बच्चों में सांस्कृतिक चेतना जगाने पर बल
भारत विकास परिषद द्वारा भव्य समूहगान प्रतियोगिता आयोजित : वैश्य स्कूल ने मारी बाज़ी
युवा पीढ़ी में संस्कार, देशभक्ति और अपनी समृद्ध संस्कृति के प्रति गौरव की भावना जगाना जरूरी : मीनाक्षी शर्मा
भिवानी, 24 अगस्त : भारत विकास परिषद शाखा भिवानी के तत्वावधान में समूहगान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों में देशभक्ति, सांस्कृतिक मूल्यों और कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और ओजस्वी वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का पारंपरिक रूप से माला, अंगवस्त्र एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के दौरान शहर के चार प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमों ने हिंदी एवं संस्कृत भाषा में देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत कर दर्शकों व निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में हिंदी वर्ग में 4 तथा संस्कृत वर्ग में 3 टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बाद निर्णायकों सीमा परमार एवं रवींद्र नागर ने परिणाम घोषित किए। इस दौरान प्रथम स्थान पर वैश्य स्कूल, द्वितीय स्थान पर शिशु भारती स्कूल, तृतीय स्थान पर लिटिल हर्ट स्कूल रहा। वही एस डी गर्ल्स स्कूल को सांत्वना पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास सर्राफ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता संजय गुप्ता ने की। प्रांतीय पर्यवेक्षक के रूप में रामावतार तथा कार्यक्रम संयोजक के रूप में अधिवक्ता राकेश कटारिया उपस्थित रहे। मंच का सफल एवं सुचारू संचालन नवीन शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर परिषद की शाखा सचिव मीनाक्षी शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद हमेशा से युवा पीढ़ी में संस्कार, देशभक्ति और अपनी समृद्ध संस्कृति के प्रति गौरव की भावना जगाने के लिए प्रतिबद्ध रही है। आज के समूहगान कार्यक्रम में बच्चों की अद्भुत प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया कि हमारी नई पीढ़ी में कला और राष्ट्रप्रेम का बेहतरीन संगम है। वे कार्यक्रम में पधारे सभी मुख्य अतिथियों, परिषद परिवार के सदस्यों, निर्णायक मंडल, विभिन्न स्कूलों से आए बच्चों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों का हृदय से आभार व्यक्त करती है। इस मौके पर विधायक घनश्याम दास सर्राफ ने अपने संबोधन में परिषद के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक शर्मा ने उपस्थित विद्यालयों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए निरंतर प्रेरित करें। शाखा अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन गरिमामय वातावरण में राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके उपरांत सभी उपस्थितजनों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।