शिवराजपुर चौराहे पर भीषण सड़क हादसा, बुलेट-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत
शंकरगढ़, प्रयागराज। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश सोमवार को शिवराजपुर चौराहे पर हादसे का कारण बन गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-35 पर बुलेट और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुलेट सवार लोहगरा की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार बारा की तरफ से आ रहा था। शिवराजपुर चौराहे के पास फोर व्हीलर वाहन को ओवरटेक कर आगे निकलने के प्रयास में दोनों बाइक आमने-सामने आ गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर घायल पड़े दोनों चालकों को स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद पहुंचाई। सूचना मिलते ही सहायक पुलिस आयुक्त बारा वेदव्यास मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
Bara, Allahabad | Sep 28, 2026