#बालाघाट
रक्षाबंधन के मद्देनजर खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच,
मिठाई-दूध सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत दूध, पनीर, दही, खोवा, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने लिए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मोती नगर स्थित कृष्णा डेयरी का निरीक्षण कर खोवा एवं मिश्रित दूध के नमूने जांच के लिए लिए। इसी प्रकार भटेरा चौकी स्थित सीताराम स्वीट्स एंड डेली नीड्स की जांच के दौरान खोवा का नमूना लिया गया।
टीम द्वारा गर्रा स्थित परमात्मा स्वीट्स का निरीक्षण कर रसगुल्ला एवं गुलाब जामुन के नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं मोम्स बेकरी के निरीक्षण के दौरान पेड़ा एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। जांच के दौरान मोम्स बेकरी का खाद्य पंजीयन एक्सपायर पाया गया, जिस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 58 के अंतर्गत प्रकरण बनाया गया।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लिए गए सभी खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को भी खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए समझाइश दी गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच एवं नमूना लेने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेश डोंगरे एवं गीता टांडेकर उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #foodsuppliesmp
110 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026