सिंग्रामपुर के टगरा मुक्तिधाम तक पहुंचना बनी चुनौती, नदी पर पुल नहीं होने से 5 घंटे घर में रखा शव
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी, कमर तक पानी में नदी पार कर ग्रामीणों ने किया अंतिम संस्कार; तीन साल पहले जांच के बाद भी नहीं बनी पुलिया
दमोह। जिले के सिंग्रामपुर टगरा मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी पर पुल नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में अंतिम संस्कार जैसी जरूरी स्थिति में भी ग्रामीणों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। हाल ही में चौधरी परिवार में एक व्यक्ति की मौत के बाद नदी में तेज बहाव के चलते शव को करीब 5 से 6 घंटे तक घर पर रखना पड़ा।
बाद में नदी का पानी कुछ कम होने पर परिजन और ग्रामीण कमर तक पानी में नदी पार कर शव को मुक्तिधाम तक ले गए और अंतिम संस्कार किया। घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति आक्रोश है।
तीन साल पहले हुई थी जांच, करीब 40 लाख की फाइल तैयार
ग्रामीणों के अनुसार मुक्तिधाम तक सुरक्षित आवागमन के लिए नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर सामूहिक आवेदन दिया जा चुका है। करीब तीन वर्ष पहले आरईएस विभाग के अधिकारियों ने मौके पर टीम भेजकर जांच भी की थी। जांच के बाद पुल निर्माण के लिए करीब 40 लाख रुपए की लागत की फाइल तैयार किए जाने की जानकारी ग्रामीणों ने दी, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में भी नदी पार कर मुक्तिधाम तक पहुंचना मुश्किल होता है। बारिश के दौरान नदी में पानी बढ़ने पर समस्या और गंभीर हो जाती है। किसी परिवार में मृत्यु होने पर परिजनों को पहले से ही मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ता है, ऐसे में शव को मुक्तिधाम तक ले जाने के लिए नदी पार करना अतिरिक्त परेशानी बन जाता है।
ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण की मांग की
ग्रामीण जन कल्याण चौधरी, बबलू चौधरी, राजकुमार बंसल, छोटू बंसल, आशा, महेश और संजय सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से टगरा मोहल्ला स्थित मुक्तिधाम तक सुरक्षित आवागमन के लिए नदी पर जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने पुराने आवेदन और जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले को दोबारा गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
Damoh, Damoh | Aug 21, 2026