जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
जहानाबाद : जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 के तहत गुरुवार को विभिन्न खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स, रग्बी, वॉलीबॉल, खो-खो, हैंडबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन और भारोत्तोलन में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। गांधी मैदान, इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम तथा खेल भवन-सह-व्यायामशाला में प्रतियोगिताएं हुईं। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
एथलेटिक्स अंडर-17 में बालक 800 मीटर दौड़ में गौतम कुमार प्रथम, रिंकी राज द्वितीय और आयुष कुमार तृतीय रहे। 400 मीटर में रिकी राज प्रथम, विमलेश कुमार द्वितीय और आदर्श कुमार तृतीय रहे। बालिका 400 मीटर में स्नेहा कुमारी प्रथम, रागनी कुमारी द्वितीय और सलोनी कुमारी तृतीय रहीं। 800 मीटर में खुशबू कुमारी प्रथम, सिनो कुमारी द्वितीय और डॉली कुमारी तृतीय रहीं।
1500 मीटर बालक वर्ग में रविश कुमार, अंकित कुमार और आदित्य कुमार क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। बालिका वर्ग में डॉली कुमारी प्रथम, संतोषी कुमारी द्वितीय और पीहु कुमारी तृतीय रहीं। बालिका 3000 मीटर में शांति कुमारी प्रथम रहीं। बालक वर्ग में रहिश राज प्रथम, दीपु कुमार द्वितीय और नीरज कुमार तृतीय रहे। डिस्कस थ्रो में स्वीटी प्रथम, शिवांगी कुमारी द्वितीय और अमृता कुमारी तृतीय रहीं।
हैंडबॉल के अंडर-14 बालक वर्ग में पीपीएम स्कूल विजेता और उत्क्रमित मध्य विद्यालय सम्मत बिगहा उपविजेता रहा। अंडर-17 में पीपीएम स्कूल विजेता तथा द विंग्स फाउंडेशन एकेडमी उपविजेता रही। खो-खो अंडर-17 बालक वर्ग में उच्च विद्यालय बौरी, हुलासगंज और बालिका वर्ग में जीआइवीके सिकरिया विजेता बना।
रग्बी अंडर-14 बालक वर्ग में पंडुई विद्यालय प्रथम और अमैन विद्यालय द्वितीय रहा। अंडर-19 बालिका वर्ग में शकुराबाद विद्यालय प्रथम रहा। वॉलीबॉल अंडर-17 बालक वर्ग में उच्च विद्यालय बाजारटाली तथा अंडर-19 में उच्च माध्यमिक विद्यालय बाजारटाली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन अंडर-14 बालक वर्ग में शौर्य राज प्रथम और बालिका वर्ग में अनामिका कुमारी प्रथम रहीं। भारोत्तोलन अंडर-19 बालिका वर्ग में पीएम श्री विद्यालय सागरपुर तथा अंडर-17 में एएनआर विद्यालय जहानाबाद विजेता रहा। कबड्डी के अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में एमएस बौरी विजेता रहा।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल मैदानों पर खिलाड़ियों में उत्साह और उमंग देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे की प्रतियोगिताओं के लिए अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है