एवं अन्य नेटवर्क प्रदाता कंपनियों की टीम संयुक्त रूप से सर्वे करेगी। सर्वे के बाद तकनीकी रूप से उपयुक्त स्थानों का चयन कर मोबाइल टावर स्थापित किए जाएंगे।बैठक के बाद जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में बीएसएनएल की टीम एवं संबंधित पदाधिकारियों ने हनुमान स्थान, श्रृंगी ऋषि धाम, मोरवे डैम के मध्य क्षेत्र तथा लठिया भैरो टोला (कोरासी) का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान संभावित स्थलों पर बीएसएनएल नेटवर्क की फ्रीक्वेंसी एवं तकनीकी उपयुक्तता की जांच की गई, ताकि ऐसे स्थान का चयन किया जा सके, जहां से अधिकतम क्षेत्र में बेहतर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय लोगों को बेहतर मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा उपलब्ध होगी और डिजिटल कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर टावर स्थापना का कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा मजबूत होने से आम नागरिकों को मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा।
थोक उर्वरक विक्रेताओं व विभागीय योजनाओं की समीक्षा, निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने का निर्देश

लखीसराय। संयुक्त निदेशक (शष्य), मुंगेर प्रमंडल, मुंगेर की अध्यक्षता में बुधवार को लखीसराय जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार समेत जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान जिले में उर्वरक की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और किसानों को निर्धारित सरकारी दर पर खाद की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित कराने सहित विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

संयुक्त निदेशक (शष्य) ने सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को खाद उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उर्वरक का वितरण निर्धारित प्रक्रिया एवं सरकारी दर के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनियमित वितरण पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उद्यान कार्यालय, कृषि अभियंत्रण, पौधा संरक्षण कार्यालय एवं मिट्टी जांच प्रयोगशाला से संबंधित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को पात्र किसानों तक योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने, क्षेत्र भ्रमण बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी अनुश्रवण का निर्देश दिया गया।

जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार ने जिले में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था तथा विभागीय योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों एवं उर्वरक विक्रेताओं को किसानों के हित में बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला उद्यान पदाधिकारी राजीव रंजन, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण आनंद कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी श्रवण कुमार, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण अंकित आनंद, सहायक निदेशक भूमि संरक्षण अशोक कुमार सहित जिले के सभी थोक उर्वरक विक्रेताओं ने भाग लिया।
प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और FLN को लेकर डीएम ने दिए अहम निर्देश

लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बिहार शिक्षा परियोजना, लखीसराय की जिला कार्यकारिणी एवं बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (FLN) से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, बच्चों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने, ड्रॉपआउट दर कम करने तथा भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिला पदाधिकारी ने जिला स्तर पर पायलट योजना के तहत 10 विद्यालयों का चयन करने का निर्देश दिया। चयनित विद्यालयों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का नियमित संचालन किया जाएगा। विद्यालय शुरू होने की पहली घंटी में बच्चों के लिए फिजिकल एक्टिविटी कराने का भी निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों की विद्यालय के प्रति रुचि बढ़े और ड्रॉपआउट में कमी आए। योजना के प्रभावी अनुश्रवण एवं क्रियान्वयन के लिए डायट, लखीसराय के प्राचार्य को नोडल पदाधिकारी नामित करने का निर्देश दिया गया।

कक्षा एक में नामांकित बच्चों को विद्यालयी वातावरण से सहज रूप से जोड़ने के लिए सभी प्राथमिक विद्यालयों में ‘चहक’ मॉड्यूल आधारित गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया। बच्चों की नियमित उपस्थिति के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए टोला सेवकों को इस कार्य में अधिकृत करने का निर्देश दिया गया।

भाषा एवं गणित की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के लिए डायट, लखीसराय में आयोजित पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के दौरान कक्षा संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराने पर जोर दिया गया, ताकि प्रशिक्षण के बाद शिक्षक कक्षा-कक्ष में सीखी गई तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर सकें।

डीएम ने शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विद्यालयों का नियमित अनुश्रवण एवं भ्रमण कर शिक्षकों को आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन देने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार के लिए सतत निगरानी को आवश्यक बताया।

बैठक में उप विकास आयुक्त  सुमित कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी  यदुवंश राम, जिला कल्याण पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, डायट प्राचार्य सहित शिक्षा विभाग एवं संबंधित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर पंचायतों में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा इलाका

लखीसराय। भारत सरकार के “हर घर तिरंगा- अभियान के तहत जिला प्रशासन, लखीसराय के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी, झंडा वितरण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आमजनों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करना तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराने के लिए लोगों को प्रेरित करना है।

इसी क्रम में हलसी, सूर्यगढ़ा, रामगढ़ चौक, लखीसराय सहित अन्य प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। बिल्लो, अमहरा, बालगुदर तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय महेशपुर सहित अन्य स्थानों पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, मुखिया, प्रखंड एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों तथा छात्र-छात्राओं की सहभागिता से उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी निकाली गई।

तिरंगा यात्रा के दौरान छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को “हर घर तिरंगा” अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूक किया गया। विभिन्न स्थानों पर आमजनों के बीच तिरंगे का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा एवं सम्मान तथा “हर घर तिरंगा” अभियान की भावना के संबंध में लोगों को जानकारी दी गई। प्रखंड विकास पदाधिकारियों, विद्यालयी बच्चों एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से आयोजित कार्यक्रमों में खासा उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं में अभियान को लेकर उत्साह रहा और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा।