Public App Logo
उरई में एटीएम कार्ड बदलकर व्यक्ति से 40 हजार की ठगी: पीड़ित ने बैंक प्रबंधन और पुलिस से कार्रवाई की मांग की, जांच शुरू जनपद जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र में एसबीआई मुख्य शाखा के एटीएम पर गुरुवार शाम एक व्यक्ति के साथ एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये की ठगी हुई। पीड़ित ने बैंक प्रबंधन और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उरई के राजेंद्र नगर निवासी राजकुमार रुपये निकालने के लिए एसबीआई मुख्य शाखा के एटीएम पहुंचे थे। वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद शातिर ने उनके खाते से 40 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित के मुताबिक जब वह पैसे निकाल रहा था तो उस समय बैंक सर्वर की कुछ समस्या आ रही थी, इतने में पीछे खड़े एक व्यक्ति ने मदद के बहाने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदलकर एक दूसरा एसबीआई का एटीएम कार्ड पकड़ा दिया। पीड़ित राजकुमार को ठगी की जानकारी तब हुई, जब उनके मोबाइल पर बैंक से 40 हजार रुपए निकाले जाने का मैसेज आया और यह पैसे कचहरी के पास स्थित पीएनबी के एटीएम से निकाले गए थे। उन्होंने तुरंत अपना एटीएम चेक किया, तो पता चला कि उनका कार्ड बदल दिया गया है और उससे 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित ने बैंक प्रबंधन और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके। नोट: यह खबर पीड़ित के द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र और वीडियो के आधार पर तैयार की गई है। #orai #jalaun #konch #kalpi #madhaugadh #उरई #जालौन #कोंच #कालपी #माधौगढ़ - Orai News