
#गुना - नन्हे दिलों की सेहत का संकल्प, 89 बच्चों की इको जांच, 32 को मिलेगा निःशुल्क सर्जरी का लाभ
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में विश्व हृदय दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय के डीईआईसी में अरविंदो मेडिकल कॉलेज इंदौर के सहयोग से निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं निदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ सीएमएचओ डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर द्वारा मां सरस्वती का माल्यार्पण कर किया गया।
शिविर में अरविंदो मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रशांत अग्रवाल द्वारा 89 बच्चों की इको जांच की गई। जांच में 32 बच्चों को हृदय सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया, जबकि 23 बच्चों को 3 से 6 माह के मेडिकल मैनेजमेंट पर रखा गया। गंभीर स्थिति वाले 3 बच्चों को उच्च चिकित्सा संस्थान एसआरसीसी मुंबई रेफर किया गया।
पूर्व में हृदय सर्जरी करा चुके 18 बच्चों का फॉलोअप भी किया गया। 10 बच्चे इको जांच नॉर्मल पाए गए। सर्जरी के लिए चिन्हित 32 बच्चों का ऑपरेशन शीघ्र ही अरविंदो मेडिकल कॉलेज इंदौर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत निःशुल्क कराया जाएगा।
जिला शीघ्र हस्तक्षेप प्रबंधक श्रीमती विनीता सोनी ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है, ताकि जरूरतमंद बच्चों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
शिविर में अरविंदो मेडिकल कॉलेज से श्री बी.एस. राणा एवं श्री सतीश मंडलोई तथा आरबीएसके टीम से डॉ. निकिता सोनी, डॉ. अरुणा रघुवंशी, डॉ. प्रीति पांडे, डॉ. शबीना खान, डॉ. प्रमिला रघुवंशी, डॉ. रवि सोनी एवं डॉ. नीरज रघुवंशी सहित डीईआईसी स्टाफ प्रीति श्रीवास्तव, दीपक दुबे, दीपचंद सैनी एवं वंदना घानोरे का विशेष योगदान रहा।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh