ग्राम पंचायत चौराडोंगरी में नवांकुर सखी हरियाली उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित
==========================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन एवं विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुसरे के नेतृत्व तथा नवांकुर संस्था श्री दादाजी जन जागृति एवं कल्याण समिति नागरी के अध्यक्ष श्री रघुवीर पंद्राम द्वारा विकासखंड तामिया के सेक्टर क्रमांक-05 नागरी अंतर्गत ग्राम पंचायत चौराडोंगरी में नवांकुर सखी हरियाली उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हरियाली अमावस्या के अवसर पर नवांकुर सखियों को पौधे वितरित कर उन्हें पौधरोपण, पौधों के संरक्षण एवं नियमित पालन-पोषण के लिए प्रेरित करना तथा पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से पृथ्वी को हरा-भरा बनाना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंचायत भवन से किया गया। सर्वप्रथम दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर नवांकुर सखी हरियाली यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य एवं कार्यक्रम की पृष्ठभूमि बताई गई। मानव जीवन में पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की जानकारी देते हुए स्वर्णिम मध्यप्रदेश के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके बाद उपस्थित नवांकुर सखियों का तिलक कर पौधा वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं पौधों के संवर्धन का संकल्प लिया।
नवांकुर संस्था प्रमुख श्री रघुवीर पंद्राम द्वारा पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री महेंद्र यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण भी किया गया।
मध् प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने हरियाली अमावस्या के पर्व को पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जोड़ते हुए ग्रामीण क्षेत्र में हरित जागरूकता का संदेश दिया। ग्रामीण जनों द्वारा तिरंगा यात्रा एवं रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनसमुदाय ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।
कार्यक्रम में कार्यकर्ता, परामर्शदाता श्री महेंद्र यादव, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्रीमती मोहनवती मर्सकोले, सचिव श्री नारेलाल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।