#गुना - प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन के विरुद्ध नगर पालिका की छापामार कार्रवाई
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देश एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शैलेश अवस्थी के आदेशानुसार नगर पालिका की टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन के विरुद्ध छापामार कार्रवाई की गई।
स्वच्छता निरीक्षक श्री विवेक श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा सदर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान गुंठीलाल फूलचंद जैन की गोदाम, जो अशोक वस्त्रालय के नीचे स्थित है, में प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन का भंडारण पाया गया। कार्रवाई के दौरान लगभग 15 क्विंटल प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन जप्त की गई, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 3 लाख रुपये है। प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन का विक्रय एवं उपयोग किए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध 5 हजार रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री शैलेश अवस्थी ने शहर के सभी दुकानदारों से अपील की है कि प्रतिबंधित अमानक पॉलीथिन के स्थान पर बायोडिग्रेडेबल थैलियों (मक्के से निर्मित) सहित अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें। इससे नगर की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मवेशियों के स्वास्थ्य की भी रक्षा की जा सकेगी।
कार्रवाई को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहायक यंत्री श्री सुनील जैन, श्री अमित त्यागी, उपयंत्री श्री नितिन चंदेल, श्री रामवीर शर्मा सहित नगर पालिका टीम का विशेष सहयोग रहा।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh CMO Municipal Council Guna
1 views | Guna, Madhya Pradesh | Sep 30, 2026