कायाकल्प योजनाओं की तकनीकी व प्रशासनिक स्वीकृति जल्द करें पूरी
जहानाबाद : कायाकल्प योजना के तहत प्रस्तावित योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक हुई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि कायाकल्प योजना के पोर्टल पर दर्ज सभी योजनाओं की तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया जल्द पूरी कर कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने 29 सितंबर को विकास आयुक्त, बिहार सरकार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में विद्यालयों के रंग-रोगन व जीर्णोद्धार, अस्पताल एवं अन्य स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सरकारी और सामुदायिक भवनों के कायाकल्प से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार प्राथमिकता तय कर योजनाओं को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों से संबंधित कार्यों के लिए प्रधानाध्यापकों एवं संबंधित समितियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा और आवश्यक अनुमोदन लेने को कहा गया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर योजनाओं की सूची पर विचार एवं अनुमोदन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत स्तर पर होने वाली ग्राम सभाओं में कायाकल्प से संबंधित योजनाओं का अनुमोदन कराने को भी कहा गया। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने और योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, कायाकल्प योजना से जुड़े जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी बीडीओ, कार्यक्रम पदाधिकारी, वीबी-जी राम जी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।