दमोह के सिंग्रामपुर में शव लेकर नदी पार करना मजबूरी, पुल न होने से अंतिम संस्कार भी चुनौती,
कमर पानी के बीच से गुजरी अंतिम यात्रा, 6 घंटे तक पानी उतरने के इंतजार में घर में ही रखा रहा शव...
दमोह जिले के सिंग्रामपुर के टगरा मोहल्ला में पुल के अभाव में ग्रामीणों को मौत के बाद भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से शव को मुक्तिधाम तक ले जाना चुनौती बन जाता है।
हाल ही में चौधरी परिवार में एक व्यक्ति की मौत के बाद तेज बहाव के चलते परिजन शव को मुक्तिधाम नहीं ले जा सके। करीब 6 घंटे तक शव घर में रखा रहा। पानी का स्तर कुछ कम होने के बाद ग्रामीणों ने कमरभर पानी में नदी पार कर अर्थी को मुक्तिधाम पहुंचाया और अंतिम संस्कार किया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पुल निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। करीब तीन साल पहले आरईएस विभाग ने मौके का निरीक्षण कर लगभग 40 लाख रुपए की लागत से पुल निर्माण की फाइल तैयार की थी, लेकिन अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश में नदी पार करना जान जोखिम में डालने जैसा है और किसी की मौत होने पर परेशानी कई गुना बढ़ जाती है।
Damoh, Damoh | Aug 21, 2026