दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति पर रक्तदान शिविर : 70 यूनिट हुआ रक्तदान
जरूरतमंदों का जीवन बचाने के साथ स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है रक्तदान : बीके रजनी
भिवानी, 24 अगस्त : स्थानीय रूद्रा कॉलोनी स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के दिव्य भवन में ब्रह्माकुमारीज की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। एम्स बाड़सा से आई विशेषज्ञ मेडिकल टीम के सहयोग से आयोजित इस शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। शिविर में 70 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर शाखा संचालिका बीके रजनी दीदी ने दादी प्रकाशमणि के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दादी अत्यंत निमित्त, निर्माण और निर्मल व्यक्तित्व की धनी थीं। उनके हृदय में समाज की प्रत्येक आत्मा के प्रति अथाह प्रेम, दया, रहम और करुणा की भावना थी। उनकी इसी पावन स्मृति को जीवंत रखने के लिए हर वर्ष विश्वविद्यालय द्वारा समाज कल्याण के कार्य किए जाते हैं। इसी अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के तहत यह रक्तदान शिविर आयोजित हुआ है। रक्तदान वह महादान है, जो जरूरतमंदों को जीवनदान देकर दुआओं का खाता तो जमा करता ही है, साथ ही स्वयं रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी है। इस मौके पर बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा उठाया गया यह कदम समाज कल्याण का एक अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिससे संकट के समय कई जरूरतमंदों की जान बच सकेगी। शतकवीर रक्तदाता राजेश डुडेजा ने कहा कि आज कई बार समय पर रक्त न मिलने के कारण गंभीर मरीजों की जान चली जाती है। ऐसे में रक्तदान सीधे तौर पर किसी को नया जीवन देने का काम करता है। इस अवसर पर हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन विजेंद्र बडग़ुजर, ज्योतिबा फुले ट्रस्ट के संस्थापक रमेश सैनी, प्रोपराइटर ऑफ नूर ज्वैलर्स रिंकू, सुशील कुमार गुप्ता, संस्कार भारती से चित्रकार शिवकुमार, पर्यावरण प्रहरी विजय सिंहमार, पार्षद विनोद चावला, पार्षद शालू अरोड़ा, मीडिया प्रभारी सुभाष गोयल, आत्मप्रकाश डुडेजा, नरेश आहुजा और विनोद छाबड़ा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में प्रमोद कुमार, एस. के. सिंह सहित बीके रितिका, बीके रूहानी, बीके सचिन, बीके सज्जन, बीके रोनित और बड़ी संख्या में बीके भाई-बहनों ने अपनी समर्पित सेवाएं दीं।