नोडल कॉलेज में गांधी व शास्त्री जयंती पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य आयोजन: स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा का लिया संकल्प
प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के मार्गदर्शन में NSS व NCC कैडेट्स ने चलाया विशेष सफाई अभियान
पं. दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य (अग्रणी) महाविद्यालय, सागर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विविध रचनात्मक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा पूज्य बापू एवं शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
गांधीवादी दर्शन समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार: प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता ने कहा कि पूज्य बापू और शास्त्री जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और निष्काम सेवा के संकल्प को अपने दैनिक आचरण में ढालकर सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।
NSS व NCC कैडेट्स ने किया श्रमदान, भजनों से गुंजायमान हुआ परिसर
अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं एनसीसी (NCC) कैडेट्स ने लेफ्टिनेंट कीर्ति रैकवार के कुशल निर्देशन में महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इसके उपरांत अंजलि प्रजापति व उनकी टीम द्वारा “वैष्णव जन तो तेने कहिये” तथा एनसीसी कैडेट खुशी राय द्वारा “साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल” जैसे मनमोहक भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई। इस दौरान ‘गांधी जी के सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताओं का भी सफल आयोजन हुआ।
स्वच्छता व सामाजिक समरसता की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमर कुमार जैन ने उपस्थित समस्त प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और निस्वार्थ समाज सेवा की शपथ दिलाई। महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. संदीप सबलोक ने बताया कि प्राचार्य डॉ. सरोज गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं में गांधीवादी मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों का बीजारोपण करना है।
इस गरिमामय आयोजन में डॉ. गोपा जैन, डॉ. विनय शर्मा, डॉ. इमराना सिद्दीकी, डॉ. संगीता कुम्हारे, डॉ. प्रतिभा जैन, डॉ. शैलेंद्र राजपूत, डॉ. अवधेश प्रताप सिंह, डॉ. सुरेन्द्र यादव, डॉ. राहुल बर्दिया, डॉ. प्रज्ञा दुबे, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, डॉ. संतोष सेन, डॉ. दयाराम राजपूत सहित समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
#jansamparkMP #sagar
1 views | Sagar, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026