कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उदयपुरा में शासकीय सांदीपनि विद्यालय का किया निरीक्षण
विद्यार्थियों से किया संवाद, साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया
––––
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा उदयपुरा में शासकीय सांदीपनि विद्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विद्यालय में कक्षावार विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, गत वर्ष का परीक्षा परिणाम आदि के संबंध में प्राचार्य और शिक्षकों से जानकारी ली। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों से भी संवाद कर अध्यापन संबंधी जानकारी ली।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों से टीवी देखने की अवधि, पढ़ाई के लिए प्रतिदिन निर्धारित समय और खेलकूद के बारे में संवाद किया। साथ ही विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी चर्चा की।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों से कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि आगे बैठने वाला विद्यार्थी ही अपने लक्ष्य को प्राप्त करे, पीछे बैठने वाला विद्यार्थी भी मेहनत और लगन के बल पर जीवन में बहुत आगे पहुंच सकता है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भौतिक विज्ञान में न्यूटन के गति के नियमों को दैनिक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से समझाया। इसके उपरांत कलेक्टर श्री विश्वकर्मा, एसपी श्री गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।
#Raisen