भाजपा की कथनी व करनी में दिनरात का अंतर:फौजी
भिवानी।
पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी ने सोमवार को बवानीखेड़ा पहुंचकर नपा के सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन किया और कहा कि विगत में भाजपा की सरकार ने सफाई कर्मचारियों की लंबित मांग पूरी करने का वायदा किया था,लेकिन अभी तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है। जिसके चलते नपा के सफाई कर्मचारियों को फिर से आंदोलन चलाना पड़ रहा है। जान बूझकर भाजपा सरकार सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं कर ही है। अब इससे यह साबित हो गया है कि भाजपा की कथनी व करनी में दिन रात का अंतर है। वे आज बवानीखेड़ा में आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को गरीब व कच्चे कर्मचारियों के हितों से कोई लेना व देना नहीं है। भाजपा की जनविरोधी नीतियों की वजह से कभी छात्रों को तो कभी किसानों को सड़कों पर आना पड़ रहा है। कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत है। उसके बावजूद भाजपा सरकार अपनी पीठ थपथपाने से नहीं थक रही। दूसरी तरह आज हर वर्ग जागरूक है। वह सरकार की असलियत जान चुका है। अब वह सरकार के बहकावे में नहीं आने वाला है। उन्होंने सरकार से अति शीघ्र नप व नपा के सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की मांग की। साथ ही सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की भी मांग की। इनके अलावा जो कर्मचारी शिविर में काम करते वक्त उसके साथ कोई हादसा हो जाता है तो उस कर्मचारी के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की जाए। ताकि उसके परिजनों अपने परिवार का पालन व पोषण कर सके।
पूर्व सीपीएस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से सफाई कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनते ही सफाई कर्मचारियों को उनका पूरा हक, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। कर्मचारियों के साथ हो रहे किसी भी अन्याय को किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और उनकी सभी लंबित व जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।