#बालाघाट
जिला मुख्यालय एवं विकासखंड मुख्यालयों पर खेल सप्ताह के अंतर्गत खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय एवं विकासखंड मुख्यालयों पर 28 अगस्त से 30 अगस्त तक खेल सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।
अभियान के तहत ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं, खिलाड़ियों एवं नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खेल संस्कृति, शारीरिक फिटनेस, जनभागीदारी एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा ने बताया कि भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस प्रतिवर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद को ‘हॉकी का जादूगर’ कहा जाता है और उनके योगदान को स्मरण करते हुए यह दिवस खेलों एवं खिलाड़ियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर प्रदान करता है।
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर विशेष खेल सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत युवाओं को खेल नेतृत्व से जोड़ने, खेल भावना विकसित करने तथा शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न संवाद एवं खेल गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित समस्त विकासखंड मुख्यालयों के खेल एवं युवा प्रशिक्षण केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों, खेल क्लबों एवं अन्य खेल संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं एवं खिलाड़ियों ने मैराथन दौड़, कराते, फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी एवं बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं एवं खिलाड़ियों में खेल और स्वास्थ्य के प्रति उत्साह एवं जागरूकता पैदा करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभाओं का विकास करना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को फिट इंडिया अभियान से जोड़ना है।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों में युवाओं, खिलाड़ियों एवं नागरिकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
#PMOIndia #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #KheloIndiaSamvaad
19 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 28, 2026