
#सेवा_सेतु_अभियान के तहत 3 एवं 4 अक्टूबर को जिले में शिविर आयोजित होंगे
शिविर में मौके पर ही हितग्राहियों को मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं
म ध्यप्रदेश शासन, राजस्व विभाग मंत्रालय वल्लभ भवन भोपाल के निर्देशानुसार नागरिकों को संवेदनशील, उत्तरदायी एवं समयबद्ध लोक सेवाएं सीधे उनके गांव एवं वार्ड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में ‘‘सेवा-सेतु अभियान सरकार आपके द्वार’’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान व्यापक ‘‘सेवा संकल्प अभियान’’ 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 का केन्द्रीय घटक है।
अभियान के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला मुख्य नोडल अधिकारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे को बनाया गया है। नगरीय क्षेत्र के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिए संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारी, समस्त जनपद पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है।
ग्रामीण क्षेत्र के समस्त विकासखण्डों में 3 अक्टूबर 2026, शनिवार को प्रातः 11 बजे से शाम 04 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। गुना विकासखण्ड में जिज्जी की पंचायत, बमोरी में जनपद पंचायत बमोरी के सभा कक्ष, चाचौड़ा में जनपद पंचायत चाचौड़ा के सभा कक्ष, राघौगढ़ में ग्राम पंचायत आवन तथा आरोन में जनपद पंचायत परिसर में शिविर आयोजित होगा। शिविरों के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शिविर प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
इसी प्रकार शहरी क्षेत्र की समस्त नगर पालिका एवं नगर परिषदों में 4 अक्टूबर 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। गुना में नगर पालिका परिषद प्रांगण, चांचौड़ा में कम्युनिटी हॉल चांचौड़ा, कुंभराज में नगर परिषद प्रांगण, मकसूदनगढ़ में नगर परिषद प्रांगण, राघौगढ़ में नगर पालिका परिषद तथा आरोन में जनपद पंचायत सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविरों में विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रत्येक शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए न्यूनतम 25 सुसज्जित स्टॉल लगाए जाएंगे। आवेदकों एवं हितग्राहियों के पंजीयन के लिए अलग से 3 काउंटर/स्टॉल बनाए जाएंगे, जहां दक्ष कम्प्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती की जाएगी।
शिविरों में रहेंगी आवश्यक सुविधाएं
स्थानीय निकायों द्वारा शिविर स्थल पर मंच, लाउडस्पीकर/साउंड सिस्टम, पेयजल, छाया, बायो टॉयलेट, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, कम्प्यूटर एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अंतर-विभागीय समन्वय के लिए राजस्व विभाग नोडल की भूमिका निभाएगा। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे तथा शासन की फ्लैगशिप एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही उपलब्ध कराएंगे।
शिविर में प्राप्त आवेदनों, मौके पर स्वीकृत प्रकरणों एवं लाभान्वित हितग्राहियों की प्रतिदिन की जानकारी अधिकृत राज्य पोर्टल पर प्रतिदिन शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से दर्ज की जाएगी। पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराने की जिम्मेदारी संबंधित विकासखंड स्तरीय नोडल अधिकारी की होगी। संबंधित विभाग अपने विभाग से संबंधित आवश्यक डाटा नोडल अधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले शिविरों की तिथि एवं स्थान की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार समाचार पत्रों, मुनादी, कोटवारों द्वारा उद्घोषणा, सोशल मीडिया एवं लाउडस्पीकर के माध्यम से किया जाएगा। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अभियान के संबंध में जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner