Public App Logo
Profile Picture

राजेश कुमार

@rajeshkumar91997945
3185Followers
1Following
सावन के तीसरे रविवार को सिद्धनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
मखदुमपुर। वाणावर पहाड़ की मनोरम वादियों में स्थित ऐतिहासिक बाबा सिद्धनाथ मंदिर सावन के तीसरे रविवार को श्रद्धालुओं की आस्था से सराबोर रहा। सुबह से ही मंदिर परिसर और पहाड़ी क्षेत्र में भक्तों की भारी भीड़ जुटती रही। विभिन्न जिलों से पहुंचे 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं के पहुंचने से पूरा वाणावर क्षेत्र बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। भक्त पहाड़ के प्राकृतिक जलस्रोतों में स्नान करने के बाद पहाड़ी मार्ग से मंदिर पहुंचे। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर लगाए गए अर्घा सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं ने बाबा पर जल अर्पित किया। जलाभिषेक करने वालों में महिलाओं की संख्या भी काफी रही।
श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पहाड़ी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। अधिकारी भी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते नजर आए। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।
मंदिर प्रबंधक भानु प्रताप उर्फ गुड्डू बाबा ने बताया कि सावन के तीसरे रविवार को 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा सिद्धनाथ के दरबार में पहुंचकर जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि सावन के तीसरे सोमवार को इससे भी अधिक भीड़ जुटने की संभावना है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से जलाभिषेक करने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा। मंदिर प्रबंधक के अनुसार प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह लंगर लगाए गए। यहां भक्तों को निशुल्क भोजन और प्रसाद वितरित किया गया। पूरे दिन वाणावर पहाड़ पर भक्ति और सेवा का माहौल बना रहा।
हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
 जहानाबाद। घोषी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में संतोष राम एवं उपेंद्र राम (47 वर्ष), दोनों पिता स्व. रामकिशन राम, ग्राम माधोपुर मठ, थाना घोषी, जिला जहानाबाद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों के विरुद्ध घोषी थाना कांड संख्या 417/26, दिनांक 15 अगस्त 2026 के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों से आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है
80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन
जहानाबाद।
आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को जहानाबाद के गांधी मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के माननीय प्रभारी मंत्री श्री मोहम्मद जमा खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के साथ पूरा गांधी मैदान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो उठा।
इस अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री ने परेड का निरीक्षण किया तथा परेड की सलामी ली। समारोह में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद सहित माननीय जनप्रतिनिधिगण, वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तथा बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और राष्ट्रीय एकता का संदेश लोगों के बीच पहुंचा। पूरे आयोजन में देशभक्ति एवं उत्साह का माहौल बना रहा।
दो NBW वारंटी गिरफ्तार
जहानाबाद। टेहटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो NBW वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में कृष्णा चौहान (70) पिता स्व. कारा चौहान तथा धर्मेन्द्र चौहान (35) पिता कृष्णा चौहान, दोनों निवासी बगवार टोला बेल्दारी, थाना मखदुमपुर, जिला जहानाबाद शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अग्रतर कार्रवाई शुरू कर दी है।
हत्या के प्रयास मामले में 70 वर्षीय आरोपित गिरफ्तार
जहानाबाद।
हत्या के प्रयास के मामले में टेहटा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान श्रवण प्रसाद (70 वर्ष), पिता स्व. हरि यादव, निवासी धीरा विगहा, थाना टेहटा, जिला जहानाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित टेहटा थाना कांड संख्या 639/26 में नामजद अभियुक्त है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
80वें स्वतंत्रता दिवस पर डीएम ने जिलेवासियों को दी शुभकामनाएं
80वें स्वतंत्रता दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया ने समस्त जहानाबादवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
जिला पदाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों एवं वीर बलिदानियों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने का अवसर है।
उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि इस राष्ट्रीय पर्व पर हम सभी राष्ट्र की एकता एवं अखंडता, संविधान के मूल्यों और अपने नागरिक कर्तव्यों के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प लें। साथ ही देश और समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
Video 6
Video 7
जनता दरबार में एसपी किरण कुमार ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जहानाबाद: पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद किरण कुमार की ओर से आयोजित जनता दरबार में शुक्रवार को बड़ी संख्या में आमजन अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने सभी लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। एसपी ने शिकायतकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का नियमानुसार एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायत सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने का निर्देश दिया।
रेलवे अंडरपास में जलजमाव के स्थायी समाधान को लेकर डीएम ने किया स्थल निरीक्षण; जल निकासी और अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
 जहानाबाद। राजा बाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण एवं जल निकासी संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रेलवे अंडरपास के नाले में जगह-जगह बने चेक वॉल की उड़ाही और समुचित साफ-सफाई कराने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि जब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक मोटर के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो।
डीएम ने राजा बाजार रेलवे अंडरपास के समीप जाम की समस्या का भी जायजा लिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजनों को जाम से राहत दिलाने के लिए नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एनएच-110 जहानाबाद-अरवल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के समीप निर्मित नाली को आवश्यकतानुसार चौड़ा करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया गया। इससे नाली की जल निकासी क्षमता बढ़ाने के साथ पानी का निर्बाध बहाव सुनिश्चित किया जा सकेगा।
डीएम ने पथ निर्माण विभाग एवं बुडको के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला निर्माण, उड़ाही एवं साफ-सफाई के बाद भी यदि जलजमाव की समस्या बनी रहती है, तो तकनीकी पहलुओं का आकलन कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जहानाबाद, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, कार्यपालक अभियंता बुडको, कार्यपालक अभियंता एनएच-110 सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं सहायक अभियंता मौजूद रहे।
जहानाबाद,मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान पर भड़के कांग्रेसी, केंद्र सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरे,
कुर्की वारंटी के अभियुक्त मुनारिक मांझी गिरफ्तार
काको थाना पुलिस द्वारा न्यायालय से प्राप्त कुर्की वारंटी के आधार पर अभियुक्त मुनारिक मांझी, पे0 स्व0 चमारी मांझी, ग्राम-काको मुसहरी, थाना-काको, जिला-जहानाबाद को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हत्या के प्रयास के मामले में आरोपित गिरफ्तार
जहानाबाद: भेलावर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भेलावर थाना क्षेत्र के पिंजौरा गांव निवासी मनु यादव (36), पिता राजेन्द्र यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, भेलावर थाना कांड संख्या 311/26, दिनांक 15 जुलाई 2026 के मामले में मनु यादव नामजद अभियुक्त था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।
दो स्थायी वारंटी गिरफ्तार
जहानाबाद: ओकरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुदामा प्रसाद उर्फ सुदामा यादव (58 वर्ष), पिता स्व. शिव प्रसाद उर्फ शिव यादव तथा छोटे कुमार (33 वर्ष), पिता सुदामा प्रसाद उर्फ सुदामा यादव, दोनों निवासी अरहिट, थाना घोषी (ओकरी), जिला जहानाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध न्यायालय से स्थायी वारंट निर्गत था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जहानाबाद में अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद का अभियान, जेसीबी से हटाई गईं दुकानें
 जहानाबाद: शहर में नगर परिषद द्वारा शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण कर लगाई गई दुकानों को जेसीबी की मदद से हटाया गया।
अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों के बीच अफरातफरी का माहौल रहा। नगर परिषद के अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद की ओर से अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए सार्वजनिक स्थानों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
शराब निर्माण व बिक्री के आरोप में दो प्राथमिकी अभियुक्त गिरफ्तार
काको थाना पुलिस ने शराब निर्माण एवं बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सैदपुर गांव निवासी रामजतन मांझी (45), पिता शनिचर मांझी तथा वीरेंद्र मांझी (29), पिता कुलु मांझी के रूप में हुई है। दोनों काको थाना कांड संख्या-332/26 के प्राथमिकी अभियुक्त हैं।
पुलिस के अनुसार, दोनों पर शराब के निर्माण एवं बिक्री में संलिप्त रहने का आरोप है। मामले में दोनों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शराब के अवैध निर्माण, बिक्री एवं कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
अवैध शराब के खिलाफ जहानाबाद पुलिस की कार्रवाई, 02 गिरफ्तार
जहानाबाद,अवैध शराब निर्माण, भंडारण, सेवन एवं परिवहन पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु जहानाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
दिनांक 13 अगस्त 2026 को परसबिगहा थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल से 750 एमएल विदेशी शराब बरामद एवं जब्त की गई। इस मामले में 02 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
जनता दरबार में एसपी ने सुनीं आमजनों की समस्याएं
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार की ओर से आयोजित जनता दरबार में गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनी गईं। जनता दरबार में लोग अपनी विभिन्न समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे थे।
एसपी ने सभी फरियादियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों को आमजनों की शिकायतों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर फुल ड्रेस परेड रिहर्सल, डीएम-एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
जहानाबाद। आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर गुरुवार को गांधी मैदान में फुल ड्रेस परेड रिहर्सल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद ने संयुक्त रूप से परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया और समारोह की तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान विभिन्न पुलिस प्लाटूनों के प्रदर्शन, मार्च-पास्ट, अनुशासन एवं परेड की समग्र तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जवानों के कदमताल, वेशभूषा, अनुशासन और परेड की निर्धारित प्रक्रिया का अवलोकन किया। रिहर्सल के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाना है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परेड एवं अन्य सभी तैयारियों को समय रहते अंतिम रूप देने का निर्देश दिया गया।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह को सुरक्षित, अनुशासित, भव्य एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समारोह स्थल पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत डाक विभाग ने डीएम एवं एसपी को भेंट किया तिरंगा
 जहानाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को डाक विभाग की ओर से जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार को तिरंगा भेंट किया गया। डाक सहायक जहानाबाद अभय कुमार ने दोनों अधिकारियों को उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया।
डाक विभाग के प्रतिनिधि ने बताया कि हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से तिरंगे का वितरण किया जा रहा है। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भी अभियान को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। इससे लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया जा सकेगा।
डाक विभाग की ओर से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे अपने नजदीकी डाकघर से उचित दर पर तिरंगा प्राप्त करें और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे सम्मान के साथ अपने घर एवं प्रतिष्ठान पर फहराएं। साथ ही हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग का विशेष अभियान, 10 टीमों ने संभाला मोर्चा
जहानाबाद। बिहार सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक निश्शुल्क बिजली का लाभ दिए जाने के बावजूद जिले में बिजली चोरी के मामले सामने आ रहे हैं। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाया राशि की वसूली को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर विद्युत विभाग ने विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान तेज कर दिया है।
विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, जहानाबाद के विद्युत कार्यपालक अभियंता ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिले में 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया है। ये टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जांच और छापेमारी कर रही हैं। अभियान के तहत अगस्त माह में 11 अगस्त तक बिजली चोरी के मामले में 37 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन मामलों में कुल 11 लाख 1 हजार 549 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
धान की रोपनी के दौरान कृषि कार्य के लिए कुछ स्थानों पर चाइनीज तार के माध्यम से अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले भी सामने आए हैं। इसके अलावा ऑटोमैटिक स्टार्टर के इस्तेमाल से मोटर लगातार चलते रहने के कारण विद्युत भार बढ़ने की समस्या भी सामने आ रही है। कृषि कार्य के लिए अवैध रूप से मोटर चलाने के मामले में इस माह 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
बकायेदार उपभोक्ताओं के विरुद्ध भी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। अगस्त माह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 277 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत संबंध विच्छेदित किए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि कनेक्शन काटे जाने के बाद बिना बकाया राशि जमा किए अथवा नियमानुसार विद्युत संबंध बहाल कराए बिना बिजली का उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत विभाग ने जिलेवासियों से बिजली चोरी से बचने, अवैध कनेक्शन और असुरक्षित तारों का इस्तेमाल नहीं करने तथा बकाया राशि का समय पर भुगतान करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि बिजली चोरी दंडनीय अपराध होने के साथ-साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति में भी बाधा उत्पन्न करती है।
सावन महोत्सव एवं स्वतंत्रता दिवस पूर्व प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने बिखेरी चमक।
स्थानीय स्वामी सहजानंद महाविद्यालय, जहानाबाद में सावन महोत्सव तथा स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभावना से ओतप्रोत प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इन आयोजनों से महाविद्यालय परिसर में लोक संस्कृति, कला, प्रकृति, देशभक्ति और रचनात्मक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे परिसर को उमंग और उल्लास से भर दिया।
सावन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। नृत्य प्रतियोगिता में निर्मला कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी मनोहारी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। गायन प्रतियोगिता में रौशन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अपनी सुमधुर एवं प्रभावशाली गायन प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में अर्पणा कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी कलात्मक दक्षता, कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
सावन महोत्सव ने विद्यार्थियों को भारतीय लोक संस्कृति, प्रकृति और पारंपरिक जीवन-मूल्यों के प्रति अपने अनुराग को रचनात्मक रूप में अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से महाविद्यालय परिसर में सावन की हरियाली, लोक परंपराओं और भारतीय संस्कृति की मनोहारी छटा देखने को मिली।
इसी क्रम में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित भाषण एवं नारा लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता के महत्व, नागरिक दायित्वों तथा देश के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी भावनाओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। भाषण प्रतियोगिता में चंचल कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपने प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से स्वतंत्रता के मूल्यों, नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में सोनम कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी सृजनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, स्वतंत्रता के सम्मान और देश के उज्ज्वल भविष्य की भावना को प्रभावशाली शब्दों में प्रस्तुत किया। उनकी रचनात्मक प्रस्तुति ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और प्रबल किया।
महाविद्यालय में आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी बहुआयामी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना, उनमें आत्मविश्वास और सृजनात्मकता का विकास करना तथा उन्हें भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभावना से जोड़ना रहा। इन आयोजनों ने यह संदेश भी दिया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, सांस्कृतिक चेतना, अभिव्यक्ति-कौशल, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय भावना के विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) दीपक कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का अवसर प्रदान किया। प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। सावन महोत्सव विद्यार्थियों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और प्रकृति से जोड़ता है, जबकि स्वतंत्रता दिवस पूर्व आयोजित प्रतियोगिताएं उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा देता रहेगा।
कार्यक्रम के अवसर पर भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्नेहा स्वरूप, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. प्रीति रानी, दर्शनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, डॉ. मनीषा प्रिया, डॉ. पूजा भारती, डॉ. स्मिति रेखा सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। शिक्षकों की गरिमापूर्ण उपस्थिति और निरंतर प्रोत्साहन ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाया तथा कार्यक्रम को विशिष्ट गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रतियोगिताओं की समन्वयक डॉ. सीमा कुमारी, डॉ. प्रीति रानी एवं डॉ. मधु सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ प्रतियोगिताओं के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित किया। आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों तथा संबंधित विभागों के शिक्षकों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य प्रो .(डॉ.) दीपक कुमार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर प्रसन्नता और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। पुरस्कार वितरण के अवसर पर महाविद्यालय के वित्तेक्षक डॉ. विनोद कुमार राय, प्रो. प्रवीण दीपक, डॉ. अंशु कुमार मल्लिक,डॉ. प्रतीक दास, डॉ. वकील राय, डॉ. अमित कुमार आदि उपस्थित रहे।
आयोजकों ने सभी विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी अपनी प्रतिभा को पहचानने, उसे निरंतर निखारने और विभिन्न मंचों पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
सावन की हरियाली, लोक संस्कृति की मधुरता, कला की सृजनात्मकता और स्वतंत्रता दिवस की राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में उत्सव और उल्लास के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना का भी संचार किया। विद्यार्थियों की सक्रिय और उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया तथा यह आयोजन महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में एक प्रेरणादायी अध्याय के रूप में दर्ज हुआ।
केस डायरी कैंपेनिंग अभियान का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक किरण कुमार द्वारा नगर एवं मखदुमपुर थाना में चलाए जा रहे केस डायरी कैंपेनिंग अभियान का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की तथा अनुसंधान की प्रगति की जानकारी ली।
एसपी ने थानाध्यक्ष एवं अनुसंधानकर्ताओं को केस डायरी का नियमित एवं अद्यतन लेखन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अनुसंधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और निर्धारित समय-सीमा में मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
सलेमपुर प्राथमिक विद्यालय की जर्जर छत का हिस्सा गिरा, बड़ा हादसा टला
हुलासगंज।
हुलासगंज प्रखंड के सलेमपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब जर्जर छत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। घटना के समय विद्यालय में छात्र और शिक्षक मौजूद थे। संयोगवश छत का मलबा सीधे बच्चों के ऊपर नहीं गिरा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, दो छात्रों और एक ग्रामीण के मामूली रूप से घायल होने की चर्चा है।
बताया जाता है कि घटना उस समय हुई, जब विद्यालय के बच्चे बरामदे में बैठकर मध्याह्न भोजन कर रहे थे। अचानक छत का हिस्सा गिरने की आवाज से विद्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई। शिक्षक और छात्र सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार विद्यालय भवन की स्थिति लंबे समय से जर्जर बनी हुई है। विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी ने भी भवन की स्थिति का जायजा लिया था। वार्ड सदस्य राकेश पांडेय और सामाजिक कार्यकर्ता संजीव कुमार ने बताया कि इससे पहले भी छत से मलबा गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि मरम्मत के नाम पर केवल औपचारिकता पूरी की गई।
छत का हिस्सा गिरने की घटना के बाद अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय भवन का तत्काल निरीक्षण कराने, जर्जर हिस्से की मरम्मत कराने और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
सरकारी विद्यालयों में 17 अगस्त तक निकलेगी तिरंगा यात्रा
जहानाबाद। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों, क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों समेत अन्य शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा-2026 महोत्सव’ के तहत विद्यालयों में तिरंगा यात्रा आयोजित करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने जिलों और प्रखंडों के विद्यालयों में यात्रा का आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि तिरंगा यात्रा और अन्य कार्यक्रमों के कारण विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
तिरंगा यात्रा में शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के पर्व को पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। इसके लिए विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी सीमाओं की रक्षा से सुरक्षित रहती है, जबकि इसकी ताकत शिक्षित और जिम्मेदार नागरिकों से बढ़ती है। इसलिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिक होने की भावना को मजबूत करने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएं।
शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि तिरंगा यात्रा सहित स्वतंत्रता दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रमों में विद्यालय परिवार के साथ स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि आजादी का पर्व जनभागीदारी के साथ मनाया जा सके।