पीढ़ियों के अनुभव से जुड़ी नई पीढ़ी, वृद्धजन दिवस पर सम्मान और अपनत्व का संगम
जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को बुनियाद केंद्र, जहानाबाद में जिला प्रशासन एवं जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के संयुक्त तत्वावधान में अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के बीच संवाद, सम्मान और अपनत्व का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों के मार्च पास्ट से हुई। सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने डीएम को पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद डीएम ने वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के साथ केक काटकर वृद्धजन दिवस मनाया।
इस वर्ष की थीम 'अंतर-पीढ़ीगत बंधन' के अनुरूप बच्चों ने वरिष्ठ नागरिकों को संदेश, चित्र और हस्तनिर्मित कार्ड भेंट किए। वहीं वरिष्ठजनों ने बच्चों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा कर उन्हें सीख और प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक मोहम्मद मुमताज अहमद, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक डॉ. उदय शंकर मिश्रा, सेवानिवृत्त प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण शर्मा, प्रोफेसर डॉ. सत्येंद्र कुमार, रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव राजकिशोर प्रसाद, वरिष्ठ नागरिक संघ के सचिव उमेश प्रसाद और जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिवक्ता रमेश प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मुरलीधर इंटर विद्यालय, राज्य संपोषित बालिका इंटर विद्यालय, कायनात इंटरनेशनल स्कूल काको और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की स्काउट एवं गाइड इकाइयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब नेशनल बैंक के वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता अभय कुमार द्विवेदी ने वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित वित्तीय लेन-देन और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। स्वास्थ्य जांच शिविर में रक्तचाप, रक्त शर्करा समेत सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया।
अंत में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, देखभाल और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव और ज्ञान समाज की अमूल्य धरोहर है। उनके प्रति सम्मान और सहयोग परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।