अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को मिले पीएम आवास योजना का लाभ- कलेक्टर श्री विश्वकर्मा
टीएल बैठक में की गई सीएम हेल्पलाईन, अभियानों तथा योजनाओं की समीक्षा
––––
––––
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा विभागवार सीएम हेल्पलाईन, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान सहित शासन की विभिन्न योजनाओं तथा कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि गैरतगंज, गौहरगंज तथा सिलवानी में बेहतर कार्य हुआ है। अन्य तहसीलों में भी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में गति लाई जाए। साथ ही समयसीमा से बाहर होने वाले प्रकरणों के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने तहसीलवार स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में सभी तहसीलों में बेहतर कार्य हुआ है। उन्होंने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 अंतर्गत रजिस्ट्री इनीशिएट करने में उत्कृष्ट कार्य पर तहसीलदार सुल्तानपुर श्रीमति चंचल जैन, नायब तहसीलदार औबेदुल्लागंज श्री निलेश सरवटे, राजस्व निरीक्षक तहसील गौहरगंज सुश्री शुभा मरकाम, तकनीकी सहायक तहसील सुल्तानपुर श्रीमति वर्षा वाडिवा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में और अधिक मेहनत कर कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराएं।
बैठक में कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने आवासीय पट्टा वितरण और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम तथा सीएमओ को निर्देशित किया कि आवासीय पट्टों हेतु अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से आवेदन कराते हुए स्वीकृति की कार्यवाही शीघ्रता से की जाए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि अभियान के तहत संभाग में 16000 के लगभग आवास स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 8900 आवास रायसेन जिले के नगरीय निकायों में स्वीकृत हुए हैं। जिले में कोई भी पात्र हितग्राही प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से छूटे नहीं। इसके लिए पात्रतानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना में अधिक से अधिक आवेदन कराते हुए स्वीकृति की कार्यवाही कराएं।
इसी प्रकार किसानों, मत्स्य पालकों तथा पशुपालकों को केसीसी वितरण कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने संबंधित जिला अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध अधिक से अधिक केसीसी वितरण हेतु निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य करने के साथ ही समय से पोर्टल पर जानकारी भी दर्ज कराएं। इसी प्रकार पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की जानकारी ली और समग्र सीडिंग में प्रगति लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जनपद सीईओ और सीएमओ को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लिए कहा। इसके अतिरिक्त संबल योजना के लंबित आवेदनों को निराकृत करने, नगरीय निकायों में फिश पार्लर शुरू करने, विधायक और सांसद निधि से स्वीकृत कार्यो को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा संचालित कार्यो को समयसीमा में पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जिले में खाद की उपलब्धता और वितरण तथा धान हेतु किसानों के पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने अभी तक हुए 3500 पंजीयन का सत्यापन कार्य शीघ्र कराने के निर्देश एसडीएम को दिए। इसी प्रकार सेवा संकल्प अभियान और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों के संबंध में भी दिशा-निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा, ग्रामीण सड़क योजना, जल संसाधन, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यो की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, डिप्टी कलेक्टर्स तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद सीईओ, सीएमओ तथा खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Bhopal Commissioner Collector Office Raisen