भिंड: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, पथराव के बाद छत से ताबड़तोड़ फायरिंग; दोनों पक्षों के 8 लोग घायल
मध्य प्रदेश के भिंड जिले अंतर्गत उमरी थाना क्षेत्र के खरिका गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया और एक पक्ष के लोगों ने छत पर चढ़कर आधा दर्जन से अधिक राउंड हवाई व सीधी फायरिंग कर दी, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
गोलीबारी और पथराव में 8 लोग घायल
इस भीषण मारपीट, पथराव और गोलीबारी की घटना में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, घटना में एक पक्ष के 6 लोग तथा दूसरे पक्ष के 2 लोग चोटिल और घायल हुए हैं।
अस्पताल में भर्ती, गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। खूनी संघर्ष और गोलाबारी के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Oct 4, 2026