बारा तहसील में एक अक्टूबर को जुटेंगे किसान, समस्याओं को लेकर होगी किसान पंचायत
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को पंचायत में बुलाने की मांग
बारा, प्रयागराज। किसानों की विभिन्न समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों के समाधान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की ओर से एक अक्टूबर को बारा तहसील परिसर में किसान पंचायत का आयोजन किया जाएगा। किसान पंचायत सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चलेगी। पंचायत के आयोजन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी बारा को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग की है।
किसान पंचायत भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के मंडल अध्यक्ष बबलू दुबे और जिलाध्यक्ष शनी शुक्ला के नेतृत्व में आयोजित की जाएगी। युवा मोर्चा के वरिष्ठ मंडल उपाध्यक्ष दीपक तिवारी, जिला महासचिव अंकुश शुक्ला तथा यमुनापार उपाध्यक्ष बबलू सिंह बड़गड़ी समेत संगठन के पदाधिकारी पंचायत की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
संगठन के पदाधिकारियों के मुताबिक किसान पंचायत में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसान पहुंचकर अपनी समस्याएं रखेंगे। किसानों से जुड़े मुद्दों के साथ क्षेत्र की सड़क, बिजली, सिंचाई, राजस्व, पुलिस, खनन, प्रदूषण, स्वास्थ्य और वन विभाग से संबंधित समस्याओं को भी अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त यमुनानगर, एलआईयू, एसडीएम बारा, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी बारा, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और खनन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से किसान पंचायत में उपस्थित रहने की अपील की गई है।
किसान संगठन ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के सामने सीधे रखना और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग करना है। आयोजकों ने क्षेत्र के किसानों के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों से निर्धारित समय पर तहसील परिसर पहुंचकर किसान पंचायत में सहभागिता करने का आह्वान किया है।
यूनाइटेड भारत बारा
Bara, Allahabad | Sep 29, 2026