सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का शुभारंभ
सागर 02 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण सहित “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम का शुभारंभ आज बिहारीपुरा पंचायत के गढ़ोंली खुर्द ग्राम में किया गया। विधायक श्री प्रदीप लारिया द्वारा सेवा सम्मान सहभागिता के मूल उद्देश्य को लेकर कार्यक्रम में सभी विभागों के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री लारिया द्वारा 01 करोड़ 67 लाख 88 हजार रुपए के विभिन्न 17 निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर आमजन को समर्पित किया गया। पंचायत बिहारीपुरा के सभी ग्रामों में नवनिर्मित 05 नवीन आंगनबाड़ी को लोकार्पित करते हुए कहा कि ऐसा पहली बार हुआ है जब एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए सभी ग्रामीणगण को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। पंचायत में आय बढ़ाने हेतु क्षेत्र में बनने वाली नवीन कॉलोनी के कॉलोनाइजर से सड़क-पानी सहित विभिन्न शासकीय निर्माण कार्यों में मदद लेने का आह्वान भी किया।
सरपंच श्री अरविंद घोषी द्वारा विभिन्न निर्माण कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जन्म दिवस एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जन्म दिवस के अवसर पर सफाई कर्मियों को सम्मानित किया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती मनीषा नामदेव एवं रिंकी यादव सहित विभिन्न आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं, सीएचओ, एएनएम सभी को मंच से सम्मानित किया। नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवन में विधायक एवं जनप्रतिनिधियों के द्वारा पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान श्री चैन सिंह ठाकुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं महिला बाल विकास विभाग के संभागीय संयुक्त संचालक श्री बी.एल. प्रजापति, जनपद सीईओ श्री सचिन गुप्ता, बीएमओ श्री सुनील कुमार जैन, परियोजना अधिकारी श्री विजय कुमार जैन, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण सहित पर्यवेक्षक, सीएचओ, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सहित ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अधिकारी श्री विजय कुमार जैन एवं आभार पर्यवेक्षक अज़रा खान द्वारा किया गया।
#jansamparkMP #sagar