प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा के बच्चों की अनूठी पहल, दुकानदारों व ग्रामीणों को किया जागरूक
मां जगदंबा की भक्ति के साथ धरती मां की रक्षा का भी लिया संकल्प
माधौगढ़, जालौन। नवरात्रि के पावन अवसर पर प्राथमिक विद्यालय अमखेड़ा के बच्चों ने आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक सराहनीय पहल की। प्रधानाध्यापक विपिन उपाध्याय के निर्देशन में Eco Club for Mission LiFE के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गांव में जागरूकता अभियान चलाकर दुकानदारों एवं ग्रामीण जनों को स्वच्छता, जल संरक्षण और कचरे के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने गांव की दुकानों, मंदिरों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर लगाए और लोगों से अपील की कि नवरात्रि के दौरान निकलने वाले फूल, फल, पूजा सामग्री एवं प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि उसका उचित निस्तारण करें। साथ ही दुकानदारों से अपनी दुकानों एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अनावश्यक रूप से पानी बर्बाद न करने का आग्रह किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक विपिन उपाध्याय ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों, बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ फूल-माला, फल, प्रसाद एवं प्लास्टिक से निकलने वाले कचरे की मात्रा भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए बच्चों ने स्वयं आगे बढ़कर समाज को जागरूक करने का यह नवाचार किया। इसका उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के साथ-साथ उनके माध्यम से समुदाय तक सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।
अभियान के दौरान बच्चों ने बेहद प्रभावी संदेश दिया—
“मां जगदंबा की भक्ति के साथ धरती मां की रक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है।”
बच्चों ने ग्रामीणों से अपील की कि पूजा और आस्था के साथ स्वच्छता को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखें।
विद्यालय की इस पहल ने नवरात्रि जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए बच्चों को केवल कक्षा में सीखने के बजाय समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का अवसर प्रदान किया। ग्रामीणजनों और अभिभावकों ने इस पहल की बहुत प्रशंसा की।
BSA Jalaun Official
Orai, Jalaun | Oct 13, 2026